Nepal Flood में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1,127 पहुंचा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर 1,127 हो गई। हिमालयी क्षेत्र में आई इस आपदा के एक सप्ताह बाद भी बचावकर्मी हजारों लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नेपाल पुलिस के अनुसार, चितवन से 348, नवलपरासी पूर्व से 217, नवलपरासी पश्चिम से 190 और नुवाकोट से 155 शव बरामद किए गए हैं। इसी तरह गोरखा से 66, धादिंग से 59, रसुवा से 45 और तनाहूं से 38 शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि 1,113 शवों का पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जबकि 95 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।
लापता परिजनों की पहचान में परिवारों की मदद के लिए 911 अज्ञात शवों का विवरण नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। पुलिस के मुताबिक,अब तक सुरक्षा बलों ने प्रभावित इलाकों से 6,541 लोगों को सुरक्षित निकाला है, जबकि 4,858 लापता लोगों की तलाश अभी जारी है। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में 7,912 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
ये पुलिसकर्मी खोज एवं बचाव अभियान, राहत सामग्री के वितरण और बरामद शवों के प्रबंधन में जुटे हैं। पुलिस की टीम उच्च जोखिम वाले इलाकों से परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, मलबे के कारण बंद सड़कों को साफ करने तथा स्थानीय प्रशासन और लोगों के साथ मिलकर खोज, बचाव और राहत अभियानों के समन्वय का काम भी कर रही हैं। नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट 26 अगस्त को बर्फ और चट्टानों के ढहने या हिमस्खलन के कारण अचानक बाढ़ आ गई थी।
इस बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई थी। इस बीच, नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण रसुवा और नुवाकोट में खोज एवं बचाव अभियान प्रभावित हो रहे हैं। जल तथा मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञानी रोजान लामिछाने के अनुसार, बुधवार अपराह्न भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।
लामिछाने ने बताया कि भोटेकोशी बाढ़ से प्रभावित आसपास के इलाकों में भी दोपहर के समय मध्यम बारिश हो सकती है, जिनमें रसुवा, नुवाकोट और धादिंग शामिल हैं। विभाग के अनुसार, पिछले 12 घंटों में सबसे अधिक बारिश सिंधुपालचोक के नोस्याम पाटी स्थित मौसम केंद्र में दर्ज की गई, जहां 60.2 मिलीमीटर बारिश हुई। बागमती, गंडकी और लुंबिनी प्रांतों के कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई है, जबकि कोशी, कर्णाली और सुदूरपश्चिम प्रांतों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
विभाग ने बताया कि बुधवार दोपहर देशभर में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। अधिकारियों ने बताया कि आज रात कोशी, बागमती और गंडकी प्रांतों के पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के कार्यकारी प्रमुख धर्म राज उप्रेती ने बताया कि बारिश के कारण सुरंग में पानी भरने से भोटेकोशी बाढ़ प्रभावित इलाकों में खोज एवं बचाव अभियान के समक्ष अतिरिक्त चुनौतियां पैदा हो गई हैं।
उप्रेती के अनुसार, रातभर हुई बारिश के कारण जलविद्युत परियोजना की सुरंग में पानी भर गया। परियोजना की सुरंगों के अंदर कठिन परिस्थितियों के कारण खोज एवं बचाव अभियान प्रभावित हुआ है। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल, विदेशी तकनीकी विशेषज्ञों और परियोजना कर्मचारियों की टीम खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं, लेकिन वे अब तक लापता श्रमिकों का पता नहीं लगा पाई हैं।
नेपाल के स्वतंत्र विद्युत उत्पादक संघ के पूर्व अध्यक्ष गणेश कार्की ने कहा कि सुरंगों तक उपकरण आसानी से नहीं पहुंचाए जा पाने के कारण भी बचाव अभियान धीमा हो गया है। उन्होंने कहा कि सुरंगों के प्रवेश द्वारों का पता लगाना भी मुश्किल हो गया है। कार्की ने कहा, ‘‘नदी के साथ बहकर आया मलबा सुरंगों के ऊपर तक पहुंच गया है।
सुरंग के प्रवेश द्वारों की सही जगह का पता लगाना भी मुश्किल हो गया है।
Viral Video : ड्यूटी या दारू पार्टी? VIDEO वायरल होते ही दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन
Viral Video : सोशल मीडिया पर एक हैरान करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल और DTC ड्राइवर पुलिस की PCR वैन के अंदर शराब पीते नजर आ रहे हैं. वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है.
The post Viral Video : ड्यूटी या दारू पार्टी? VIDEO वायरल होते ही दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन appeared first on Prabhat Khabar.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi





