Responsive Scrollable Menu

दिल्ली में 1.5 करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; एक करोड़ कैश बरामद

Delhi Police: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल जिला पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये की गनपॉइंट लूट के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये की लूटी गई रकम, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, लूट के पैसे से खरीदा गया मोबाइल फोन और पिस्टलनुमा लाइटर बरामद किया है.

TSR रोककर 1.5 करोड़ रुपये लूटे

मामला 7 सितंबर 2026 का है. एक पेमेंट कलेक्टर अपने सहयोगी के साथ TSR से करीब 3 करोड़ रुपये लेकर सफदरजंग जा रहा था. दोनों के पास दो बैग थे, जिनमें करीब 1.5-1.5 करोड़ रुपये रखे हुए थे. गीतांजलि कॉलोनी फ्लाईओवर के पास काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने TSR को रोक लिया.

आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टलनुमा वस्तु दिखाकर दोनों को धमकाया और एक बैग में रखे करीब 1.5 करोड़ रुपये लूटकर ITO की तरफ फरार हो गए. इस मामले में थाना दरियागंज में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई.

CCTV और तकनीकी निगरानी से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दरियागंज, स्पेशल स्टाफ और AATS की संयुक्त टीम बनाई गई. टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित रूट के CCTV फुटेज खंगाले. इसके साथ ही तकनीकी निगरानी और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई.

पुलिस के मुताबिक, करीब चार दिनों की लगातार जांच के बाद पहला अहम सुराग मिला और आरोपी सूरज पांडेय को 12 सितंबर को आनंद विहार बस टर्मिनल से गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 17 लाख रुपये कैश और लूट की रकम से खरीदा गया Apple iPhone बरामद हुआ.

इसके बाद 13 सितंबर को आदर्श तिवारी और दीपक गोस्वामी को नवादा से गिरफ्तार किया गया. दोनों के कब्जे से 32.5 लाख रुपये और लूट की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल बरामद हुई. इसी दिन संदीप उर्फ सैंडी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 11 लाख रुपये बरामद हुए.

कथित मुख्य साजिशकर्ता रिंकू को पुलिस ने लुधियाना, पंजाब से गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से 37.5 लाख रुपये बरामद किए गए. इस तरह पुलिस के मुताबिक कुल करीब 1 करोड़ रुपये की लूटी गई रकम बरामद हो चुकी है.

चांदनी चौक में की गई थी कैश मूवमेंट की रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चांदनी चौक इलाके में कैश की आवाजाही पर नजर रखी थी. पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता रिंकू और उसके साथियों ने कैश लेकर जाने वाले व्यक्ति को चिन्हित किया और TSR में सवार होने के बाद उसका पीछा किया.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सुनसान जगह पर TSR को रोककर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी. सभी आरोपियों को साजिश और वारदात में अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं.

असली पिस्टल नहीं, पिस्टलनुमा लाइटर से दी धमकी

इस मामले की जांच में एक अहम बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान आरोपियों ने जिस हथियार से पीड़ितों को धमकाया था, वह असली पिस्टल नहीं बल्कि पिस्टल के आकार का लाइटर था. इसे पुलिस ने बरामद कर लिया है.

एक आरोपी अब भी फरार

मामले में प्रिंस नाम का आरोपी अभी फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. साथ ही लूटी गई बाकी रकम की बरामदगी और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पूरी कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह की निगरानी में हुई. जांच टीम को एडिशनल डीसीपी सेंट्रल प्रशांत चौधरी, एसीपी दरियागंज धीरज नारंग और एसीपी ऑप्स पदम सिंह राणा का की निगरानी रही. टीम का नेतृत्व SHO दरियागंज इंस्पेक्टर अजय शर्मा, IC स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर संदीप यादव और IC AATS इंस्पेक्टर संदीप डाबस ने किया.

मधुर वर्मा (IPS), ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, सेंट्रल रेंज, दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: सत्य निकेतन में PG चलाने वाला हरिराम बंसल गिरफ्तार, भिवाड़ी से दिल्ली पुलिस ने पकड़ा

Continue reading on the app

भारत तेजी से बन रहा वैश्विक सेमीकंडक्टर हब, वैश्विक कंपनियों का बढ़ा भरोसा: इडस्ट्री लीडर्स

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित सेमीकॉन इंडिया 2026 के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के अधिकारियों ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण, डिजाइन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे दुनिया की बड़ी कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

इस दौरान, एलएंडटी सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संदीप कुमार ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन स्पष्ट और भविष्य की दिशा बताने वाला था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर्स, ऊर्जा और तकनीकी विकास को एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ जोड़ा, वह उनकी दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जटिल तकनीकी विषयों को सरल और स्पष्ट तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं और उद्योग जगत को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं, टेलीडाइन एफएलआईआर के में एशिया-पैसिफिक (एपैक) इंस्ट्रूमेंटेशन डिवीज के सेल्स वाइस प्रेसिडेंट टी.पी. सिंह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सेमीकॉन इंडिया एक बेहद प्रभावशाली और वैश्विक स्तर का मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी पहली बार इस आयोजन में भाग ले रही है और उनका अनुभव काफी सकारात्मक रहा है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, आज सेमीकंडक्टर पूरी दुनिया में चर्चा का विषय है और यह देखकर खुशी होती है कि भारत इस क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में खड़ा दिखाई दे रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि आयोजन स्थल पर दुनिया की बड़ी सेमीकंडक्टर और तकनीकी कंपनियों की मजबूत मौजूदगी इस बात का संकेत है कि भारत वैश्विक उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।

इस बीच, इन्फोसिस के वीपी और डिलीवरी हेड येग्नास्वामी येग्ना नारायणन ने आईएएनएस से कहा कि यह उनका दूसरा सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन है और पिछले आयोजन की तुलना में इस बार काफी बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर मिशन तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इस क्षेत्र में हो रही प्रगति स्पष्ट रूप से नजर आती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सेमीकंडक्टर मूल्य शृंखला के विभिन्न पहलुओं, डिजाइन से लेकर टेप-आउट और अगली पीढ़ी की तकनीकों तक, जिस गहराई से चर्चा की, वह बेहद प्रेरणादायक थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि भारत केवल वर्तमान अवसरों पर नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीकी जरूरतों और नवाचारों पर भी समान रूप से ध्यान दे रहा है।

इसके अलावा, पार्क सिस्टम्स इंडिया के सेल्स डायरेक्टर श्रीनिवासन रविप्रसाद ने आईएएनएस से कहा कि पिछले 5 वर्षों में भारत का सेमीकंडक्टर उद्योग तेजी से विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि वह 2023 से सेमीकॉन इंडिया में भाग ले रहे हैं और हर वर्ष भागीदारी तथा उद्योग की रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नई कंपनियां इस मंच से जुड़ रही हैं और भारतीय सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह भारत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि देश वैश्विक आपूर्ति शृंखला में अपनी भूमिका को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Continue reading on the app

  Sports

WCPL 2026 Final: 39 साल, 39 चमत्कारिक रन…जानिए कौन हैं चेडियन नेशन जिन्होंने गयाना को बनाया पहली बार चैंपियन

महिला कैरेबियन प्रीमियर लीग के फाइनल में गयान अमेजॉन वॉरियर्स को चमत्कारिक जीत मिली. ये जीत तय की 39 साल की खिलाड़ी ने, जिसने नाबाद 39 रन ही बनाकर मैच पलट दिया. Fri, 18 Sep 2026 20:52:36 +0530

  Videos
See all

Pitbull Attack: पिटबुल बने 'आदमखोर'? | Sonipat | CCTV Footage | Breaking #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T16:02:36+00:00

ChakraView | Sumit Awasthi | ममता को फुटबॉल खिलाड़ी, ऋतुब्रत को लिफाफा, कौन भारी? | West Bengal #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-18T16:09:05+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers