नूपुर सेनन बहन कृति के सपोर्ट में आईं:एड विवाद पर बोलीं- दूसरे के कपड़ों से लोगों को तकलीफ क्यों, सोच बदलिए
एक्ट्रेस कृति सेनन के ज्वेलरी एडवर्टाइजमेंट विवाद में अब उनकी बहन नूपुर सेनन भी उनके समर्थन में उतर आई हैं। रक्षाबंधन थीम वाले इस एड में कृति के कपड़ों और पेट डॉग को राखी बांधने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग हो रही थी। अब इस मामले में कृति के जवाब के बाद नूपुर सेनन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी पोस्ट री-शेयर की। नूपुर ने लिखा कि कृति उन्हें ही राखी बांधती हैं और जब उन्हें बहन के कपड़ों से कोई दिक्कत नहीं है, तो दूसरों को क्यों परेशानी हो रही है। 'अपनी सोच को विकसित करें' नूपुर सेनन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कृति सेनन की पोस्ट री-शेयर करते हुए ट्रोलर्स पर निशाना साधा। नूपुर ने लिखा, "सोचिए, कोई दूसरी महिला क्या पहनती है, इस बात से लोग कितने परेशान हो सकते हैं। सम्मानपूर्वक अपनी सोच को विकसित (इवॉल्व) करें।" नूपुर ने आगे लिखा, "कृति जिसे राखी बांधती हैं, वह मैं हूं। जब मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है, तो आपको क्यों हो रही है?" एड में पहनावे और पेट डॉग की वजह से विवाद यह पूरा विवाद एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन एड के बाद शुरू हुआ था। इसमें कृति इंडो-वेस्टर्न ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज में नजर आई थीं। वीडियो में वे भाई के अलावा पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखी थीं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति का अपमान बताते हुए एक्ट्रेस के कपड़ों को लेकर नाराजगी जताई थी और शिकायत दर्ज करने की मांग की थी। कुछ यूजर्स ने इस एडवर्टाइजमेंट को हिंदू धर्म और त्योहारों के प्रति असंवेदनशील करार दिया। एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार के गलत चित्रण और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में एक्ट्रेस के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। कृति सेनन का जववाब- संस्कृति दिल में होती है, नेकलाइन में नहीं कृति सेनन ने ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि एथनिक फैशन में समय के साथ बदलाव आया है, लेकिन आज भी महिलाओं के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उनके कपड़ों से नापा जाता है। एक्ट्रेस ने सवाल उठाया कि समाज महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, यह बताना कब बंद करेगा? उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराएं इंसान के दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं। कृति ने कहा- बहन और पेट डॉग्स को भी बांधती हूं राखी रक्षाबंधन पर बात करते हुए कृति ने कहा कि यह त्योहार सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वे और उनकी बहन नूपुर सेनन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं, क्योंकि वे दोनों एक-दूसरे की सुरक्षा किसी भाई से कम नहीं करती हैं। कृति ने आगे लिखा कि यही प्यार पेट डॉग्स के लिए भी है, क्योंकि वे भी उनके परिवार का ही हिस्सा हैं। 'कॉकटेल 2' में नजर आई थीं कृति सेनन कृति सेनन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'कॉकटेल 2' में देखा गया था। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कृति के साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में थे। 'कॉकटेल 2' में शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना के साथ कृति भी मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म 2012 में आई सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल थी, जिसे बॉक्स ऑफिस पर मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था। नूपुर सेनन का बॉलीवुड करियर नूपुर सेनन भी बॉलीवुड में एक्टिव हैं। उन्होंने अक्षय कुमार के साथ हिट म्यूजिक वीडियो 'फिलहाल' से पहचान बनाई थी। इसके अलावा नूपुर ने फिल्म 'टाइगर नागेश्वर राव' से अपना एक्टिंग डेब्यू किया है और वे कई प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हैं। दोनों बहनें एक-दूसरे के बेहद करीब हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी बॉन्डिंग शेयर करती रहती हैं। ये खबर भी पढ़ें हिट फिल्म के बाद भी 15 महीने बेरोजगार रहीं कृति:स्टारकिड्स ने छीने बड़े रोल, जिस किरदार पर सवाल उठे, उसी ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड कृति सेनन बॉलीवुड की सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उनके नाम नेशनल अवॉर्ड, कई सुपरहिट फिल्में और अपना प्रोडक्शन हाउस है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का रास्ता रिजेक्शन, अकेलेपन, तानों और आत्मविश्वास की लड़ाई से होकर गुजरा है। पूरी खबर पढ़ें
संजय बांगड़ की बेटी अनाया फिर खेल सकेंगी क्रिकेट:ऑस्ट्रेलिया ने खेलने की अनुमति दी; सर्जरी और हार्मोन रिप्लेसमेंट से बदला था जेंडर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ अब क्रिकेट में वापसी कर सकती हैं। अनाया का जन्म एक लड़के के तौर पर हुआ था। उनका नाम आर्यन था। उन्होंने बाद में सर्जरी और हार्मोन रिप्लेसमेंट के जरिए खुद को लड़की बना लिया और अपना नाम अनाया रख लिया। जेंडर बदलवाने के कारण उन्हें खेल से बाहर होना पड़ा था। अब अनाया भारत में न सही ऑस्ट्रेलिया जाकर दोबारा क्रिकेट खेल सकती हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें अपनी ट्रांसजेंडर पॉलिसी के तहत ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट खेलने की अनुमति दी है। CA के फैसले के मुताबिक अनाया मार्च 2027 से एलीट महिला क्रिकेट खेल सकती हैं। हालांकि, CA की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की लीग विमेंस बिग बैश की किसी टीम में कॉन्ट्रैक्ट मिल गया है। हार्मोन थेरेपी और सर्जरी के बाद क्रिकेट में वापसी अनाया ने जेंडर ट्रांजिशन की प्रक्रिया के दौरान हार्मोन थेरेपी कराई और मार्च 2026 में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट में वापसी के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया। CA ने उनके मामले की समीक्षा के बाद उन्हें फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेलने की अनुमति दी है। मार्च 2027 से एलीट क्रिकेट के लिए शर्त पूरी करनी होगी विमेंस बिग बैश टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनाया को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल शर्तों को पूरा करना होगा। CA के मुताबिक उनकी पात्रता इस बात पर निर्भर होगी कि ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर उनके ब्लड टेस्ट में सीरम टेस्टोस्टेरोन 10 nmol/L से कम हो और वे पॉलिसी की बाकी शर्तों को भी पूरा करती रहें। टेस्टोस्टेरोन मेल हार्मोन है। हालांकि, महिलाओं में इसकी मौजूदगी होती है लेकिन मात्रा पुरुषों की तुलना में काफी कम होता है। अनाया बोलीं- एक समय लगा था क्रिकेट हमेशा के लिए खो दिया अनाया ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले को अपने लिए बेहद भावुक पल बताया। उन्होंने कहा कि एक समय उन्हें सच में लगने लगा था कि वे शायद दोबारा क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी। उन्होंने कहा कि बचपन से क्रिकेट उनकी पहचान का अहम हिस्सा रहा है। ट्रांजिशन के बाद क्रिकेट से दूर होना उनके लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक था। अनाया के मुताबिक, यह सिर्फ किसी महिला लीग में शामिल होने का मामला नहीं है, बल्कि उस खेल में वापस लौटने का मौका है, जिससे वे बचपन से प्यार करती हैं। मुंबई अंडर-19 क्रिकेट खेल चुकी हैं अनाया इससे पहले मुंबई की एज-ग्रुप क्रिकेट में खेल चुकी हैं। उन्होंने मुंबई अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट खेला था और उस दौर में सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान जैसे खिलाड़ियों के साथ भी खेल चुकी हैं। भारत में महिला क्रिकेट खेलने का रास्ता स्पष्ट नहीं भारत में ट्रांसजेंडर महिलाओं के महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर BCCI की स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, ICC ने 2023 में पुरुष यौवन से गुजर चुके ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को एलीट महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने से रोकने की नीति अपनाई थी। ____________________________ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… श्रीलंका को फॉलोऑन बचाने के लिए 37 रन चाहिए:भारत के स्कोर से 238 रन पीछे, 2 विकेट बचे; कोलंबो टेस्ट का चौथा दिन आज भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। बुधवार को मैच का चौथा दिन है। श्रीलंका पहली पारी में 265/8 के स्कोर से आगे खेलेगा। वह भारत के पहली पारी के स्कोर 503/9 से 238 रन पीछे है। पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others






