रैपर बादशाह ने दूसरी पत्नी ईशा रिखी से लिया तलाक:शादी के 5 महीने बाद अलग हुए; पहली पत्नी जैस्मिन से 2020 में अलग हुए थे
रैपर बादशाह और पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने अपनी शादी के 5 महीने बाद ही एक-दूसरे से अलग होने का ऐलान कर दिया है। दोनों ने सोमवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जैसी पोस्ट शेयर कर तलाक की पुष्टि की। बादशाह ने अपनी पोस्ट में कहा कि यह फैसला दोनों की आपसी सहमति से लिया गया है। उन्होंने फैंस और मीडिया से इस समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने और किसी भी तरह का अंदाजा न लगाने का अनुरोध किया है। पिछले कुछ हफ्तों से दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें आ रही थीं। इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या लिखा पोस्ट में बादशाह ने लिखा कि वे और ईशा रिखी आपसी सम्मान के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ रहे हैं। बादशाह ने लिखा, "हमारा यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है। हम सभी से गुजारिश करते हैं कि इस समय हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें। इस मुद्दे पर हमारा यह पहला और आखिरी बयान है, इसलिए हमारी रिलेशनशिप को लेकर आगे कोई अंदाजा न लगाया जाए।" ईशा रिखी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यही बयान शेयर किया है। कौन हैं ईशा रिखी? जुलाई से सामने आ रही थीं अनबन की खबरें बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते में तनाव की खबरें जुलाई के महीने में आनी शुरू हुई थीं। 26 जुलाई को ईशा ने बादशाह के साथ अपनी कई तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए एक पोस्ट लिखी थी। इसमें उन्होंने 'हर तूफान एक सीख है' लिखकर दिल टूटने वाला इमोजी लगाया था। इसके बाद ईशा ने एक नोट में लिखा था कि वे लंबे समय तक डर की वजह से चुप रहीं, लेकिन अब वे अपने आत्मसम्मान के लिए बोल रही हैं। इसी बीच ईशा की मां पूनम रिखी ने भी सोशल मीडिया पर कर्म से जुड़ी पोस्ट शेयर की थीं। जून में ही किया था शादी का खुलासा ईशा रिखी ने इसी साल जून में इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की पुष्टि की थी। हालांकि शादी के बाद भी दोनों सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के बारे में ज्यादा बात करने से बचते रहे। वहीं अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ईशा रिखी जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का हिस्सा बन सकती हैं। बादशाह का दूसरा तलाक, पहली पत्नी से है एक बेटी यह रैपर बादशाह का दूसरा तलाक है। इससे पहले उन्होंने 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी। साल 2017 में दोनों की एक बेटी हुई, जिसका नाम जेसेमी ग्रेस मसीह सिंह है। हालांकि मतभेदों के बाद बादशाह और जैस्मिन साल 2020 में एक-दूसरे से अलग हो गए थे। इसके बाद बादशाह की जिंदगी में ईशा रिखी की एंट्री हुई थी। तलाक के ऐलान के बीच बादशाह का नया गाना रिलीज बादशाह, जिनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, ने अपने संगीत सफर की शुरुआत साल 2006 में 'माफिया मुंडीर' ग्रुप से की थी। साल 2013 में दिलजीत दोसांझ के साथ आए पंजाबी गाने 'प्रॉपर पटोला' और साल 2015 के 'डीजे वाले बाबू' से उन्हें देशभर में बड़ी पहचान मिली। इसके बाद साल 2014 में उन्होंने फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' के गाने 'सैटरडे सैटरडे' और 'खूबसूरत' के गाने 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है' से बॉलीवुड में कदम रखा। पर्सनल लाइफ में चल रही हलचल के बीच बादशाह का नया मराठी हिप-हॉप गाना 'चिमना' 31 अगस्त को रिलीज हुआ है। इसमें उन्होंने दिव्या कुमार और मराठी लोक कलाकार नागेश मोरवेकर के साथ काम किया है।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर महिला ने दो लोगों को चाकू मारा, पुलिस गोलीबारी में आरोपी ढेर
न्यूयॉर्क, एक सितंबर (एपी) अमेरिका की न्यूयॉर्क सिटी के टाइम्स स्क्वायर पर एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गयी। इसके बाद पुलिस ने हमलावर महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हुई यह घटना वन टाइम्स स्क्वायर के ठीक बाहर न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक उप केंद्र के पास हुई।
वन टाइम्स स्क्वायर वही इमारत है, जहां शहर में हर बार नए साल की पूर्व संध्या के ‘बॉल ड्रॉप’ समारोह का आयोजन होता है। टाइम्स स्क्वायर न्यूयॉर्क के उन इलाकों में शामिल है, जहां सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं। न्यूयॉर्क पुलिस ने सोमवार शाम एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि क्वींस की रहने वाली 49 वर्षीय महिला ने एक बैग से दो चाकू निकाले और पहले 68 वर्षीय एक व्यक्ति के पेट में चाकू मार दिया।
इसके तुरंत बाद उसने मुड़कर 32 वर्षीय एक महिला के पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 68 वर्षीय व्यक्ति की हालत स्थिर है।
पुलिस ने यह नहीं बताया कि दोनों पीड़ित पर्यटक थे या स्थानीय निवासी। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कम से कम 10 पुलिस अधिकारी उस महिला के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। महिला के हाथों में रसोई में इस्तेमाल होने वाले दो बड़े चाकू थे।
पुलिस आयुक्त जेसिका टिश ने बताया कि अधिकारियों ने महिला को चाकू नीचे रखने के लिए समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दो पुलिस अधिकारियों ने महिला पर गोली चला दी। टिश ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में महिला के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख है, लेकिन उसे पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। टिश ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह संकेत मिले कि यह आतंकवादी हमला था। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि आज जो हुआ, उससे पीड़ित परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बिखर गई है।
हम उनके दुख को समझते हैं और उनके साथ खड़े रहेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
prabhasakshi










/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)

