Responsive Scrollable Menu

PM Narendra Modi के 25 साल पूरे होने पर BJP चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

नयी दिल्ली, नौ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को घोषणा की कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को उनके जन्मदिन पर महीने भर का ‘सेवा संकल्प’ अभियान शुरू करेगी जिसके तहत युवा संपर्क और जनभागीदारी पर केंद्रित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा और देशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। पार्टी अध्यक्ष के रूप में कमान संभालने के बाद यह उनका पहला संवाददाता सम्मेलन था।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा और समर्पण’ की मोदी की यात्रा तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उनके प्रयासों को रेखांकित करने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दिन यानी 17 सितंबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन शाम को सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा।

इस पूरे कार्यक्रम का स्पष्ट उद्देश्य यह दर्शाना है कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने निष्ठा के साथ जनसेवा की है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का सफर एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में प्रारंभ हुआ और आज देश के प्रधान सेवक के रूप में उन्होंने कार्यों को आगे बढ़ाया है। ये केवल उनके स्पष्ट दृष्टिकोण, दृढ़ संकल्प और सामाजिक जीवन में लगातार गुणात्मक परिवर्तन लाने और जीवन में बदलाव लाने के प्रयास से संभव हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जन आशीर्वाद सामूहिक प्रदर्शन के रूप में प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। प्रत्येक लाभार्थी परिवारों द्वारा प्रधानमंत्री जी को आशीर्वाद देने के रूप में ये दीप जलाए जाएंगे।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के दौरान लोगों के जीवन में आए बदलावों को रेखांकित करेगा।

नवीन ने कहा, ‘‘भाजपा मोदी की जनसेवा का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने महिला नेतृत्व संबंधी विकास की बात की, और उनके नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से जिस सफर की शुरुआत हुई, वो आज लखपति दीदी तक पहुंचा है।’’ नवीन ने कहा, ‘‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश की महिलाओं को उनका अधिकार देने और नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का हमारा प्रयास लगातार जारी है।’’ उन्होंने सरकार के कल्याणकारी उपायों को रेखांकित करते हुए दावा किया कि 25 करोड़ परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने दावा किया, ‘‘जब उन्होंने (2014 में) देश का नेतृत्व संभाला, तो उस समय देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। हमारी अर्थव्यवस्था को ‘फ्रेजाइल फाइव’ (पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाता था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में सामने है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘स्टार्टअप और यूनिकॉर्न के माध्यम से भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ‘स्टार्टअप नेशन’ बना है।

हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनकर उभरे हैं। आज ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के माध्यम से भारत का युवा हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व कर रहा है। ’’ उन्होंने कहा कि 37 से अधिक देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है, जो 140 करोड़ भारतीयों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

अभियान के तहत सात अक्टूबर को एक प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक पद पर 25 साल पूरे होंगे। इस अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में पदयात्रा , मोटरसाइकिल और साइकिल रैलियों के साथ सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित की जाएगी। नवीन ने कहा, ‘‘सात अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था।

पिछले 25 वर्षों में ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के मंत्र से प्रेरित होकर उन्होंने सेवा की इस यात्रा को पूरी निष्ठा से जारी रखा है। सात अक्टूबर को जिला मुख्यालयों और देशभर में लगभग 1,000 स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा 17 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच स्कूलों में ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि विजेताओं को मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नमो सेवा अनकही कहानियां और सेवा की कहानी कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आए बदलावों की गाथाओं को नाटक, संगीत और चौपालों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के जन्म स्थान वडनगर और उनकी कर्मभूमि वाराणसी के बीच युवाओं की दो ‘सेवा यात्राएं’ भी आयोजित करेगी जिसमें करीब 1,000 युवा शामिल होंगे। 20 दिन की यह यात्रा 10 राज्यों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, सेवा मेरा योगदान के तहत श्रमदान, पात्र लाभार्थियों की मदद के लिए ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु शिविर, स्वास्थ्य शिविर और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले शिविर भी लगाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत रंगोली बनाई जाएगी, जबकि युवाओं व स्टार्टअप्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। दो अक्टूबर को अभियान के हिस्से के रूप में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

Continue reading on the app

BRICS Summit के काफिले की Rehearsal से Delhi की 35 सड़कों पर लगा भारी जाम

नयी दिल्ली, नौ सितंबर दिल्लीवासियों को ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान अपेक्षित यातायात समस्याओं की झलक अभी से दिखने लगी है। गाड़ियों के काफिले की आवाजाही की ‘रिहर्सल’ के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। उनका दावा है कि चंद मिनटों में पूरे होने वाले रास्ते को तय करने में घंटों का वक्त लग रहा है।

यह सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होगा, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही से जुड़े यातायात प्रतिबंध 10 सितंबर से लगने शुरू हो जाएंगे और इनके लगभग 14 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। दिल्ली यातायात पुलिस ने वाहनों के काफिले की आवाजाही की रिहर्सल से पहले बुधवार को एक परामर्श जारी कर शहर की 35 से अधिक सड़कों पर मार्ग परिवर्तन और यातायात प्रतिबंधों की जानकारी दी। यातायात पुलिस के मुताबिक, रिहर्सल बुधवार शाम सात बजे से रात 10 बजे तक होगी।

परामर्श के अनुसार, मध्य, दक्षिण, पूर्व और नयी दिल्ली क्षेत्रों में प्रमुख सड़कों पर 22 स्थानों पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा। कई यात्रियों ने रिहर्सल के कारण हुई परेशानियों को सोशल मीडिया का साझा किया। नोएडा और मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और मध्य क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले लोगों के साथ-साथ द्वारका से धौला कुआं, हवाई अड्डे और दक्षिण दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले लोगों पर इसका ज्यादा प्रभाव पड़ने की संभावना है।

यातायात पुलिस ने राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है। सम्मेलन की व्यवस्था के लिए लगभग 4,800 यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्य बिंदु: - 22 मार्ग परिवर्तन स्थल: काफिले की आवाजाही की रिहर्सल और वीवीआईपी आवाजाही के दौरान 22 चिह्नित मार्ग परिवर्तन स्थानों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।

-35 से अधिक सड़कें प्रभावित: जिन प्रमुख सड़कों पर प्रतिबंध देखे जाने की संभावना है, उनमें मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड शामिल हैं। - नोएडा-पूर्वी दिल्ली पर प्रभाव: नोएडा और पूर्वी दिल्ली से प्रगति मैदान, मध्य दिल्ली और शहर के अन्य हिस्सों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को प्रमुख संपर्क सड़कों के आसपास प्रतिबंधों के कारण देरी का सामना करना पड़ सकता है। -द्वारका-धौला कुआं मार्ग: द्वारका और पश्चिम दिल्ली से धौला कुआं, हवाई अड्डा और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को भी वीवीआईपी आवाजाही के दौरान जाम और मार्ग परिवर्तन का सामना करना पड़ सकता है।

-दक्षिण दिल्ली: मिस्र के प्रतिनिधिमंडल की उनके साकेत स्थित होटल और मध्य दिल्ली के बीच आवाजाही से दक्षिण दिल्ली के पहले से ही जाम लगने वाले हिस्सों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, खासकर व्यस्त घंटों के दौरान। यातायात पुलिस ने पहले इस मुद्दे को उठाया था और प्रतिनिधिमंडल के ठहरने की जगह को मध्य दिल्ली में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया था। -हवाई अड्डे और रेलवे यात्री: हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन और अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल जाने वाले लोगों को घर से जल्दी निकलने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।

जहां भी संभव हो, मेट्रो का उपयोग करने को कहा गया है। -वास्तविक समय नेविगेशन:यातायात पुलिस ने ऑनलाइन मानचित्र सेवा प्रदाताओं के साथ बैठकें की हैं, जो सम्मेलन के दौरान उनके साथ समन्वय करेंगे और यात्रियों को प्रभावित क्षेत्रों में मार्गदर्शन करने के लिए प्रतिबंधों, मार्ग परिवर्तनों और वैकल्पिक मार्गों को वास्तविक समय में अपने मंचों पर प्रदर्शित करेंगे। - कैब सेवा प्रदाता: ऑनलाइन कैब सेवा प्रदाताओं के साथ भी बैठकें की गई हैं और उन्हें सलाह दी गई है कि वे वीवीआईपी आवाजाही के दौरान प्रतिबंधित या नियंत्रित क्षेत्रों में सवारी बैठाने और छोड़ने की सेवा न दें।

बसों के मार्गों में परिवर्तन: गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही के दौरान बस मार्गों को परिवर्तित किया जा सकता है, जबकि मेट्रो सेवाएं सभी स्टेशनों पर चालू रहेंगी। पार्किंग प्रतिबंध: यातायात प्रतिबंधों वाली सड़कों के 200 मीटर के भीतर सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी, और चालकों को निर्दिष्ट पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के आधार पर प्रतिबंध लगाए या हटाए जाएंगे, और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए आवश्यकतानुसार सामान्य यातायात का अस्थायी रूप से मार्ग परिवर्तन किया जाएगा या उन्हें रोका जाएगा।

Continue reading on the app

  Sports

टीम इंडिया के लिए खुशखबरी, धाकड़ ऑलराउंडर अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले हुआ फिट, 9 को टीम से जुड़ेगा

Nitish Kumar Reddy fully fit: ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी ने चोट से उबरकर फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है. जून के बाद मैदान से दूर रहे नितीश बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में थे. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम से जुड़ना उनके लिए बड़ी राहत है. हार्दिक पं ड्या की अनुपस्थिति में वह प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए मैदान में उतरेंगे. Wed, 9 Sep 2026 22:25:49 +0530

  Videos
See all

Top Headlines Of The Day: PM Modi | Delhi Red Fort Blast | NIA| Rahul Gandhi | Bangladesh #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-09T17:03:21+00:00

Viral News: बैंक के बाहर जनरेटर में लगी आग #shorts #fire #viral #aajtak #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-09T17:14:50+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers