Census 2027: यूपी, पंजाब समेत चार राज्यों में 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी आबादी की गणना
नयी दिल्ली, पांच सितंबर भारत के महापंजीयक ने शनिवार को कहा कि जनगणना 2027 के लिए गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में जनसंख्या की गणना एक दिसंबर, 2026 से चार जनवरी, 2027 तक की जायेगी। अगले साल की शुरुआत में जिन राज्यों में चुनाव होने की संभावना है, वहां जनगणना की यह प्रक्रिया पहले शुरू की जा रही है। भारत के महापंजीयक (आरजीआई) एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने राजपत्र अधिसूचना में कहा कि इन क्षेत्रों के नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना का विकल्प अपना सकते हैं।
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड राज्य के बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर बाकी इलाकों में जनसंख्या की जनगणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक की जाएगी। इसके बाद पांच जनवरी 2027 से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण आयोजित किया जायेगा।’’ इसमें कहा गया कि गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों के लिए जनगणना 2027 की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे होगी। इसमें कहा गया है, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों के लिए संदर्भ तिथि एक अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे होगी।’’ पिछले महीने जारी एक राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों में जनसंख्या की गणना एक सितंबर से 30 सितंबर तक की जाएगी।
जून 2025 को जारी एक सरकारी बयान में कहा गया था कि लद्दाख, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फ से ढके गैर-समकालिक क्षेत्रों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों के लिए संदर्भ तिथि एक मार्च 2027 होगी। गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विधानसभा का कार्यकाल मई 2027 तक समाप्त हो जायेगा। एक अधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी, मुख्य रूप से शिक्षक, जनगणना और चुनावी कार्यों में लगे हुए हैं।
ऐसे में इन दोनों प्रक्रियाओं को एक साथ संचालित करना मुश्किल हो जाता है। शनिवार को आरजीआई द्वारा जारी एक अन्य अधिसूचना में कहा गया कि केंद्र सरकार ने मणिपुर में जनगणना 2027 के लिए मकान-सूचीकरण का कार्य भी स्थगित कर दिया है। स्वतंत्रता के बाद होने वाली आठवीं जनगणना दो चरणों में कराई जा रही है—पहले चरण को मकान-सूचीकरण और आवास जनगणना कहा जाता है, जबकि दूसरे चरण को जनसंख्या की गणना कहा जाता है।
US Envoys के दौरे से पहले Vladimir Putin ने Kyiv पर हमले 72 घंटे के लिए रोके
मॉस्को, पांच सितंबर (एपी) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर हमले 72 घंटे रोकने का आदेश दिया है। क्रेमलिन ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस पहुंचे हैं और रूस के यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने के आक्रमण को समाप्त करने की रुकी हुई कोशिश को फिर से आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास से कहा, ‘‘पुतिन ने आज आधी रात से शुरू होने वाले तीन दिनों तक कीव पर कोई हमला नहीं करने का आदेश दिया है।’’ उन्होंने कहा कि यह फैसला विटकॉफ और कुशनर के यूक्रेन की राजधानी की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों से जुड़ा है। कीव ने कहा है कि दोनों अमेरिकी दूत रविवार को यूक्रेन की राजधानी का दौरा करेंगे। अमेरिकी दूतों की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों पक्षों ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं।
क्रेमलिन द्वारा पड़ोसी देश यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किए जाने के करीब साढ़े चार साल बाद भी संघर्ष जारी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान यूक्रेन हवाई हमले रोक देगा और मॉस्को से भी ऐसा ही करने का आग्रह किया था। अब पांचवें साल में चल रही लड़ाई खत्म करने की वॉशिंगटन की कोशिश धीमी पड़ गई है क्योंकि पिछले छह महीनों से अमेरिका का ध्यान ईरान के साथ जारी लड़ाई पर केंद्रित है।
विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद कुशनर की मॉस्को की पिछली ज्ञात यात्रा जनवरी में हुई थी, जब उन्होंने क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। दोनों उससे पहले कभी कीव की यात्रा नहीं की थी। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने बताया कि हवाई अड्डे पर रूसी दूत किरिल दिमित्रिएव ने इन दूतों से मुलाकात की।
