Responsive Scrollable Menu

Dadasaheb Phalke Award के लिए चुने गए Anant Nag, पीएम मोदी द्वारा चयन प्रणाली बदलने पर जताया आभार

(फोटो के साथ) बेंगलुरु, 16 सितंबर वर्ष 2024 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए बुधवार को चुने गये दिग्गज कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग ने कहा कि पुरस्कारों के चयन में ‘‘भाई-भतीजावाद’’ और ‘‘पक्षपात’’ का प्रभाव रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता की भागीदारी के साथ इस व्यवस्था में बदलाव किया। नाग ने कहा कि वह पुरस्कार की घोषणा करने के लिए मोदी के आभारी हैं और उन्होंने यह सम्मान कर्नाटक के लोगों को समर्पित किया। नाग ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘आप जानते हैं, इस पुरस्कार के चयन में भी भाई-भतीजावाद और पक्षपात जैसी चीजें थीं।

लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इसे बदल दिया।’’ उन्होंने कहा कि मोदी ने पद्म पुरस्कारों के लिए जनता से सुझाव मांगे थे, जिसके बाद कन्नड़ लोगों ने उनके नाम की सिफारिश की। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ही ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने लोगों से अपने मन में मौजूद नामों की सिफारिश करने का आग्रह किया। यह पहली बार था, जब उन्होंने इसे जनता के सामने रखा।’’ नाग ने कहा कि उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलने की उम्मीद नहीं थी और वह अब भी इस सम्मान को लेकर खुद को तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उम्मीद नहीं की थी कि मुझे यह फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। इसलिए मैं अभी इस सम्मान को स्वीकार करने की स्थिति में आने की कोशिश कर रहा हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे कर्नाटक के लोगों को समर्पित करूंगा और इसके लिए हमारे प्रिय प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दूंगा, क्योंकि उन्होंने ट्वीट कर इस विशेष पुरस्कार की घोषणा की। मैं उनका आभारी हूं और इस देश का भी आभारी हूं, जिसने मुझे यह अवसर प्रदान किया।’’ पचास साल का अभिनय करियर पूरा कर चुके नाग ने कहा कि उन्होंने कभी पुरस्कारों की उम्मीद नहीं की, लेकिन वह अपने काम की सराहना करने वाले लोगों के समर्थन को महत्व देते हैं।

फिल्म उद्योग में कदम रखने वाले युवाओं के लिए उनकी सलाह पूछे जाने पर नाग ने कहा कि उन्हें कड़ी मेहनत करनी चाहिए और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करना चाहिए। नाग ने कहा कि वह यात्रा करने को लेकर अनिच्छुक हैं और अभी यह तय नहीं किया है कि वह पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर मुझे बुलाया जाता है, तो मैं मना नहीं कर सकता।

जब उन्होंने मुझे इतना बड़ा सम्मान दिया है, तो मुझे वहां जाकर इसे ग्रहण करना चाहिए।’’ नाग ने कहा कि यह सम्मान भारत के विभिन्न फिल्म उद्योगों और अलग-अलग भाषाओं में सिनेमा के प्रति देश के प्रेम का जश्न मनाने का एक अवसर है। पांच दशकों के फिल्मी सफर में 270 से अधिक फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता अनंत नाग (78) रंगमंच की दुनिया की भी जानी-मानी शख्सियत हैं। उन्हें भारतीय सिनेमा के इस सर्वोच्च सम्मान से 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में नवाजा जाएगा।

नाग का पालन-पोषण तटीय कर्नाटक के भटकल में एक धार्मिक परिवार में हुआ था और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए मुंबई भेजा गया। साहित्य और कहानी कहने की कला से शुरुआती जुड़ाव ने कला के प्रति उनकी रुचि को आकार दिया। मुंबई में रहते हुए वह धीरे-धीरे शहर के रंगमंच आंदोलन की ओर आकर्षित हुए।

नाग ने लगभग पांच वर्षों तक कोंकणी, हिंदी और मराठी नाटकों में अभिनय किया। इस दौरान वह सत्यदेव दुबे, गिरीश कर्नाड और अमोल पालेकर जैसी रंगमंच की हस्तियों से प्रभावित हुए। उन्होंने 1973 में आई कन्नड़ फिल्म ‘संकल्प’ से सिनेमा में पदार्पण किया।

वह दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मालगुडी डेज’ का हिस्सा थे, जिसका निर्देशन उनके फिल्मकार भाई शंकर नाग ने किया था।

Continue reading on the app

PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर BJP चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बृहस्पतिवार को देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश में रहेंगे और वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली इसी तरह की एक बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।

वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे, जहां इंदौर और उज्जैन में इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

पार्टी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है। भाजपा के एक नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। भाजपा नेता ने बताया कि शाम को देशभर में 700 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी नेता, कार्यकर्ता और संबंधित क्षेत्रों के लोग प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे।

पार्टी नेता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर भाजपा बृहस्पतिवार से एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में ‘सेवा दिवस’ मनाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष होने की गौरवपूर्ण सेवा तथा देश के प्रति समर्पण के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।’’ भाजपा के अनुसार, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत जोशी और अन्य नेता बृहस्पतिवार को वडनगर में मौजूद रहेंगे, जहां अमित शाह मोदी के जन्मस्थान से वाराणसी तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगे। शाह बृहस्पतिवार सुबह वडनगर में शर्मिष्ठा झील के किनारे आयोजित होने वाली ‘‘महाआरती’’ में भी शामिल होंगे। पार्टी के एक नेता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी चिराग पासवान तथा अन्य केंद्रीय मंत्री बृहस्पतिवार सुबह उस समय मौजूद रहेंगे, जब राजनाथ सिंह वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘एक दिन की सेवा गतिविधियों के बाद शाम को देशभर में 500 से अधिक प्रमुख स्थानों पर एक साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसके जरिए देश के 140 करोड़ लोगों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के लंबे और सफल जीवन के लिए शुभकामनाएं दी जाएंगी।’’ नवीन बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन के रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। नवीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

इस दौरान वह इंदौर में ‘स्वामित्व योजना’ के तहत राज्यव्यापी ‘‘बड़े’’ जनकल्याण अभियान की शुरुआत भी करेंगे। भाजपा के अनुसार, शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष महाकालेश्वर मंदिर में ‘भस्म आरती’ में शामिल होंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। वह राष्ट्र की शांति, समृद्धि और सर्वांगीण गौरव की कामना करेंगे।

Continue reading on the app

  Sports

पाकिस्तान ने 18 रन पर गिराए 5 विकेट, आखिरी वनडे में इंग्लैंड U19 को 200 रन से हराकर जीती सीरीज

पाकिस्तान की अंडर 19 टीम ने अपने सीनियर्स के नक्शेकदम पर ना चलकर इंग्लैंड में धमाकेदार सीरीज जीत की शानदार स्क्रिप्ट लिखी है. Thu, 17 Sep 2026 10:00:31 +0530

  Videos
See all

Big Breaking on Disha Murder Case LIVE: सुसाइड नहीं मर्डर? | SSR | Maharashtra Police | CBI Probe #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-17T04:16:19+00:00

PM Modi Birthday:चाय की दुकान से PM की कुर्सी तक का सफर, PM Modi के बारे में आप क्या-क्या जानते हैं? #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-17T04:20:46+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers