Responsive Scrollable Menu

Hanuman Ansh Movie: 'हनुमान अंश' की टीम से मिले महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस, Video शेयर कर दी बधाई

Hanuman Ansh Movie: फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब ये कमाई में लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म की टीम से मुलाकात की। ‘हनुमान अंश’ की टीम उनसे मुंबई स्थित उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ में मिली।

गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंची फिल्म की टीम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने फिल्म की टीम के साथ हुई इस मुलाकात को लेकर एक संदेश भी लिखा।

मुख्यमंत्री ने निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। मुलाकात के दौरान टीम ने गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया।

बॉक्स ऑफिस पर लगातार जारी है फिल्म की कमाई
‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के शुरुआती दिनों में भले ही धीमी रफ्तार पकड़ी हो, लेकिन दूसरे सप्ताह से फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिली। इसके बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 43वें दिन भारत में करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 248.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

43वें दिन दुनियाभर में 316 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन
भारत के अलावा फिल्म ने विदेशी बाजारों से भी कमाई की है। 43वें दिन विदेशों से फिल्म ने करीब 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की भारत में ग्रॉस कमाई करीब 293.30 करोड़ रुपये और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 316.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है। फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित है।

फिल्म में शोभिनव सत्य और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी आजादी से पहले के भारत के एक युवा लक्ष्मी नारायण के इर्द-गिर्द घूमती है। मां की मृत्यु के बाद वह ईश्वर की तलाश में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत की यात्रा के दौरान उसके जीवन में कई महत्वपूर्ण पड़ाव आते हैं और यही सफर आगे चलकर उसे नीम करोली बाबा के रूप में पहचान दिलाता है

Continue reading on the app

PM Modi ने बांटे 51000 नियुक्ति पत्र, बोले- 40 FTAs से युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर कई मोर्चों पर काम कर रही है। उन्होंने मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए), कौशल विकास पहलों और दो करोड़ युवाओं को पहली बार औपचारिक कार्यबल में शामिल करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक लाख करोड़ रुपये की रोजगार प्रोत्साहन योजना का उल्लेख किया। ‘रोजगार मेला’ को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का विश्वास जीता है और दुनिया को भारतीय नवोन्मेषकों, उद्यमियों तथा देश की युवा शक्ति से काफी उम्मीदें हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘भारत ने 40 मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। ये एफटीए हमारे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं। ऐसे व्यापार समझौते हमारे उद्यमियों के लिए नई साझेदारियों का रास्ता तैयार करते हैं, नए बाजारों तक पहुंच के अवसर देते हैं और युवाओं के लिए करियर की नई संभावनाएं पैदा करते हैं।’’ कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले 51,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए।

हाल में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत का प्रयास यह सुनिश्चित करना रहा है कि ब्रिक्स सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे उद्यमी, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा हर किसी को इस साझेदारी में सक्रिय भागीदार बनना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि ‘ब्रिक्स कनेक्ट’ और ‘ब्रिक्स एमएसएमई सहयोग पोर्टल’ जैसी पहलों का उद्देश्य उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को ऐसी साझेदारियों से जोड़ना है। देश के स्टार्टअप परिवेश का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसमें भारत की युवा शक्ति दिखाई देती है और स्टार्टअप परिवेश अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य शहरों में भी इसका विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है। भारत की स्टार्टअप की कहानी अब केवल बड़े शहरों की कहानी नहीं है। आज मान्यता प्राप्त करीब आधे स्टार्टअप दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में हैं।’’ मोदी ने दो करोड़ युवाओं को पहली बार औपचारिक कार्यबल में शामिल करने के उद्देश्य से एक लाख करोड़ रुपये की पहल ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जाता है। साथ ही, नए रोजगार पैदा करने वाले नियोक्ताओं को भी वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार देश में रोजगार बढ़ाने के लिए हर मोर्चे पर काम कर रही है।’’ मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, कौशल भारत मिशन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना समेत सरकार की कौशल विकास पहलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उद्योग की भागीदारी से पीएम-सेतु योजना के तहत 60,000 करोड़ रुपये के निवेश से 1,000 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मोदी ने कहा, ‘‘हमारा प्रयास है कि युवाओं की शिक्षा और कौशल बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप बने रहें।’’ उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के बढ़ने, निवेश में वृद्धि होने और नए उद्योगों के विस्तार से युवाओं के लिए अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने पहली तिमाही में अर्थव्यवस्था की 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर और निवेश में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी का उल्लेख किया।

उन्होंने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की संप्रभु ऋण रेटिंग में हुए सुधार को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वर्षों में किए गए सुधारों का भारत की इस वृद्धि में बड़ा योगदान है।’’ मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के महत्वपूर्ण लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।

सरकार में सेवा करते हुए आपको ऐसा हर फैसला लेना चाहिए जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को लगातार मजबूत करे। युवा होने के नाते आपकी विशेष जिम्मेदारी है, खासकर अन्य युवाओं के प्रति।’’ उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपने पदों का इस्तेमाल सरकार के साथ कामकाज के दौरान युवाओं के सामने आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आपका प्रयास होना चाहिए कि जिन कठिनाइयों से आप गुजरे हैं, दूसरे युवाओं को उन कठिनाइयों से न गुजरना पड़े।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नागरिक देवो भव:’ सार्वजनिक सेवा की मार्गदर्शक भावना होनी चाहिए।

देशभर में 45 स्थानों पर रोजगार मेले आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, नवनियुक्त उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल होंगे। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय शामिल हैं।

आधिकारिक बयान में कहा गया कि रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने तथा देश की विकास यात्रा में उनकी अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर सरकार के निरंतर ध्यान को दर्शाता है। बयान के अनुसार, 20वें रोजगार मेले तक विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

Continue reading on the app

  Sports

सविता पूनिया ने बनाया बेमिसाल रिकॉर्ड, हॉकी इंडिया ने किया 10 लाख रुपये इनाम का ऐलान

हॉकी इंडिया ने सविता पूनिया के लिए बड़े इनाम की घोषणा की है. ये इनाम उन्हें उनके बनाए एक नायाब रिकॉर्ड के लिए दिया जाएगा. Mon, 21 Sep 2026 14:26:12 +0530

  Videos
See all

SP-AIMIM Allince: ओवैसी से गठबंधन पर अखिलेश का बड़ा ऐलान! | Akhilesh Yadav | Owaisi | UP Election #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-21T09:16:10+00:00

UP News: यूपी से आ गई होश उड़ा देने वाली खबर? | Uttar Pradesh News | UP Breaking News #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-21T09:16:24+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers