दावा-शिवसेना ठाकरे गुट के 14 विधायक एकनाथ के संपर्क में:शिवसेना नेता बोले-जल्द होगा ऑपरेशन टाइगर-4, उद्धव के 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल हुए थे
महाराष्ट्र के राजनीति में एक बार फिर पार्टी विभाजन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवसेना शिंदे गुट के विधायक मुरजी पटेल ने दावा किया है कि आने वाले दिनों में राज्य में ऑपरेशन टाइगर-4 होने वाला है। पटेल का कहना है कि शिवसेना ठाकरे गुट के करीब 14 विधायक एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। उद्धव ठाकरे की शिवसेना के लोकसभा के कुल 9 में से 6 सांसद पार्टी से अलग होकर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए थे। लोकसभा में अब शिंदे के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। हालांकि, 14 विधायकों वाली बात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पटेल बोले- सांसदों के बाद अब विधायक भी शिंदे में शामिल हो सकते हैं मुरजी पटेल के दावे के मुताबिक, ठाकरे गुट के सांसदों के बाद अब विधायक और फिर नगरसेवक भी शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इस पूरी चर्चा में 14 का आंकड़ा बेहद अहम माना जा रहा है। विधानसभा में ठाकरे गुट के पास 20 विधायक हैं। कानून के मुताबिक, अगर इनमें से दो-तिहाई विधायक एक साथ दलबदल करते हैं, तो दलबदल विरोधी कानून के तहत अलग कानूनी और राजनीतिक स्थिति बन सकती है। सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ विधायकों ने किसी अनजान जगह पर एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है। इसके अलावा, महाविकास अघाड़ी (MVA) की हालिया बैठक में 60 में से 37 विधायकों की अनुपस्थिति ने भी राजनीतिक अटकलों को बढ़ा दिया। शिंदे बोले- अब हमने छक्का लगाया उद्धव ठाकरे की शिवसेना में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ सभी 6 सांसदों ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया था। डिप्टी सीएम ने कहा, ‘जब 2022 में हमने पार्टी और धनुष-बाण बचाने के लिए विद्रोह किया था, तब 40 विधायक थे और अब हमने छक्का लगाया है।' उन्होंने कहा, ' हमारी लड़ाई बालासाहेब के विचारों को बचाने के लिए है, इसीलिए आज ये 6 सांसद बालासाहेब की असली शिवसेना में शामिल हुए।’ शिंदे गुट के लोकसभा में 7 से बढ़कर 13 सांसद हुए 2024 विधानसभा चुनाव की कुल 288 सीटों में से भाजपा, शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP वाले महायुति गठबंधन को 235 सीटें मिलीं। महाविकास अघाड़ी (MVA) ने 50 सीटें जीतीं। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) सिर्फ 20 सीटों पर सिमट गई। 2024 के लोकसभा चुनाव में 48 सीटों वाले महाराष्ट्र में विपक्षी INDIA गठबंधन (महाविकास अघाड़ी) ने बढ़त हासिल की और 30 सीटें जीतीं, इनमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना को 9 सीटें मिलीं। NDA (महायुति) ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। शिवसेना में 35 साल पहले छगन भुजबल ने बगावत की थी बालासाहेब ठाकरे की मुखिया रहते शिवसेना में पहली बगावत 1991 में हुई थी। पार्टी के नेता छगन भुजबल 14 विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 1999 में शरद पवार जब कांग्रेस से अलग हुए तो छगन भी साथ चले गए। पवार ने एनसीपी बनाई। 2023 में एनसीपी में टूट हुई तो वे अजित पवार गुट के साथ आ गए।
ट्रम्प का ईरान के खिलाफ 1 घंटे में 7 पोस्ट:ईरानी मैप पर खुद की फोटो लगाई, बमबारी की AI तस्वीर पर लिखा- बाय-बाय खार्ग
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने रविवार को ईरान के खिलाफ सोशल मीडिया पर करीब 1 घंटे में एक के बाद एक 7 पोस्ट किए। इन पोस्ट में उन्होंने ईरान की कमजोर अर्थव्यवस्था, गिरते तेल निर्यात और कमजोर होती करेंसी को निशाना बनाया। ट्रम्प ने ईरान के नक्शे पर अपनी तस्वीर लगाकर भी पोस्ट किया। सबसे ज्यादा ध्यान खार्ग द्वीप से जुड़ी AI तस्वीर ने खींचा, जिसमें तेल ठिकानों पर बमबारी होती दिखाई गई और लिखा था- बाय-बाय खार्ग। ट्रम्प की सातों पोस्ट को सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए… 1. ईरान के नक्शे को ट्रम्प के चेहरे की शक्ल दी तस्वीर को दो हिस्सों में बांटा गया है: पहले: ऊपर ईरान का सामान्य नक्शा दिखाया गया है। बाद में: नीचे उसी नक्शे की सीमा को जानबूझकर बदलकर एक अलग आकृति बनाई गई है। नीचे वाले नक्शे में ईरान का आकार ट्रम्प के साइड प्रोफाइल जैसा बनाया गया है। 2. होर्मुज से तेल का प्रवाह फिर बढ़ा ट्रम्प ने एक ग्राफिक शेयर कर दावा किया कि होर्मुज से अब करीब 1.8 करोड़ बैरल तेल रोज गुजर रहा है, जबकि पहले यह आंकड़ा करीब 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन था। 3. ईरान का तेल निर्यात बर्बाद हुआ ट्रम्प ने ईरान के तेल निर्यात का ग्राफिक शेयर किया। इसमें दावा किया गया कि 2025 की शुरुआत में करीब 20 लाख बैरल प्रतिदिन का निर्यात 2026 में गिरकर लगभग शून्य तक पहुंच गया है। ग्राफिक में बीच में कुछ सुधार दिखाया गया है, लेकिन तीसरी तिमाही में निर्यात फिर बेहद कम स्तर पर आता नजर आ रहा है। 4. महंगाई पर निशाना- ‘ईरान में बहुत ज्यादा महंगाई’ इसके बाद ट्रम्प ने ईरान की महंगाई को लेकर ग्राफिक शेयर किया। इस पर लिखा था- ईरान हैज हाइपरइन्फ्लेशन। हाइपरइन्फ्लेशन का मतलब ऐसी स्थिति से है, जब किसी देश में चीजों के दाम बहुत तेजी से बढ़ने लगते हैं और उसकी करेंसी की कीमत तेजी से गिरती है। ग्राफिक में ईरान की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को दिखाने की कोशिश की गई। ट्रम्प ने इसके जरिए यह बताने की कोशिश की कि ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव सिर्फ तेल कारोबार तक सीमित नहीं है। 5. रियाल की गिरती कीमत दिखाई- ‘करेंसी बर्बाद हो गई’ ट्रम्प ने ईरानी करेंसी रियाल को लेकर एक और ग्राफिक शेयर किया। इस पर लिखा था- ईरान करेंसी इज डेस्ट्रोएड। ग्राफिक के मुताबिक, 2025 की शुरुआत में एक डॉलर की कीमत करीब 9 लाख ईरानी रियाल थी। दिखाए गए ताजा आंकड़ों में यह बढ़कर 22.7 लाख रियाल से ज्यादा हो गई। 4. ईरान के नक्शे पर दिखे ट्रम्प- तेहरान को दिया सीधा संदेश ट्रम्प ने ईरान के नक्शे वाला एक ग्राफिक भी शेयर किया। इसमें ईरान के नक्शे पर उनकी अपनी तस्वीर लगाई गई थी। इस पोस्ट के जरिए ट्रम्प ने ईरान पर अपने दबाव और वहां अमेरिकी कार्रवाई को लेकर अपना संदेश और आक्रामक अंदाज में रखा। 6. खार्ग पर बमबारी की AI तस्वीर- ‘बाय-बाय खार्ग’ ट्रम्प की सबसे आक्रामक पोस्ट खार्ग द्वीप को लेकर थी। उन्होंने एक AI तस्वीर शेयर की, जिसमें लड़ाकू विमान ईरान के तेल ठिकाने की तरफ बढ़ता और आसपास धमाके होते दिखाई दे रहे थे। तस्वीर पर लिखा था- बाय-बाय खार्ग खार्ग ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है। देश के कच्चे तेल के बड़े हिस्से का निर्यात ऐतिहासिक रूप से इसी द्वीप के जरिए होता रहा है। ऐसे में खार्ग के तेल ढांचे को नुकसान होने पर ईरान की कमाई पर बड़ा असर पड़ सकता है। 7. ईरान को फॉलिंग नेशन बताया ट्रम्प ने अपनी पोस्ट की आखिरी कड़ी में ईरान का नक्शा शेयर किया और लिखा कि ईरान एक नाकाम देश बनता जा रहा है। ट्रम्प का कहना है कि ईरान की अर्थव्यवस्था और देश की व्यवस्था बुरी तरह कमजोर हो रही है और सरकार हालात संभालने में नाकाम हो रही है। इस तरह करीब एक घंटे में की गई 7 पोस्ट में ट्रम्प ने ईरान की तेल अर्थव्यवस्था, महंगाई, करेंसी और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया। साथ ही होर्मुज को लेकर भी दबाव बनाए रखा। --------------------------- यह खबर भी पढ़ें… 2 दिन बाद अमेरिका का ईरान पर फिर मिसाइल हमला:19 की मौत, 68 घायल; जवाब में जॉर्डन-बहरीन के अमेरिकी मिलिट्री बेस पर ईरानी स्ट्राइक अमेरिका ने 2 दिन बाद फिर ईरान पर हमला किया है। इन हमलों में 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि 68 लोग घायल हुए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 






