IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ ईशान किशन बनाएंगे बड़ा कीर्तिमान! इस साल दूसरी बार होगा ये कारनामा
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से 3 टी20 मैचों की सीरीज का आगाज होगा. सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का भी ऐलान कर दिया गया है. श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है. जबकि एक बार फिर उपकप्तानी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा को सौंपी गई है. टीम में बतौर विकेटकीपर संजू सैमसन और ईशान किशन को मौका मिला है. इसकी पूरी संभावना है कि ईशान किशन को प्लेइंग 11 में भी जगह मिल सकती है. ऐसे में अगर ईशान अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ही टी20 मैच में सिर्फ 14 रन बना देते हैं तो वो एक बड़ा कीर्तिमान बना देंगे.
ईशान किशन के पास होगा बड़ा कीर्तिमान बनाने का मौका
ईशान किशन का इस साल 2026 में जमकर बल्ला चला है. उन्होंने बल्ले से खूब धमाल मचाया है और रन बनाए हैं. ईशान इस साल 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनसे आगे सिर्फ इंग्लैंड के हैरी ब्रूक हैं. हैरी ब्रूक ने इस साल 1200 से ज्यादा रन बनाए हैं. जबकि ईशान किशन 1000 रन के बेहद करीब पहुंच गए हैं. अगर वो अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में 14 रन बना देते हैं तो इस साल 1000 रनों का आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
यह पहली बार होगा जब ईशान एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन पूरे करने का बड़ा कारनामा करेंगे. इससे पहले एक साल में उनका बेस्ट प्रदर्शन 893 रन था, जो उन्होंने साल 2022 में बनाया था. वहीं इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने कुल 927 रन बनाए हैं. रूट ईशान से पहले 1000 रनों का आंकड़ा छू सकते हैं, क्योंकि 9 सितंबर से इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा. अगर इसमें रूट के बल्ले से एक बड़ी पारी निकलती है तो वो आगे निकल जाएंगे.
साल 2026 में तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
हैरी ब्रूक - 1218
ईशान किशन - 986
जो रूट - 927
डेरिल मिचेल - 914
2026 में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं ईशान किशन
ईशान किशन इस साल 2026 में तीनों फॉर्मेट में मिलाकर भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अब तक 28 इंटरनेशनल मैचों की 27 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 986 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल है. ईशान ने 36.51 के औसत से रन बनाए हैं. उनके पास कोई और खिलाड़ी नहीं है. दूसरे नंबर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल हैं, जिन्होंने कुल 761 रन बनाए हैं.
साल 2026 में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
ईशान किशन - 986
शुभमन गिल - 761
श्रेयस अय्यर - 530
अभिषेक शर्मा - 514
शिवम दुबे - 488
अफगानिस्तान करेगा इस T20 सीरीज की मेजबानी
भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 टी20 मैचों की यह सीरीज दिल्ली में खेले जाएंगे. सभी मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन इस सीरीज की मेजबानी भारत नहीं बल्कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ही करेगा. भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मैच 13 सितंबर को खेला जाएगा. जबकि दूसरा मैच 15 और तीसरा 17 सितंबर को खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें: Explainer: एक देश, 6 टीमें! जानिए दिलीप ट्रॉफी के जोनल चक्रव्यूह में कैसे बंटते हैं भारत के 28 राज्य
शाम होते ही दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया आरेंज और येलो अलर्ट
Delhi NCR Heavy Rain: दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. पूरे दिन की उमस के बाद शाम होते ही आसमान में घने काले बादलों का डेरा जम गया और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई. ठंडी हवाओं और फुहारों ने शहर के तापमान को गिरा दिया, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी से बड़ी राहत मिली है. राष्ट्रीय राजधानी के साथ साथ एनसीआर के कई प्रमुख शहरों में भी बारिश का यह दौर तेजी से फैला. मौसम के इस बदले हुए रूप को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने तुरंत हरकत में आते हुए अलग अलग इलाकों के लिए आरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है. विभाग का कहना है कि यह चेतावनी लोगों को डराने के लिए नहीं, बल्कि सावधानी बरतने और तैयारी रखने के लिए दी गई है.
इन इलाकों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है. इनमें दक्षिण पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के इलाके शामिल हैं. इन इलाकों में बारिश की तीव्रता अधिक रह सकती है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तेज बारिश के कारण निचले इलाकों, चौराहों और फ्लाईओवर के नीचे पानी भरने की समस्या पैदा हो सकती है. अचानक होने वाली तेज बारिश से ड्रेनेज सिस्टम पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे सड़कों पर पानी जमा होने लगता है. नगर निगम और स्थानीय प्रशासन को भी ऐसे संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को जलभराव से परेशानी न उठानी पड़े.
हल्की फुहारों से सुहाना हुआ अन्य इलाकों का मौसम
राजधानी के जिन इलाकों में मूसलाधार बारिश का खतरा कम है, वहां हल्की से मध्यम बारिश की फुहारें देखने को मिल रही हैं. मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है. इन इलाकों में बारिश जमीन पर ज्यादा रुकावट पैदा किए बिना वातावरण को ठंडा और खुशनुमा बना रही है. शाम के समय दफ्तरों से घर लौट रहे लोग इस सुहावने मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए. पेड़ों की धुली हुई पत्तियां और भीगी सड़कों पर जलती स्ट्रीट लाइटें शहर को एक खूबसूरत और शांत नजारा दे रही हैं.
गाजियाबाद और नोएडा में भी अलर्ट, आंधी बिजली की चेतावनी
बारिश का यह सिलसिला सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है. मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की है. गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर यानी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है. अगले कुछ घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है. दिल्ली और यूपी के बॉर्डर पर रोजाना सफर करने वाले लाखों कामकाजी लोगों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब भी बन सकती है. सड़कों पर फिसलन बढ़ने और दृश्यता कम होने से शाम के व्यस्त समय में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ सकती है.
अलर्ट के रंगों का क्या है मतलब
मौसम विभाग की चेतावनी प्रणाली में रंगों का बड़ा महत्व होता है. विभाग द्वारा जारी किए गए आरेंज अलर्ट का सीधा मतलब होता है कि स्थिति पर नजर रखी जाए और किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए तैयार रहा जाए. इसका उद्देश्य यह है कि लोग अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और सतर्क रहें. वहीं येलो अलर्ट का मतलब सिर्फ अपडेट रहना और मौसम की जानकारी से वाकिफ रहना होता है. प्रशासन ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे बारिश के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें और वाहन चलाते समय उचित दूरी बनाए रखें.
सड़कों पर जाम की चुनौती और आगे का अनुमान
शाम के समय अचानक हुई इस बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की कतारें लंबी होने लगी हैं. बारिश के चलते सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. ट्रैफिक पुलिस लगातार स्थिति को संभालने में जुटी हुई है और यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है. अब देखने वाली बात यह होगी कि बारिश का यह दौर रात भर जारी रहता है या कुछ घंटों में थम जाता है. आने वाले घंटों में मौसम विभाग का अगला बुलेटिन यह साफ करेगा कि दिल्ली एनसीआर को इस राहत के साथ साथ जलभराव की कितनी बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हलचल से बदलेगा मौसम, 23 राज्यों में बारिश मचाएगी गदर; IMD अपडेट जारी
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation






