महाराष्ट्र में शिवसेना नेता ने हॉस्पिटल कर्मचारी को थप्पड़ मारा:₹19 हजार के बिल पर विवाद हुआ था; विधायक के बेटे समेत 17 पर FIR
महाराष्ट्र के पालघर में शनिवार रात शिंदे गुट की शिवसेना के पदाधिकारियों पर हॉस्पिटल में मारपीट का आरोप है। रिलीफ हॉस्पिटल में शिवसेना नेता ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। वहीं, कुछ लोगों पर ICU में घुसे और नर्स को धमकाने का भी आरोप है। हॉस्पिटल कर्मचारी की शिकायत के मुताबिक, शिवसेना जिला प्रमुख कुंदन सांखे, शहर प्रमुख राहुल घरात और अन्य लोग इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी को एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया। यह घटना CCTV में कैद हुई है। हंगामा दही हांडी के दौरान घायल हुए एक गोविंदा के इलाज को लेकर हुआ था। डिस्चार्ज के समय अस्पताल ने ₹19,866 का बिल दिया था। बिल को लेकर गोविंदा के साथ आए लोगों की अस्पताल कर्मचारियों से बहस हुई थी। 17 लोगों पर केस, विधायक के बेटे का भी नाम पालघर पुलिस ने BNS और महाराष्ट्र मेडिकल सर्विसेज प्रोटेक्शन एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें कम से कम 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है। कुंदन सांखे, राहुल घरात और स्थानीय विधायक राजेंद्र गावित के बेटे रोहित गावित के नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस बोली- महायुति नेताओं को कानून का डर नहीं कांग्रेस नेता अतुल लोंढे पाटिल ने घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि यह महायुति नेताओं की गुंडागर्दी है। डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों पर हमला किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा पहले भी उठता रहा है। इसी महीने सुप्रीम कोर्ट ने ठाणे के सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर को पीटने के आरोपी शिवसेना पार्षद को जमानत देने से इनकार किया था। कोर्ट ने कहा था कि डॉक्टरों पर हमला करने वालों को जमानत नहीं मिलनी चाहिए। ----------
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटा:50 हजार फीट ऊपर तक पहुंची राख, 301 उड़ानें प्रभावित, कई यात्री एयरपोर्ट पर फंसे
इंडोनेशिया के माउंट अनाक क्राकाटोआ में रविवार को जोरदार विस्फोट हुआ। ज्वालामुखी से निकली राख करीब 50 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच गई। इससे जावा और सुमात्रा के कई इलाकों में हवाई यात्रा प्रभावित हुई। जकार्ता के मुख्य सोएकार्नो-हट्टा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानें रोकनी पड़ीं। एयरपोर्ट ऑपरेटर के मुताबिक, इससे 301 उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 58 इंटरनेशनल फ्लाइट थीं। कई यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। राख के कारण रनवे पर उड़ानें रोकनी पड़ीं ज्वालामुखी की राख हवा के साथ उड़कर एयरपोर्ट तक पहुंच गई थी। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट पर उड़ानें रोकनी पड़ीं। सिंगापुर एयरलाइंस ने रविवार की जकार्ता आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दीं। एयरएशिया ने भी कई उड़ानें रद्द या री-शेड्यूल कीं। गरुड़ इंडोनेशिया ने यात्रियों से एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति और आधिकारिक डिजिटल चैनल चेक करने को कहा। लोगों को सावधान रहने की सलाह ज्वालामुखी की राख आसपास के इलाकों में भी फैल गई। ज्वालामुखी फटने के बाद कई लोगों की आंखों में जलन भी हुई। राख के कारण मछुआरों ने भी समुद्र में जाना और मछली पकड़ना बंद कर दिया। इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी BNPB ने लोगों से सावधान रहने को कहा है। लोगों को मास्क और आंखों पर चश्मा लगाने की सलाह दी गई है। इंडोनेशिया के 5 ज्वालामुखी अलर्ट लेवल-3 पर अनाक क्राकाटोआ में शुक्रवार देर रात से लगातार विस्फोट हो रहे हैं। यह 2 जुलाई से अलर्ट लेवल-3 पर है। इंडोनेशिया में यह दूसरा सबसे ऊंचा अलर्ट स्तर है। इसके अलावा माउंट सेमेरू, माउंट मेरापी, लेवोटोबी लाकी-लाकी और सिनाबुंग भी अलर्ट लेवल-3 पर हैं। रविवार को माउंट सेमेरू में भी विस्फोट हुआ। इससे ज्वालामुखी की चोटी से करीब 1 किलोमीटर ऊपर तक राख का गुबार पहुंच गया। ज्वालामुखी निगरानी एजेंसी PVMBG ने लोगों को इसके क्रेटर से कम से कम 5 किलोमीटर दूर रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने गर्म राख और लावा के बहाव को लेकर भी चेतावनी दी है। अभी सुनामी का खतरा नहीं अधिकारियों के मुताबिक, अनाक क्राकाटोआ के विस्फोट से फिलहाल सुनामी का खतरा नहीं है। यह ज्वालामुखी उस जगह के पास बना है, जहां कभी क्राकाटोआ नाम का ज्वालामुखी था। 1883 में क्राकाटोआ में हुए भीषण विस्फोट के बाद सुनामी आई थी। इसमें 36 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। 2018 में अनाक क्राकाटोआ के विस्फोट से भी सुनामी आई थी। इसमें जावा और सुमात्रा द्वीपों पर 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others







