गडकरी बोले- सभी राज्य बाइक टैक्सी को मंजूरी दें:8 करोड़ रोजगार मिलेंगे; ट्रैफिक नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड-कैंसिल होगा
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सभी राज्य सरकारों से बाइक टैक्सी को मंजूरी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निजी बाइक और स्कूटर से यात्रियों को ले जाने की सुविधा से खासकर ग्रामीण इलाकों में रोजगार के बड़े अवसर मिलेंगे। इससे करीब 8 करोड़ लोगों को रोजगार मिल सकता है। गडकरी ने बताया कि केंद्र ने बाइक टैक्सी की अनुमति दे दी है, लेकिन परिवहन राज्य का विषय होने के कारण कुछ राज्यों में अभी इसकी मंजूरी नहीं है। उन्होंने राज्यों से इसे मंजूरी देने की अपील की, ताकि लोगों को कमाई का नया जरिया मिल सके। गडकरी ने कहा कि सरकार बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्ती करेगी। इसके लिए मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव कर ड्राइवरों के लिए नेगेटिव पॉइंट सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव है। भारी वाहन चालकों की ट्रेनिंग जरूरी गडकरी ने भारी वाहन और निर्माण उपकरण चलाने वाले ड्राइवरों की अनिवार्य ट्रेनिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभी ऐसी कोई जरूरी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने JCB India जैसी कंपनियों से उपकरण देने से पहले ड्राइवरों को ट्रेनिंग देने की अपील की। 10 लाख ड्राइवरों की स्वास्थ्य जांच गडकरी ने 'सुरक्षा' पायलट प्रोग्राम शुरू किया। इसके तहत हाईवे, खनन और निर्माण जैसे जोखिम वाले कामों से जुड़े करीब 10 लाख ड्राइवरों और कर्मचारियों की मुफ्त मेडिकल जांच व काउंसलिंग होगी। पहले चरण में नागपुर-कामठी के NH-44 और चंद्रपुर के माइनिंग क्षेत्र में करीब 10 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य है। दोपहिया हादसों में सबसे ज्यादा मौतें गडकरी के मुताबिक, भारत में दोपहिया हादसों में 81,780 मौतें हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। सीट बेल्ट न लगाना, हिट एंड रन, गलत दिशा में ड्राइविंग, शराब और मोबाइल का इस्तेमाल हादसों की बड़ी वजह हैं। सीट बेल्ट न लगाने से 14,466 और हिट एंड रन में 34,030 मौतें हुईं। इन आंकड़ों को देखते हुए वाहन चालकों की ट्रेनिंग, स्वास्थ्य जांच और ट्रैफिक नियमों के पालन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। ------------------------------------ ये खबर भी पढ़ें… गडकरी बोले- नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने का समय, अब पहले जितना काम नहीं कर सकता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के 'जिम्मेदारी नई पीढ़ी के हाथों में सौंपने' वाले बयान पर सफाई आई। गडकरी के ऑफिस ने कहा, ‘उन्होंने अपने लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट से जुड़े सामाजिक कार्यों की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपने की बात कही थी।’ पूरी खबर पढ़ें…
पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने वाले अभिनंदन अब पैसेंजर विमान उड़ाएंगे:प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन की; MiG-21 क्रैश होने से 3 दिन पाकिस्तान की कैद में रहे थे
भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्तमान ने अपने करियर की नई पारी शुरू की है। वह गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 से बतौर कमर्शियल पायलट जुड़े हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अगस्त 2026 में एयरलाइन ज्वाइन की। अभिनंदन की नई जिम्मेदारी लड़ाकू विमान उड़ाने से बिल्कुल अलग होगी। वह FLY91 के ATR 72-600 यात्री विमानों को उड़ाने के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल उनकी ट्रेनिंग गोवा-हैदराबाद रूट पर चल रही है। जरूरी ट्रेनिंग और रेगुलेटरी मंजूरी पूरी होने के बाद वह कमर्शियल उड़ान भरेंगे। 27 फरवरी 2019 को F-16 गिराया था अभिनंदन 27 फरवरी 2019 को भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान सुर्खियों में आए थे। उस समय वह MiG-21 Bison उड़ा रहे थे और पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को रोकने के मिशन में शामिल थे। इस दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। हालांकि, उनका MiG-21 भी क्रैश हो गया और उन्हें पैराशूट से पाकिस्तान में उतरना पड़ा। इसके बाद वह करीब तीन दिन तक पाकिस्तान की हिरासत में रहे। 1 मार्च 2019 को वह भारत लौटे थे। बहादुरी के लिए मिला वीर चक्र हवाई संघर्ष के दौरान उनके असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। पुरस्कार के प्रशस्ति-पत्र में उनके “असाधारण कर्तव्यबोध” का उल्लेख किया गया था। अभिनंदन बाद में भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन के पद तक पहुंचे। अब वायुसेना से अलग होकर वह सिविल एविएशन में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं। FLY91 में क्या होगा काम? FLY91 ने मार्च 2024 में उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइन फिलहाल छह ATR 72-600 विमानों का संचालन करती है और उसके दो बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। यह एयरलाइन देश के छोटे शहरों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने पर फोकस करती है। FLY91 ने अभिनंदन के जुड़ने की पुष्टि करते हुए उनके ट्रेनिंग या आगे की उड़ानों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। एयरलाइन ने कहा कि कर्मचारियों की निजी जानकारी पर टिप्पणी करना उसका विषय नहीं है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 