दिमित्रिएव ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के विमान से उतरने के दौरान उनसे मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, ‘‘मॉस्को में शांति के दूतों का स्वागत है।’’ शांति प्रयास रुकने के बीच रूस ने यूक्रेन के वायु रक्षा प्रणाली की कमी का फायदा उठाते हुए कीव और दूसरे शहरों पर हमले तेज कर दिए थे। शुक्रवार को, रूस के एक ड्रोन ने कीव में सरकार की सबसे अहम इमारतों में से एक पर हमला किया - यह यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) का मुख्यालय था।
एसबीयू उन एजेंसियों में से एक है जो रूस के अंदर घुसकर हमले करने का काम करती हैं। यूक्रेन ने लंबी दूरी तक मार करते हुए रूसी सैन्य ठिकानों, तेल रिफाइनरी और ई-कॉमर्स केंद्रों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों का उद्देश्य क्रेमलिन के युद्ध प्रयासों और अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी युद्ध के प्रभाव का एहसास कराना है।
रूस और यूक्रेन के बीच हवाई युद्ध तेज हो गया है, क्योंकि दोनों देशों की सेनाएं 1,250 किलोमीटर लंबे मोर्चे पर आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रही हैं। रूस हाल में तेज़ी से उड़ने वाले, जेट-चालित ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है और कीव में हवाई हमले के सायरन की बार-बार बजने वाली आवाज अब रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रात भर कीव और बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हमले किए, और इस हमले को अमेरिका की नियोजित यात्रा से जोड़ा।
उन्होंने कहा, “साफ है कि हवाई अड्डों पर रूस के ये हमले, अमेरिका के यूक्रेन जाने के लिए एक विमान का इस्तेमाल करने की संभावना पर हो रही बातचीत और तैयारियों का जवाब हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘हमने रूस के इस कदम का संज्ञान लिया है और अगले सप्ताह हम रूसी हवाई क्षेत्र के संबंध में उसी के अनुरूप अपनी कार्रवाई में बदलाव करेंगे, जो हमारे ड्रोन और आसमान में मौजूद मिसाइल के कारण खतरनाक हो गया है। बेशक, हमारी ओर से कूटनीति के लिए कोई खतरा नहीं है और न ही होगा।’’ यूक्रेन के दक्षिणी निप्रॉपेट्रोव्स्क इलाके में एक औद्योगिकी केंद्र पर रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। स्थानीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांड्र हंझा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मारे गए लोग उसी जगह पर काम करने वाले कर्मचारी थे। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसकी सेना ने क्षेत्र में दो धातुकर्म संयंत्रों को निशाना बनाकर हमले किए। मंत्रालय ने इन संयंत्रों को ‘‘यूक्रेन के सैन्य उत्पादन के लिए धातु उत्पादों के प्रमुख आपूर्तिकर्ता’’ बताया।
इस बीच, यूक्रेन के कीव क्षेत्र में रातभर हुए रूसी हमले में दो और लोग घायल हो गए। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने यह जानकारी दी। बोरिस्पिल जिले में हमले के कारण लगी आग से नौ मंजिला एक आवासीय इमारत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
यूक्रेन की राज्य आपात सेवा के अनुसार, रूस की सेना ने दक्षिणी मायकोलाइव क्षेत्र में एक शॉपिंग सेंटर को रातभर ड्रोन से बार-बार निशाना बनाया। उसने कहा कि हमलों में दुकानों और अन्य व्यावसायिक परिसरों को नुकसान पहुंचा तथा आग लग गई। इस घटना में 72 वर्षीय एक व्यक्ति और 17 वर्षीय एक किशोरी घायल हो गई।
आपात सेवा ने बताया कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे दलों को आगे के हमलों के खतरे के कारण कई बार सुरक्षित स्थानों पर पीछे हटना पड़ा। यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने रोस्तोव और वोरोनेझ क्षेत्रों से बैलिस्टिक मिसाइल दागीं और रातभर में 167 हमलावर ड्रोन तैनात किए। इनमें शाहेद श्रेणी के ड्रोन शामिल थे, जिनमें से करीब आधे जेट इंजन से संचालित थे।
यूक्रेन की वायु रक्षा ने 128 ड्रोन को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया। इस बीच, रूस के सीमावर्ती बेलगोरोद क्षेत्र में यूक्रेन के हमलों में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें 14 वर्षीय एक किशोरी भी शामिल है। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक अलग बयान में कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रात में यूक्रेन के 53 ड्रोन मार गिराए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi





