AI की गलत जानकारी से बढ़ा अमेरिका-चीन तनाव, चीनी जहाज पर कार्रवाई की तैयारी तक पहुंचा मामला
अमेरिका और चीन के बीच इस साल एक ऐसी स्थिति बन गई थी, जिसमें तनाव काफी बढ़ सकता था. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने मध्य पूर्व में एक चीनी जहाज को रोकने की तैयारी शुरू कर दी थी. इसके पीछे एक खुफिया रिपोर्ट थी, जिसमें दावा किया गया था कि जहाज परमाणु हथियारों से जुड़े सामान लेकर जा रहा है.
बाद में अधिकारियों ने इस रिपोर्ट की दोबारा जांच की तो पता चला कि इसमें दी गई जानकारी सही नहीं थी. रिपोर्ट तैयार करने में एक AI चैटबॉट की मदद ली गई थी और उसने जहाज में रखे सामान की गलत पहचान कर दी थी. इसके बाद अमेरिकी सेना ने अपनी कार्रवाई रोक दी.
AI चैटबॉट ने दी गलत जानकारी
CNN के मुताबिक, एक सैन्य खुफिया विश्लेषक ने जहाज से जुड़ी जानकारी को AI सिस्टम में डाला था. इसमें जहाज से संबंधित कुछ जानकारी और दूसरी उपलब्ध जानकारी शामिल थी. AI ने जहाज में मौजूद सामान को परमाणु हथियारों से जुड़ा बता दिया. यह जानकारी अमेरिकी सेना के लिए बेहद गंभीर थी. रिपोर्ट सामने आने के बाद चीनी जहाज को रोकने की तैयारी शुरू हो गई. अमेरिकी सैन्य विमान भी इलाके में सक्रिय थे और कुछ सैनिक जहाज पर जाने की तैयारी कर रहे थे.
समय रहते सामने आई रिपोर्ट की गलती
कार्रवाई शुरू होने से ठीक पहले कुछ अनुभवी अधिकारियों ने रिपोर्ट में दी गई जानकारी को फिर से जांचा। जांच में पता चला कि AI ने जहाज के सामान की पहचान गलत की थी. इसके बाद अधिकारियों ने ऑपरेशन रोक दिया। CNN की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जहाज वास्तव में क्या सामान लेकर जा रहा था, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
AI के इस्तेमाल को लेकर बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद सेना और खुफिया काम में AI के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं. AI तेजी से कई क्षेत्रों में इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन कभी-कभी यह गलत जानकारी भी दे सकता है. ऐसे में संवेदनशील मामलों में AI से मिली जानकारी को इंसानों द्वारा दोबारा जांचना जरूरी माना जा रहा है. इस मामले ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि अगर AI से मिली गलत जानकारी के आधार पर किसी सैन्य कार्रवाई का फैसला हो जाए तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
F-35 के पुर्जों को लेकर भी सामने आया दूसरा मामला
इसी बीच अमेरिका और चीन से जुड़ा एक और मामला सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया से अमेरिका भेजे जा रहे F-35 लड़ाकू विमान के कुछ संवेदनशील पुर्जे हांगकांग पहुंच गए और बाद में उनके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई. इन पुर्जों में विमान के कॉकपिट से जुड़ा एक संवेदनशील हिस्सा भी बताया गया है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि ये सामान हांगकांग कैसे पहुंचा और फिलहाल कहां है. F-35 की सप्लाई से जुड़ी कंपनी Lockheed Martin ने किसी खास सामान की खेप पर जानकारी देने से इनकार किया है. कंपनी ने कहा है कि वह अमेरिकी नियमों और रक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार सामान की सुरक्षित ढुलाई करती है.
ये भी पढ़ें: Breaking News Today Live Updates: दिल्ली में दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, LPG सिलेंडर फटने से एक की मौत
जिम्मेदारियों के बीच दबा था पिता का सपना, कामयाब होकर बेटे ने दिया ऐसा तोहफा कि भावुक हो गए पापा
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation











