अभिनेत्री Mahira Khan बनने जा रही हैं दूसरी बार मां, सोशल मीडिया पर दी जानकारी
जानी-मानी पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान ने दूसरी बार गर्भवती होने की जानकारी साझा की है। माहिरा ने रविवार को अपने ‘इंस्टाग्राम अकाउंट’ पर एक पोस्ट के जरिये यह जानकारी दी। पोस्ट में वह अपना ‘बेबी बंप’ दिखाती नजर आईं।
उन्होंने ‘कैप्शन’ में लिखा, ‘‘हम योजनाएं बनाते हैं... और फिर ईश्वर की अपनी योजना होती है।’’ माहिरा ने अक्टूबर 2023 में सलीम करीम से विवाह किया था। इससे पहले उनकी शादी अली अस्करी से हुई थी और उनका एक बेटा अजलान अस्करी है। अली और माहिरा का बाद में तलाक हो गया था।
माहिरा ने फिल्म ‘बोल’ से अभिनय की शुरुआत की थी, लेकिन ‘हमसफर’ सीरीज में निभाई उनकी भूमिका ने उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान दिलाई। माहिरा ने 2017 में फिल्म ‘रईस’ से हिंदी फिल्मों में कदम रखा था। इस फिल्म में शाहरुख खान भी मुख्य भूमिका में थे।
वह हिंदी की कुछ अन्य फिल्मों में भी काम करने वाली थीं, लेकिन 2016 के उरी हमले के बाद हिंदी फिल्म उद्योग में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण वह इनमें काम नहीं कर पाईं। पहलगाम में 2025 में हुए आतंकवादी हमले के बाद सीमा पार राजनीतिक तनाव बढ़ने पर भारत में पाकिस्तान के कलाकारों के सोशल मीडिया खातों तक पहुंच प्रतिबंधित कर दी गई है।
व्यास पीठ से मिली ज्ञान की धारा ने सामाजिक एकता बढ़ाई: CM Yogi Adityanath
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि मध्यकाल में देश की राजनीतिक कमजोरियों के बावजूद आध्यात्मिक चर्चा के पारंपरिक केंद्र ‘व्यास पीठ’ से बहने वाली ज्ञान की धारा ने सामाजिक एकता को बढ़ावा दिया और भारत के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान को आगे बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने रायबरेली में आयोजित शिव महापुराण कथा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमने धर्म को केवल पूजा-पाठ की विधियों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे समाज की जीवन शक्ति के रूप में अपनाया। इसे अपने कर्तव्यों से जोड़ा और राष्ट्र की प्रेरक शक्ति माना।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि मध्यकाल में जब राजनीतिक कमजोरियों के कारण विदेशी आक्रांताओं ने भारत के पवित्र स्थलों को नुकसान पहुंचाया, तब भी हमारी व्यास पीठों से बहने वाली ज्ञान की धारा ने सामाजिक एकता को मजबूत किया और भारत के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान को आगे बढ़ाया।’’ आदित्यनाथ ने श्रीरामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें मुगल बादशाह अकबर के दरबार के नवरत्नों में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था।
उन्होंने कहा, ‘‘जब यह प्रस्ताव तुलसीदास के सामने रखा गया तो उन्होंने पूछा कि अकबर कौन है? लोगों ने बताया कि वह भारत का सम्राट है। इस पर तुलसीदास ने कहा कि मेरा केवल एक ही राजा है और वह राम हैं।
राम के अलावा मैं किसी विदेशी अकबर को अपना राजा नहीं मानता।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में तुलसीदास ने यह कहकर अकबर को चुनौती दी थी कि भगवान राम ही उनके एकमात्र राजा हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने संसार के कल्याण के लिए स्वेच्छा से विषपान किया और वह नकारात्मकता को फैलने से रोकते हैं। आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘जब तक भारत में पवित्र कथाओं की गूंज बनी रहेगी, तब तक सनातन धर्म का ध्वज कभी नहीं झुकेगा।
और जब तक यह ध्वज ऊंचा लहराता रहेगा, कोई भी भारत को जरा भी नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi