MP दौरे पर आएंगे BJP अध्यक्ष Nitin Nabin और Rahul Gandhi, इंदौर में होंगे कार्यक्रम
मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस सप्ताह होने वाले दौरों को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है। दोनों नेता ऐसे वक्त भाजपा शासित राज्य का दौरा करने वाले हैं, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले दिनों कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अगुवाई में हुए छात्र आंदोलन के बाद नयी पीढ़ी के मुद्दों, खासकर शिक्षा और परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार को लेकर राजनीतिक विमर्श तेज है। भाजपा ने एक बयान में बताया कि नवीन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को इंदौर में केंद्र सरकार की ‘स्वामित्व योजना’ के तहत नयी राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे।
इसके बाद भाजपा प्रमुख उज्जैन में क्षिप्रा नदी की आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे जहां करीब 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। वह 18 सितंबर को महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नवीन पहली बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं।
इसके बाद 19 सितंबर को राहुल गांधी राज्य के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे। सूबे के काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संवाददाताओं को बताया, “इंदौर और इसके आस-पास के 30,000 लोगों को स्वामित्व योजना के तहत उनकी संपत्ति का अधिकार पत्र देने का निर्णय लिया गया है। नवीन इस अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि बहुत कम वक्त के लिए इंदौर आ रहे भाजपा प्रमुख ने किसी स्वागत रैली में शामिल होने से इनकार कर दिया है और वह केवल ‘स्वामित्व योजना’ के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में रैप गायकों को बुलाए जाने पर कटाक्ष किया, ‘‘वे (कांग्रेस) इन गायकों को बेवजह बुला रहे हैं। ऐसे कामों के लिए तो राहुल गांधी ही पर्याप्त हैं।’’ उधर, प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि भाजपा के राज में शिक्षा व्यवस्था में लगातार गिरावट दर्ज की गई है और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में नयी पीढ़ी के मुद्दों को उठाएंगे। नायक ने कॉजपा से जुड़े एक सवाल पर कहा, “पिछले दिनों जंतर-मंतर पर छात्रों ने आंदोलन करके देश की झिझक मिटाई और साहस का परिचय दिया।
इस आंदोलन ने विपक्षी नेताओं को काम करने के लिए एक लोकतांत्रिक जगह दे दी है।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं के प्रासंगिक मुद्दों को विमर्श के केंद्र में लाने के लिए इस लोकतांत्रिक जगह का बहुत अच्छे से इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस ने पहले इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में गांधी का कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेस ने आयोजन की तारीख आगे बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी थी और उसे शहर के रीजनल पार्क के सामने एक मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए जगह आवंटित की गई है।
‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिये वह प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। गांधी की अगुवाई में अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के चार संस्करण आयोजित किए गए हैं।
दिल्ली कोर्ट से Swatantra Bhardwaj को 3 हफ्ते की अंतरिम जमानत, पुलिस को दिए जांच के निर्देश
दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को हिंदुत्व समर्थक ‘इन्फ्लुएंसर’ स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत देते हुए हमले से जुड़े मामले की जांच के संबंध में पुलिस को कई निर्देश जारी किए। न्यायाधीश ने कहा, ‘‘एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के तहत एक विशेष अदालत होने के नाते, जांच एजेंसी को निर्देश दिया जाता है कि वह तेजी से जांच करे। जांच अधिकारी के कानून के तहत कोई अन्य कदम उठाने के अधिकार प्रभावित हुए बिना वह विशेष तौर पर सभी उपलब्ध सरकारी और निजी स्रोतों से जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन वाली जगह, खासकर घटना वाली जगह या उसके आस-पास की 23 जून, 2026 की सीसीटीवी फुटेज एकत्र करेगा और उसे सुरक्षित रखेगा।’’ अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि उस दिन विरोध-प्रदर्शन के दौरान तैनात दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए किसी भी वीडियो या तस्वीर (जिसमें घटना की सर्विलांस फ़ुटेज भी शामिल हो) को हासिल किया जाए; आरोपी के विरोध-प्रदर्शन शुरू होने से लेकर उसकी गिरफ्तारी तक का ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’ और टावर लोकेशन डेटा प्राप्त किए जाएं।
इसने यह भी कहा कि विवादित पॉडकास्ट से संबंधित मंच या चैनलों से ‘सब्सक्राइबर’ की जानकारी, अपलोड लॉग, आईपी एड्रेस और मूल फाइल हासिल की जाएं; और यह सुनिश्चित किया जाए कि डेटा सुरक्षित रखा जाए। अदालत ने कहा, ‘‘उस चैनल को प्रबंधित या संचालित करने वाले व्यक्ति की जांच करें और रिकॉर्डिंग का स्रोत, तारीख तथा स्थिति का पता लगाया जाए; दोनों पक्षों की ओर से पेश किए गए पेन ड्राइव, पॉडकास्ट और वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजें ताकि यह पता चल सके कि वे असली हैं या उनमें कोई बदलाव किया गया है या उन्हें कृत्रिम तरीके से बनाया गया है, और जहां भी ज़रूरी हो, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के तहत प्रमाण हासिल करें।’’ इसमें शिकायतकर्ता और उसकी बेटी को धमकी भरे या अपशब्दों वाले संदेश भेजने के लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने के भी निर्देश दिए गए कि क्या इनमें से कोई व्यक्ति भारद्वाज से जुड़ा है। अदालत ने सह-आरोपी सूरज कुमार के ठिकाने और दूसरे साथियों की पहचान में हुई प्रगति के बारे में रिपोर्ट मांगी, साथ ही मेडिकल बोर्ड की राय पर आगे की कार्रवाई की जानकारी तलब की।
इसने कहा, ‘‘सुनवाई की अगली तारीख पर, जांच अधिकारी द्वारा उपरोक्त हर बात पर वस्तुस्थिति रिपोर्ट दाखिल की जाएगी। इस रिपोर्ट में अंतरिम जमानत के दौरान आवेदक के व्यवहार (जिसमें उससे जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियां भी शामिल हैं) और शिकायतकर्ता व उसकी नाबालिग बेटी को मिली धमकियों पर की गई कार्रवाई का भी ज़िक्र होगा।’’ अदालत ने कहा कि शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी को यह छूट है कि वे ज़मानत की शर्तों के किसी भी उल्लंघन की जानकारी तुरंत अदालत को दें, और इसके लिए अगली तारीख का इंतज़ार न करें, ताकि अंतरिम जमानत की समीक्षा की जा सके या उसे रद्द किया जा सके। इसने कहा, ‘‘नियमित जमानत की अर्जी लंबित रहेगी और अगली तारीख पर आवेदक के आचरण तथा वस्तुस्थिति रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए इस पर विचार किया जाएगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










