Tarun Chugh ने Punjab में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर Amit Shah से की CBI और NIA जांच की मांग
नयी दिल्ली, आठ सितंबर भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पंजाब में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों की सीबीआई और एनआईए से जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को ‘‘राजनीतिक संरक्षण’’ दे रही है। चुग ने अमृतसर में एक सितंबर को अपने आवास के बाहर हुए आप के प्रदर्शन में कथित गैंगस्टर कमल बोरी की मौजूदगी की जांच की भी मांग की।
चुग ने कहा कि उन्होंने पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को पत्र लिखकर उसकी पहचान की पुष्टि, दृश्य साक्ष्य सुरक्षित रखने और समयबद्ध जांच की मांग की है। उन्होंने आप में गुरप्रीत सिंह सेखों के शामिल होने का भी मुद्दा उठाया। चुग के अनुसार, सेखों को 2016 के नाभा हाई-सिक्योरिटी जेल ब्रेक मामले में मार्च 2023 में दोषी ठहराकर 10 साल की सजा सुनाई गई थी और उसकी अपील पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में लंबित है।
चुग ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में पंजाब में 21 से अधिक हमले हुए हैं, जिनमें पुलिस थानों पर रॉकेट लॉन्चर और ग्रेनेड से हमले भी शामिल हैं। उन्होंने संगरूर के मोहंजीत सिंह और गुलजार सिंह से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया। चुग ने कहा कि सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी तथा संगठित अपराध की चुनौतियों के बीच अपराध, मादक पदार्थ नेटवर्क, तस्करी और राजनीतिक गतिविधियों के संभावित गठजोड़ की आंतरिक सुरक्षा के नजरिए से जांच जरूरी है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब में ‘‘स्वतंत्र, भयमुक्त और निष्पक्ष’’ माहौल सुनिश्चित करने की मांग की।
Kota में CM Bhajanlal Sharma ने किया Roadshow, तीसरे इंजन की सरकार बनाने का किया आह्वान
कोटा (राजस्थान), आठ सितंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मतदाताओं से आगामी नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचाने के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार में तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी है। शर्मा ने आगामी नगर निकाय चुनाव से पहले कोटा में ‘रोड शो’ किया और जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार हो तथा क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व मिले तो विकास कार्यों को गति मिलती है। निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में अब ‘डबल इंजन’ की सरकार के साथ निकायों और पंचायतों में भी भाजपा का तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी है ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचे।’’ शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राजनीति से प्रेरित आरोप लगाने और सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं पर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता को विकास के बजाय भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।
चुनाव के समय कांग्रेस जिन योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर जनता से वोट मांगती थी उन पर वर्षों तक कोई काम नहीं हुआ, जबकि हमारी सरकार ने ‘संकल्प पत्र’ के 78 प्रतिशत काम ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक तुष्टिकरण के लिए जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया। इससे प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
वहीं, कांग्रेस शासन में निकाय और पंचायत चुनावों की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रहती थी, जिससे सरकारी संसाधनों और जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार ने जनहित को सर्वोपरि रखने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा और हाड़ौती के विकास के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला निरंतर प्रयासरत हैं। कोटा में हवाई अड्डे की लंबे समय से जारी मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
सड़क, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी तेजी आई है। इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा व कल्पना देवी सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि राज्य में कुल 309 में से 162 नगर निकायों में बुधवार को मतदान होगा।
बाकी निकायों के चुनाव के लिए दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होना है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






