अगस्त में ईवी बिक्री ने बनाया रिकॉर्ड, 2.98 लाख यूनिट पार; बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 12.3 प्रतिशत पहुंची: फाडा
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग लगातार मजबूत होती जा रही है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में देश में ईवी की खुदरा बिक्री 52.9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 2,98,448 यूनिट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इसके साथ ही कुल वाहन बाजार में ईवी की हिस्सेदारी बढ़कर 12.3 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त 2025 में 9.5 प्रतिशत थी।
फाडा के मुताबिक, अगस्त में इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया, यात्री वाहन और वाणिज्यिक वाहन, सभी चार प्रमुख श्रेणियों में अब तक की सबसे अधिक मासिक खुदरा बिक्री दर्ज की गई। यह संकेत देता है कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अब भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार का मुख्य हिस्सा बनती जा रही है।
अगस्त में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री 67.05 प्रतिशत बढ़कर 1,83,204 यूनिट रही। हालांकि जुलाई 2026 की तुलना में इसमें कुछ नरमी देखने को मिली, जब बिक्री 2,04,362 यूनिट थी।
इस श्रेणी में टीवीएस मोटर ने 48,938 यूनिट की बिक्री के साथ पहला स्थान बनाए रखा। इसके बाद बजाज ऑटो ने 41,114 यूनिट और एथर एनर्जी ने 28,757 यूनिट की बिक्री दर्ज की। वहीं, ओला इलेक्ट्रिक ने अगस्त में 13,852 यूनिट बेचीं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 29 प्रतिशत कम रही। इस तरह, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 10.7 प्रतिशत हो गई, जो एक साल पहले 7.7 प्रतिशत थी।
इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त में 25.28 प्रतिशत बढ़कर 79,846 यूनिट पहुंच गई। इस श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ बढ़कर 65.3 प्रतिशत हो गई, जो पिछले वर्ष 56.6 प्रतिशत थी।
वहीं, बजाज ऑटो 13,833 यूनिट की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही, जबकि महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने 12,806 यूनिट बेचीं। टीवीएस मोटर ने इस श्रेणी में 4,415 इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन बेचे।
इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन (सीवी) श्रेणी सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमेंट बनकर उभरा। अगस्त 2026 में इसकी बिक्री लगभग तीन गुना बढ़कर 4,702 यूनिट हो गई, जबकि अगस्त 2025 में यह केवल 1,631 यूनिट थी। इस श्रेणी की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 5.18 प्रतिशत हो गई, जो एक वर्ष पहले 2.06 प्रतिशत थी।
टाटा मोटर्स 1,416 यूनिट के साथ इस वर्ग में अग्रणी रही। इसके बाद यूलर मोटर्स ने 849 यूनिट और सैनी हेवी इंडस्ट्री इंडिया ने 605 यूनिट बेचीं।
इस दौरान, इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री 51.89 प्रतिशत बढ़कर 30,696 यूनिट रही। वहीं, इस कटेगरी की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 7.6 प्रतिशत हो गई, जो पिछले वर्ष 5.8 प्रतिशत थी।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) 13,158 यूनिट के साथ बाजार में सबसे आगे रही। जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 6,464 यूनिट और जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने 4,622 यूनिट की बिक्री दर्ज की।
नई कंपनियों में विनफास्ट ऑटो इंडिया ने 2,199 यूनिट और टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी ने 116 यूनिट की बिक्री दर्ज की।
फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि अगस्त 2026 भारतीय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उद्योग के इतिहास का सबसे बड़ा अगस्त महीना रहा।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहन सेगमेंट का प्रदर्शन सबसे उल्लेखनीय रहा, जहां बेड़े (फ्लीट) के विद्युतीकरण की प्रक्रिया परीक्षण चरण से आगे बढ़कर वास्तविक खरीद निर्णयों तक पहुंच गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि गैर-त्योहारी सीजन होने के बावजूद इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत से ऊपर बनी हुई है, जबकि इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहन अब संरचनात्मक रूप से इलेक्ट्रिक श्रेणी में बदल चुके हैं।
गिरिधर ने आगे बताया कि यह वृद्धि अब केवल सरकारी प्रोत्साहनों की कहानी नहीं रह गई है। कम परिचालन लागत, तेजी से बढ़ता चार्जिंग नेटवर्क, उपभोक्ताओं का बढ़ता विश्वास, पीएम ई-ड्राइव योजना और विभिन्न राज्यों की अनुकूल नीतियां मिलकर इलेक्ट्रिक वाहनों को मुख्यधारा में ला रही हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कुल ऑटो बिक्री अभी भी पिछले वर्ष के त्योहारी चरम स्तरों से नीचे है, फिर भी लगभग सभी ईवी श्रेणियां रिकॉर्ड स्तरों के करीब बनी हुई हैं। यह भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की दीर्घकालिक मजबूती का संकेत है।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
CM धामी की पहल रंग लाई, उत्तरकाशी-तिलवाड़ा मार्ग को NH बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर उत्तरकाशी–कमद- अयारखाल–बूढ़ाकेदार– चमियाला–घनसाला–तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि प्रस्ताव को संबंधित को आवश्यक कार्यवाही एवं विचारार्थ प्रेषित कर दिया गया है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि उत्तरकाशी–कमद–अयारखाल–बूढ़ाकेदार–चमियाला–घनसाला–तिलवाड़ा मोटर मार्ग को ऑलवेदर रोड (चारधाम परियोजना) से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के संबंध में प्राप्त अनुरोध को संबंधित अधिकारी को भेज दिया गया है.
चारधाम और सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
इस महत्वपूर्ण मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित होने की संभावनाओं से उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जनपदों के बीच सड़क संपर्क को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. यह मार्ग चारधाम यात्रा, स्थानीय आवागमन, पर्यटन, व्यापार तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार उत्तराखंड की महत्वपूर्ण सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने तथा प्रदेश में बेहतर, सुरक्षित और सर्वकालिक सड़क कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष विभिन्न प्रस्ताव रखते रहे हैं.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा प्रस्ताव को संबंधित अधिकारी को भेजे जाने से इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की दिशा में प्रक्रियात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण पहल हुई है. इससे पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और चारधाम यात्रा मार्गों के साथ आंतरिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की उम्मीद बढ़ी है. उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने का अंतिम निर्णय संबंधित केंद्रीय स्तर की प्रक्रिया एवं तकनीकी परीक्षण के उपरांत होगा. वर्तमान में केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रस्ताव को संबंधित अधिकारी को विचारार्थ भेजा जाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation






