जापान में ब्याज दर 31 साल में सबसे ज्यादा:सेंट्रल बैंक ने इसे 1% से बढ़ाकर 1.25% किया; महंगाई और गिरते येन को संभालने की कोशिश
जापान के केंद्रीय बैंक ने ब्याद दरें 1% से बढ़ाकर 1.25% कर दी है। ये पिछले 31 साल का सबसे ऊंचा स्तर है। यानी लोन महंगा हो गया है। बैंक ने यह बड़ा कदम मुख्य रूप से देश में बढ़ती महंगाई को रोकने और अपनी कमजोर होती करेंसी 'येन' को संभालने के लिए उठाया है। साल 2024 तक जापान में ब्याज दरें माइनस (-0.1%) में थीं, जिसका मतलब था कि बैंक में पैसा रखने पर ब्याज मिलने के बजाय उल्टा चार्ज कटता था ताकि लोग पैसे बचाएं नहीं बल्कि बाजार में खुलकर खर्च करें। अब पिछले ढाई सालों में बैंक ने छठी बार दरें बढ़ाई हैं। ब्याज दरें बढ़ाने की 3 बड़ी वजहें… अमेरिका और यूरोप भी बढ़ा चुके हैं दरें जापान की ही तरह दुनिया की अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाएं भी महंगाई पर काबू पाने के लिए लोन महंगा कर रही हैं। हाल ही में अमेरिका के केंद्रीय बैंक ने पिछले तीन साल में पहली बार अपनी ब्याज दरें बढ़ाई हैं, जबकि यूरोपियन सेंट्रल बैंक (ECB) भी इस महीने उधारी दरें बढ़ा चुका है। अगस्त में महंगाई दर 1.7% रही जापान में अगस्त महीने की कोर महंगाई दर 1.7% दर्ज की गई है, जो जुलाई की 1.8% दर से थोड़ी कम है। ये बैंक के 2% के लक्ष्य के करीब है। भारत जैसे देशों के मुकाबले 1.7% की महंगाई दर भले ही कम लगे, लेकिन जापान के लोगों के लिए यह बड़ा बदलाव है। दरअसल, जापान में पिछले करीब 30 सालों से कीमतें बढ़ने के बजाय घट रही थीं। इसे अपस्फीति या डिफ्लेशन कहते हैं। इसके कारण वहां की जनता को सामान लगातार सस्ता मिलने की आदत हो गई थी। ऐसे में अब जब हर चीज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, तो यह बात वहां के आम नागरिकों की जेब और सरकार दोनों के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। येन 40 साल के निचले स्तर पर पहुंचा जापान की करेंसी 'येन' की कीमत दुनिया के बाजार में बहुत कम हो गई थी। अगस्त में तो येन का मूल्य पिछले 40 सालों के सबसे निचले स्तर पर चला गया था। जब किसी देश का पैसा बहुत कमजोर हो जाता है, तो उस देश के लिए बाहर से सामान खरीदना बहुत महंगा हो जाता है। इसी गिरावट को रोकने के लिए हाल ही में जापान और अमेरिका की सरकारों ने मिलकर येन की खरीदारी की थी। इससे पहले जापान-अमेरिका ने मिलकर ऐसा कदम साल 2011 में उठाया था, जब जापान में आए भूकंप और सुनामी की वजह से वहां की अर्थव्यवस्था डगमगा गई थी। ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव था अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने भी बैंक ऑफ जापान पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बनाया था। उन्होंने BOJ के गवर्नर काजुओ उएदा से अपील की थी कि वे येन को मजबूती देने के लिए दरों में बढ़ोतरी करें। आमतौर पर जब कोई केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाता है, तो उस देश की मुद्रा निवेशकों के लिए ज्यादा आकर्षक हो जाती है, जिससे करेंसी मजबूत होती है।
आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की बिक्री शुरू:मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु स्टोर्स के बाहर लगी कतारें; रात 10 बजे तक खुले रहेंगे स्टोर्स
भारत में आज शुक्रवार 18 सितंबर से एपल के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री शुरू हो गई है। देश भर के एपलल स्टोर्स और अधिकृत रिटेलर्स के बाहर नए आईफोन को सबसे पहले खरीदने के लिए खरीदारों की भीड़ है। लॉन्च डे पर एपल के रिटेल स्टोर्स तय समय से पहले यानी सुबह 8 बजे खोल दिए गए। भारत में एपल के कुल 6 रिटेल स्टोर है। मुंबई में दो, दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे में एक स्टोर है। नासिक से मुंबई आए हितेश: बोले- '17 प्रो मैक्स' चला रहा था, अब '18 प्रो मैक्स' ले रहा हूं मुंबई के BKC स्थित एपल स्टोर के बाहर कतार में लगे हितेश पटेल ने बताया कि वे आईफोन खरीदने के लिए नासिक से आए हैं। हितेश ने कहा कि हम रात 10 बजे से लाइन में लगे हैं। मुझे सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला। मैं हर साल अपना फोन बदलता हूं। अभी मेरे पास 17 प्रो मैक्स है और अब मैं 18 प्रो मैक्स खरीदने जा रहा हूं।" बेंगलुरु में सुबह 5 बजे से भीड़, कस्टमर बोले- हमारे लिए त्योहार जैसा है लॉन्च बेंगलुरु के स्टोर पर पहुंचे राहुल नाम के ग्राहक सुबह 5 बजे से ही लाइन में खड़े थे। उन्होंने बताया कि यहां दिल्ली, हरियाणा और मुंबई तक से लोग पहुंचे हैं। राहुल ने कहा, "मैंने सबसे पहले आईफोन 7 खरीदा था, तब से हर साल नया मॉडल लेता हूं। आईफोन का लॉन्च हमारे लिए किसी त्योहार जैसा होता है।" टेक यूट्यूबर्स में भी क्रेज, 1TB वेरिएंट की सबसे ज्यादा डिमांड यूट्यूबर सूरज चौहान ने बताया कि वे अपने चैनल पर टेक रिव्यू करते हैं और हर बार लॉन्च डे पर ही नया आईफोन खरीदते हैं। वहीं अजय नाम के ग्राहक ने बताया कि उन्होंने 'आईफोन 18 प्रो मैक्स 1TB' वेरिएंट प्री-बुक कराया था। लोगों में इस बार नए कैमरा फीचर्स और परफॉर्मेंस अपग्रेड को लेकर काफी उत्साह है। मुंबई में पहला फोन मिलने वाले ग्राहक… सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे स्टोर्स भारत में एपल के ऑफिशियल ऑनलाइन स्टोर के अलावा 6 प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर आईफोन 18 प्रो सीरीज उपलब्ध करा दी गई है। भीड़ को देखते हुए कंपनी ने सुबह 8 बजे से ही डिलीवरी और वॉक-इन सेल्स शुरू कर दी है, जो रात 10 बजे तक जारी रहेगी। आईफोन 18-प्रो और प्रो-मैक्स में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी एपल ने 9 सितंबर को अपने पहले फोल्डेबल फोन के साथ आईफोन 18-प्रो, आईफोन 18-प्रो मैक्स भी लॉन्च किए थे। ये आईफोन के पहले प्रीमियम फोन हैं जिनमें 48 मेगापिक्सल के तीन कैमरा दिए गए हैं, इनमें मेन कैमरा, टेलीफोटो कैमरा और अल्ट्रावाइड कैमरा है। एपल ने दावा किया कि सिंगल चार्जिंग में 18-प्रो 24 घंटे और 18-प्रो मैक्स 30 घंटे तक चलेगा। यह अब तक का सबसे ज्यादा बैटरी बैकअप है। फोन सिर्फ 15 मिनट में 50% चार्ज हो जाएगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 











