एक्टर शरत सक्सेना का रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन होगा:स्टैंडिंग MRI के बाद बोले- उम्मीद है फिर ठीक से चलूंगा और काम करूंगा
वेटरन एक्टर शरत सक्सेना की मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में लम्बर स्पाइन (रीढ़ की हड्डी का निचला हिस्सा) की सीरियस सर्जरी होने वाली है। एक्टर ने बुधवार को बॉम्बे हॉस्पिटल से अपनी हेल्थ अपडेट शेयर की। शरत ने हॉस्पिटल में स्टैंडिंग MRI कराया। उन्होंने MRI मशीन के सामने की चार तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। इनमें वह मशीन के सामने सीधे खड़े होकर बंधे नजर आए। सर्जरी से पहले की इस प्रक्रिया के बावजूद शरत कैमरे के सामने पॉजिटिव नजर आए। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, “बॉम्बे हॉस्पिटल में लम्बर स्पाइन सर्जरी से पहले स्टैंडिंग MRI।” शरत सक्सेना की हेल्थ पर सेलेब्स ने दुआ की फैंस ने शरत की सेहत को लेकर चिंता जताई और उनके जल्द ठीक होने की कामना की। वहीं, एक्टर की हेल्थ को लेकर कई सेलेब्स ने भी उनके जल्द ठीक होने की दुआ की। एक्टर सुधांशु पांडे ने लिखा, “महाकाल आपको आशीर्वाद दें।” डायरेक्टर राजीव राय ने शरत को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “गुड लक और जल्द ठीक हों।” एक्ट्रेस टिस्का चोपड़ा ने लिखा, “ढेर सारा प्यार और दुआएं, शरत सर।” एक्टर अनूप सोनी ने भी कमेंट कर लिखा, “सर, जल्द ठीक हों।” कॉमेडियन अली असगर ने लिखा, “आपके जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं।” शरत ने कमेंट सेक्शन में सभी का धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “मुझे शुभकामनाएं देने वाले आप सभी लोगों का धन्यवाद। उम्मीद है कि मैं फिर ठीक से चल पाऊंगा और काम कर सकूंगा। आप सभी का धन्यवाद। शरत सक्सेना।” 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया शरत सक्सेना का हिंदी सिनेमा में कई दशकों का करियर रहा है। वह 250 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने सहायक, चरित्र और विलेन के कई तरह के किरदार निभाए हैं। अलग-अलग दौर की कई लोकप्रिय फिल्मों में वह नजर आए उनकी फिल्मों में ‘मिस्टर इंडिया’, ‘त्रिदेव’, ‘घायल’, ‘खिलाड़ी’, ‘गुलाम’, ‘गुप्त: द हिडन ट्रुथ’, ‘डुप्लीकेट’, ‘सोल्जर’, ‘बागबान’, ‘फना’, ‘कृष’, और ‘बजरंगी भाईजान’ शामिल हैं। हाल ही में शरत सक्सेना अजय देवगन की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ में नजर आए थे। 76 साल की आयु में भी शरत सक्सेना अपनी बेहतरीन फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग के लिए जाने जाते हैं। वो सोशल मीडिया पर अक्सर जिम में कसरत करते हुए अपने वीडियो शेयर करते रहते हैं। सुपरस्टार सलमान खान भी बहुत बड़े फैन हैं। पिछले साल कपिल शर्मा के शो में सलमान खान से पूछा गया था कि कोई ऐसा भी है जिसको देखकर आपको लगा कि जिम शुरू करना है? जिस पर सलमान खान ने कहा था, बहुत सारे ऐसे लोग हैं। जैसे कि धरम जी (धर्मेंद्र), दारा सिंह जी हैं, शरत सक्सेना... ये जो ओल्डर जनरेशन की बात करूं। रंजीत सर। डैनी। वे सभी बहुत, बहुत फिट हैं। शरत ने सलमान के पिता का रोल निभाया था फिल्म ‘तुमको न भूल पाएंगे’ में शरत सक्सेना को सलमान खान के पिता का रोल करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। हालांकि इससे पहले लोगों ने कहा कि शरत का स्किन डार्क है, जबकि सलमान फेयर हैं। वे उनके पिता कैसे बन सकते हैं। फिल्म के राइटर ने कहा था कि शरत फिल्म में सलमान के असली पिता नहीं होंगे, वे सलमान के किरदार को एडॉप्ट करेंगे। फिल्म का एक सीक्वेंस था, जिसमें शरत सलमान को बताते हैं कि वे उनके असली पिता नहीं हैं। शरत ने इस सीन पर बात करते हुए राजश्री अनप्लग्ड से कहा था कि मैंने डायरेक्टर से पूछा कि इस सीन के लिए मुझे कितना इमोशनल होना पड़ेगा। डायरेक्टर ने कहा कि आप जो भी फील करते हैं, ठीक वैसा ही कैमरा पर दिखाइए। शरत ने बताया था कि मैं और सलमान इस सीक्वेंस की शूटिंग करने लगे। आप जब फिल्म देखोगे, तो पता चलेगा कि वो सीन कितना इंटेंस था। हम दोनों लोग सीन में इतना घुस गए कि बिना ग्लिसरीन के ही रोने लगे। यह सीन बहुत ज्यादा रियल हो गया था। सलमान ने अपने फार्म हाउस पर इनवाइट किया था एक्टर ने बताया था कि शूटिंग खत्म होने के बाद सलमान ने मुझे अपने फार्म हाउस पर इनवाइट किया था। वहां खूब बड़ा तालाब था, जो 20 फीट गहरा था। मुझे तैरना नहीं आता था। फिल्म के डायरेक्टर पंकज पराशर ने मुझे उसमें कूदने को कहा। मैंने कहा कि आप कह रहे हैं तो मैं कूद जा रहा हूं, वरना मेरी तो यह करने की बिल्कुल हिम्मत नहीं है। अगले दिन सलमान के फार्म हाउस पर ही शूटिंग रखी गई। मेरा उसी तालाब में कूदने का सीन रखा गया। फिल्म के स्टंट डायरेक्टर ने मुझे बाकायदा सेफ्टी वाले कपड़े पहना दिए। इसके बाद मैं उसमें कूदने में कामयाब रहा। कुल मिलाजुला कर इस फिल्म में काम करना बेहतर रहा। सलमान ने शरत को कई फिल्मों में मौका दिया शरत सक्सेना ने बताया था कि सलमान ने इसके बाद उन्हें काफी सारी फिल्मों में काम करने का मौका दिया। उन्होंने कहा था कि सलमान ने मेरे नाम की काफी सारी फिल्मों में सिफारिश की। रोल चाहे छोटा हो या बड़ा, उनके साथ काफी सारी फिल्मों में काम किया। उनके साथ काम करके अच्छा लगता है।
काला हिरण फिल्म पर सलमान की याचिका पर सुनवाई:दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रोड्यूसर से 2 हफ्ते में जवाब मांगा, रिलीज रोकने की मांग, जानिए पूरा विवाद
दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी’ पर रोक लगाने की सलमान खान की याचिका पर प्रोड्यूसर से जवाब मांगा है। जस्टिस ज्योति सिंह ने प्रोड्यूसर अमित जानी के वकील को दो हफ्ते में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। सलमान खान ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। यह फिल्म कथित तौर पर 1998 के काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है। 10 सितंबर को हुई सुनवाई में दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्ममेकर्स की तरफ से आए वकील से पूछा कि ये फिल्म कब रिलीज होगी, हालांकि इसके जवाब में वकील ने कहा है कि फिल्म अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं है। इसके कंटेंट को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलना बाकी है। सलमान की ओर से पेश सीनियर वकील रवि प्रकाश ने इस पर कहा, “वे खुद कह रहे हैं कि यह सितंबर में रिलीज होने वाली है।” इस पर कोर्ट ने कहा कि वह 2 हफ्तों के अंदर फिल्म रिलीज की डेट बताएं। मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी। सलमान के वकील ने OTT रिलीज पर भी आपत्ति जताई सुनवाई के दौरान सलमान खान के वकील ने कहा कि फिल्म को OTT पर रिलीज करने के लिए मेकर्स को किसी सर्टिफिकेशन की जरूरत नहीं है। कोर्ट ने इस बात को भी रिकॉर्ड पर लिया। सलमान के वकील ने कहा, “मान लीजिए कि फिल्म रिलीज हो जाती है, तो इससे बहुत नुकसान होगा।” सलमान ने पहले भी दायर किया था केस सलमान खान ने पहले कई अनजान लोगों यानी जॉन डो के खिलाफ ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ का केस दायर किया था। याचिका में उन्होंने कहा कि फिल्म काला हिरण में दिखाए गए शख्स का हुलिया उनसे प्रेरित रखा गया है, जो उनके पर्सनालिटी राइट्स के विरुद्ध है। उन्होंने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। पिछले साल हाईकोर्ट ने सलमान के ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ केस की सुनवाई की थी। कोर्ट ने उनकी तस्वीर और शक्ल का इस्तेमाल करके बिना अनुमति बनाए गए सामान यानी मर्चेंडाइज पर रोक लगा दी थी। जुलाई में हाईकोर्ट ने मेकर्स को फिल्म के टीजर से जुड़े कई लिंक हटाने का आदेश दिया था। जानिए क्या है फिल्म से जुड़ा पूरा विवाद? 27 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' के टीजर को सोशल मीडिया से हटाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि अगर प्रोड्यूसर 24 घंटे के अंदर टीजर के लिंक नहीं हटाते हैं, तो एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब जैसी इंटरनेट कंपनियों को इसे हटाने के आदेश दिए जाएंगे। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस ज्योति सिंह ने फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि आरोपी हर दिन अपनी सीमाएं पार कर रहा है और खुद को कानून से ऊपर समझ रहा है। जज ने टिप्पणी की कि किसी सामान्य नागरिक के साथ भी ऐसा बर्ताव नहीं किया जा सकता। साख बनाने में बहुत मेहनत लगती है और एक बार छवि खराब होने के बाद उसे वापस पाना आसान नहीं होता। अदालत ने फिल्म निर्माता अमित जानी के दिए गए इंटरव्यू भी हटाने का निर्देश दिया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा था कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा की सुरक्षा जरूरी है। कोर्ट ने फिल्म में अभिनेता के संदर्भ दिखाई देने पर चिंता भी जताई थी। सुप्रीम कोर्ट पहुंचे फिल्म काला हिरण के मेकर्स फिल्म निर्माता अमित जानी ने अपनी फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगेसी’ का टीजर हटाने के दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। जानी ने अपनी अपील में कहा है कि यह आदेश अनुचित सेंसरशिप है और उनके अभिव्यक्ति की आजादी के अधिकार को सीमित करता है। उनका कहना है कि सार्वजनिक रिकॉर्ड और ऐतिहासिक कानूनी मामलों पर किसी का एकाधिकार नहीं हो सकता। कानूनी विवाद के बीच फिल्म निर्माता की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सामने आई है। जानी का दावा है कि संगठित आपराधिक समूहों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी हैं। इन समूहों ने उनसे फिल्म प्रोजेक्ट छोड़ने की मांग की है। जानी ने अपील में कहा कि हाईकोर्ट ने उनकी कानूनी टीम को अपना पक्ष रखने का उचित मौका दिए बिना ही रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others