CM विजय का AI-डीपफेक वीडियो बनाकर ठगी की कोशिश, FIR:लोगों से वॉट्सएप पर जुड़ने को कहा; पाकिस्तान से जुड़े फेसबुक अकाउंट भी मिले
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पहचान का इस्तेमाल कर बनाए गए AI डीपफेक वीडियो से लोगों को ठगने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस वीडियो की जांच में इसके AI से बनाए जाने की पुष्टि हुई। तमिलनाडु पुलिस की CB-CID ने 1 सितंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में विजय जैसे दिखने वाला व्यक्ति हिंदी में लोगों से बात करते हुए आर्थिक मदद के लिए एक वॉट्सऐप नंबर पर संपर्क करने को कह रहा था। इस फर्जी वीडियो को फेसबुक समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाकर लोगों को ठगने की कोशिश की गई। जांच में कुछ फर्जी वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट्स के पाकिस्तान से संचालित होने की आशंका सामने आई है। जांच में एक नहीं, कई डीपफेक वीडियो मिले CB-CID की शुरुआती जांच में विजय के नाम पर आर्थिक मदद का दावा करने वाले कई AI डीपफेक वीडियो मिले हैं। ये अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे थे। जांच के लिए CB-CID ने फेसबुक की पैरेंट कंपनी Meta से संपर्क किया है। पुलिस ने फर्जी अकाउंट्स और वीडियो अपलोड से जुड़े लॉग की जानकारी मांगी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किसने बनाया, किसने अपलोड किया और इसे फैलाने के लिए किन अकाउंट्स और नंबरों का इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इन वीडियो को हटाने और उनका प्रसार रोकने को कहा है। साइबर टीम आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस की अपील- नंबरों पर संपर्क न करें तमिलनाडु पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वीडियो में दिए फोन नंबरों पर संपर्क न करें और न ही बताए गए WhatsApp ग्रुप में जुड़ें। पुलिस ने साफ किया कि मुख्यमंत्री की आर्थिक मदद का दावा करने वाले ये वीडियो फर्जी AI डीपफेक हैं। लोगों से इन्हें नजरअंदाज करने और परिवार-रिश्तेदारों को भी सावधान करने की अपील की गई है। -------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… विजय ने 40 हजार का सनग्लास उतारकर बुजुर्ग को पहनाया:महिला बोलीं- हीरो आज सामने खड़ा था तमिलनाडु के CM विजय ने मेट्टूर में कावेरी डेल्टा जिलों में सिंचाई के लिए मेट्टूर डैम के गेट खोले। सलेम जाते समय वे चिन्नागवुर में बुजुर्ग महिला चेल्लम के घर गए। विजय ने चेल्लम से बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। इसी दौरान उन्होंने अपना डियोर का सनग्लास उतारकर चेल्लम को दे दिया। इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…
अमेरिका के मिनियापोलिस में अपार्टमेंट में गोलीबारी, 2 की मौत:संदिग्ध हमलावार भी मारा गया; तीन पुलिस अधिकारी घायल
अमेरिका के मिनियापोलिस में बुधवार दोपहर एक अपार्टमेंट में गोलीबारी हुई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया है। घटना में 3 पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं, जिनमें 2 को गोली लगी है। तीनों अधिकारियों की हालत स्थिर है। पुलिस को स्थानीय समयानुसार बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बिल्डिंग में गोली चलने की सूचना मिली थी। इसके करीब 3 मिनट बाद पुलिसकर्मी बिल्डिंग में दाखिल हुए, जहां उन्हें पीड़ित मिले। पुलिस ने गोलियों की आवाज का पीछा करते हुए ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर कार्रवाई की। एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन के मुताबिक, एक पीड़ित की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। संदिग्ध की मौत कैसे हुई, यह तुरंत साफ नहीं हो सका। हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर ने बताया कि अस्पताल में 7 मरीज लाए गए थे। हालांकि, अस्पताल ने घायलों की स्थिति के बारे में अतिरिक्त जानकारी नहीं दी। पार्टेन ने घटना को बेहद दुखद बताया और मृतकों, घायलों, पुलिस अधिकारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। पुलिस को ऊपर की मंजिल से गोलियों की आवाज सुनाई दी पुलिस के मुताबिक, अधिकारी बिल्डिंग में दाखिल होने के बाद गोलियों की आवाज सुनकर ऊपरी मंजिल की ओर गए। वहां धुंध या धुएं जैसी स्थिति के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर के पास एक अपार्टमेंट टावर की ओर पुलिसकर्मी राइफल ताने नजर आए। अधिकारियों ने पास के घनी आबादी वाले लॉरिंग पार्क इलाके के लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की चेतावनी दी। चश्मदीद ने 8 गोलियों की आवाज सुनी अपार्टमेंट बिल्डिंग में रहने वाले जूलियस बेली ने बताया कि वह बिल्डिंग के बाहर बैठे थे। तभी उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी और एक ऐसे व्यक्ति को पिस्टल के साथ देखा, जिसे वह बिल्डिंग के निवासी के तौर पर पहचानते थे। बेली के मुताबिक, उन्होंने एक महिला को चिल्लाते सुना और तुरंत वहां से भाग गए। उन्होंने करीब 8 गोलियों की आवाज गिनी। बेली ने बताया कि वह व्यक्ति पहले भी हथियार दिखाता था। वह जून में इस बिल्डिंग में रहने आए थे और तब से उस व्यक्ति से बचने की कोशिश कर रहे थे। गवर्नर बोले- पुलिस की मदद के लिए राज्य के अधिकारी मौके पर मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद के लिए मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने डाउनटाउन मिनियापोलिस में लोगों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे पुलिस और अन्य फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स का आभार जताया। FBI डायरेक्टर काश पटेल ने भी कहा कि एजेंसी घटना पर प्रतिक्रिया दे रही है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। ------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… भारत ने पाकिस्तान में हिंदू मंदिर गिराने की निंदा की:100 साल पुराने मंदिर की जगह मदरसा बनाने का आरोप; इस्लामाबाद बोला- बारिश से गिरी इमारत भारत ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 100 साल से ज्यादा पुराने एक हिंदू मंदिर को गिराए जाने की कड़ी निंदा की है। यह मंदिर लाहौर से करीब 130 किलोमीटर दूर नारोवाल जिले के सिराज गांव में था। मंदिर को 21 अगस्त को गिराए जाने की खबर सामने आई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others








