Punjab News: मनीष सिसोदिया ने ऐलान, आप 20 सितंबर से पूरे पंजाब में डोर टू डोर अभियान करेगी शुरू
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को 20 सितंबर से पूरे प्रदेश में डोर टू डोर अभियान शुरू करने की घोषणा की, जिसमें 2.68 लाख बूथ कमेटी सदस्य हर घर तक पहुंचकर भगवंत मान सरकार के कामों के बारे में बताएंगे. आप पंजाब प्रभारी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धूरी से खुद इस अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि आप 19 सितंबर को लुधियाना में अपने सदस्यता अभियान की शुरुआत करेगी और चुनाव प्रचार पैम्फलेट जारी करेगी.
उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएंगे
आप पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा और पंजाब के कार्यकारी प्रधान अमनशेर सिंह शेरी कलसी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा, "भगवंत मान सरकार ने अपने साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है और 2022 में किए गए सभी चुनावी वादे पूरे किए हैं. 20 सितंबर से 2,68,553 बूथ कमेटी सदस्य पूरे पंजाब में घर-घर जाएंगे और सरकार के कामों व उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएंगे."
आप पंजाब प्रभारी ने कहा, "पंजाब में 25,332 बूथ हैं और यह अभियान पूरे प्रदेश की बूथ कमेटियों के माध्यम से चलाया जाएगा. हमारे बूथ नेता और पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भगवंत मान सरकार द्वारा किए गए कामों के बारे में बताएंगे." किसानों, शिक्षा और निजी स्कूलों के बारे में बात करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, "किसानों को नहरी पानी और दिन के समय बिजली की आपूर्ति से लाभ मिला है. सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल रहे हैं. सरकार ने निजी स्कूलों को माता-पिता से अतिरिक्त फीस वसूलने से रोकने के लिए भी कदम उठाए हैं."
व्यापारियों को एक ईमानदार सरकार मिल रही
उन्होंने कहा, "युवा, व्यापारी और महिलाएं भी भगवंत मान सरकार के कामों से लाभ उठा रहे हैं. युवाओं को रोजगार के अवसर और खेल सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि व्यापारियों को एक ईमानदार सरकार मिल रही है."
आप सरकार की गारंटियों पर मनीष सिसोदिया ने कहा, "भगवंत मान सरकार ने बिजली और पानी से संबंधित अपनी गारंटियां पूरी की हैं. हर पूरी हुई गारंटी के परिणामस्वरूप पंजाब के एक औसत परिवार को सालाना ₹1.82 लाख का फायदा हुआ है."
उन्होंने जिक्र किया, "पिछली सरकारों ने पंजाब को वित्तीय संकट की ओर धकेला और नशे की समस्या को फैलने दिया. ये मुद्दे भी घर-घर प्रचार के दौरान उजागर किए जाएंगे ताकि लोग पिछली सरकारों और भगवंत मान सरकार के कामों के बीच अंतर को समझ सकें."
सदस्यता अभियान की घोषणा करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा, "घर-घर प्रचार के साथ-साथ आप पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान भी शुरू करेगी. हमारे स्वयंसेवक लोगों से जुड़ेंगे और सरकार के कामों को सीधे उन तक लेकर जाएंगे." अभियान के शेड्यूल के बारे में जानकारी देते हुए आप पंजाब प्रभारी ने कहा, "घर-घर अभियान 20 सितंबर से शुरू होगा. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान धूरी में खुद इस अभियान में हिस्सा लेंगे. चुनाव प्रचार पैम्फलेट मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा 19 सितंबर को लुधियाना में जारी किया जाएगा."
2.68 लाख स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी
आप पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा, "अरविंद केजरीवाल की सोच पर चलते हुए भगवंत मान सरकार ने पूरे पंजाब के परिवारों को लाभ पहुंचाया है. सरकार ने युवाओं को नौकरियां देने और पंजाब के पानी की रक्षा के लिए काम किया है." आप पंजाब के प्रधान ने कहा, "यह पार्टी और इसके 2.68 लाख स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी है कि वे ये सच्चाइयां हर घर तक पहुंचाएं और समझाएं कि कैसे लगातार अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों ने पंजाब को वित्तीय मुश्किलों की ओर धकेला." अमन अरोड़ा ने कहा, "मान सरकार ने अपना काम अच्छी तरह से किया है और अब आप स्वयंसेवक इस काम को लोगों के बीच लेकर जाएंगे. 2027 में आप 2022 से भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा चुनी जाएगी."
सेमीकॉन इंडिया 2026 में ओडिशा को मिले 23,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, नाराज में बनेगी 870 एकड़ की सिलिकॉन वैली
नई दिल्ली/भुवनेश्वर, 18 सितंबर (आईएएनएस)। ओडिशा ने सेमीकॉन इंडिया 2026 में अपनी सेमीकंडक्टर महत्वाकांक्षाओं को नई उड़ान दी है। राज्य को लगभग 23,600 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 6,100 से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी खुद इंडस्ट्री के साथ हाई-लेवल मीटिंग्स को लीड कर रहे हैं।
सेमीकॉन इंडिया 2026 के दौरान मुख्यमंत्री ने जापान, स्वीडन और ताइवान के डेलीगेशन के साथ-साथ लैम रिसर्च, एप्लाइड मैटेरियल्स, 3डी ग्लास सॉल्यूशंस, साइएंट, लिंडे और होरिबा इंडिया जैसी ग्लोबल टेक कंपनियों के साथ बैठकें कीं। इस दौरान क्वाडक्वांटम के साथ एसआईसी सब्सट्रेट वेफर्स बनाने के लिए सेमीकंडक्टर फैसिलिटी को लेकर एक लेटर टू इंटेट पर भी हस्ताक्षर हुए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कटक के पास नारज में 870 एकड़ में ओडिशा सिलिकॉन वैली विकसित की जाएगी। इसे वर्ल्ड क्लास सेमीकंडक्टर हब के तौर पर तैयार किया जाएगा, जहां सभी बड़े सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी प्रोजेक्ट्स को होस्ट किया जाएगा।
नारज की लोकेशन स्ट्रेटेजिक रूप से बेहद अहम है। कटक-भुवनेश्वर अर्बन कॉरिडोर से इसकी आसान कनेक्टिविटी है, साथ ही पारादीप और धामरा जैसे बड़े पोर्ट और नेशनल हाईवे से भी यह जुड़ा है। महानदी के पास होने से सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन के लिए जरूरी पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हम एक ऐसा ग्लोबल इकोसिस्टम बनाना चाहते हैं, जहां कंपनियां मैन्युफैक्चर, इनोवेट और ग्रो कर सकें।
ओडिशा पवेलियन में राज्य की रेत से सिलिकॉन तक की यात्रा को दिखाया गया है। यहां आरआईआर पावर, एसआईसीसेम, 3डीजीएस, एआरएफ डिजाइन और एनआईटी राउरकेला, पीएमईसी ब्रह्मपुर जैसे संस्थानों के मेड इन इंडिया चिप्स के पहले बैच को प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा, ओडिशा की सेमीकंडक्टर यात्रा इरादे से लागू करने की ओर तेजी से बढ़ रही है। हम वैल्यू चेन के जरूरी क्षेत्रों में निवेश लाने में कामयाब रहे हैं और खास प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतार रहे हैं।
राज्य सरकार ने अपनी सेमीकंडक्टर पॉलिसी को इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के साथ अलाइन किया है। तीसरे पॉलिसी अमेंडमेंट के तहत ओडिशा ने सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर-ग्रेड गैस और रॉ मटेरियल सेगमेंट में आईएसएम-अप्रूव्ड प्रोजेक्ट्स को 25 प्रतिशत अतिरिक्त फिस्कल सपोर्ट देने का प्रावधान किया है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










