एफएसएसएआई की एक और बड़ी कार्रवाई: एवरेस्ट और लालजी गोधू पर मिश्रित हींग पाउडर बेचने पर लगाया प्रतिबंध
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खाद्य गुणवत्ता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देश के दो प्रमुख मसाला ब्रांड एवरेस्ट और लालजी गोधू की कम्पाउंडेड यानी मिश्रित हींग की बिक्री पर रोक लगा दी है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत की गई है, जब जांच में दोनों कंपनियों के हींग उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एम/एस एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और एम/एस लालजी गोधू एंड कंपनी के खिलाफ नियामकीय कार्रवाई करते हुए उनके हींग उत्पादों की बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
हालांकि प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल हींग उत्पादों तक सीमित है और कंपनियों के अन्य मसाला उत्पाद जैसे गरम मसाला, अंडा करी मसाला या चिकन करी मसाला पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
इस मामले की शुरुआत एक उपभोक्ता द्वारा हींग की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराने के बाद हुई। शिकायत मिलने के बाद एफएसएसएआई ने बाजार में उपलब्ध विभिन्न हींग ब्रांडों की व्यापक जांच शुरू की। शुरुआती प्रयोगशाला परीक्षणों में एवरेस्ट और लालजी गोधू की कम्पाउंडेड हींग गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
इसके बाद दोनों कंपनियों की मुंबई स्थित केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त निर्माण इकाइयों से नमूने लेकर विस्तृत परीक्षण कराया गया। साथ ही, गुजरात के उमरगांव स्थित एवरेस्ट की एक अन्य विनिर्माण इकाई पर राज्य खाद्य सुरक्षा विभाग के सहयोग से भी सैंपलिंग की गई। जांच में लिए गए सभी नमूनों में गंभीर गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आईं।
खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार, कम्पाउंडेड हींग बनाने के लिए शुद्ध हींग को गोंद, स्टार्च और आटे के साथ मिलाया जाता है। लेकिन इसमें कम से कम 5 प्रतिशत अल्कोहल-सॉल्युबल एक्सट्रैक्ट होना अनिवार्य है, जो असली हींग की उपस्थिति का प्रमुख संकेतक माना जाता है।
जांच के दौरान पाया गया कि दोनों कंपनियों के उत्पादों में यह मात्रा केवल 0 से 3 प्रतिशत के बीच थी, जिसका अर्थ है कि उत्पादों में असली हींग की मात्रा निर्धारित मानकों की तुलना में काफी कम थी और उपभोक्ताओं को अपेक्षित गुणवत्ता का उत्पाद नहीं मिल रहा था।
जांच के दौरान लालजी गोधू एंड कंपनी की इकाई से प्राप्त शुद्ध हींग की छह अलग-अलग किस्मों का भी परीक्षण किया गया। नियमों के अनुसार शुद्ध हींग में स्टार्च की मात्रा 1 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।
हालांकि प्रयोगशाला जांच में इन नमूनों में स्टार्च की मात्रा 15 प्रतिशत से 32 प्रतिशत तक पाई गई, जो निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह संकेत देता है कि उत्पाद में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमी मौजूद थी।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एफएसएसएआई ने एवरेस्ट और लालजी गोधू की कम्पाउंडेड हींग की बिक्री और वितरण पर देशभर में प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।
साथ ही दोनों कंपनियों को यह बताने के लिए कहा गया है कि वे इन कमियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठा रही हैं और भविष्य में उत्पादों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कैसे बनाएंगी।
प्राधिकरण ने कंपनियों को बाजार में उपलब्ध संबंधित बैचों को स्वेच्छा से वापस मंगाने पर भी विचार करने की सलाह दी है, ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि प्राधिकरण लगातार ऐसे उत्पादों की निगरानी कर रहा है जो निर्धारित मानकों का पालन नहीं करते हैं। इस मामले में भी जांच के बाद त्वरित कार्रवाई कर यह संदेश दिया गया है कि खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे खाद्य उत्पाद खरीदते समय लाइसेंस, लेबलिंग और गुणवत्ता संबंधी जानकारी पर ध्यान दें तथा किसी भी संदिग्ध उत्पाद की शिकायत संबंधित अधिकारियों को करें।
--आईएएनएस
डीबीपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
'क्रिएटिविटी और परंपरा को मिलाकर खिलवाड़ नहीं कर सकते', एड विवाद को लेकर कंगना के बाद अब उर्वशी ने कृति पर साधा निशाना
Urvashi Rautela Slams Kriti Sanon: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन (Kriti Sanon) हाल ही में रक्षा बंधन के मौके पर एक राखी के एड में नजर आई थी. जिसमें उन्होंने ब्रालेट ड्रेस पहनी थी. इसको लेकर कृति को काफी ट्रोल किया गया और उन पर भारतीय संस्कृति के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया था. कृति सेनन के कपड़ों को लेकर कंगना रनौत ने भी सवाल उठाए थे. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उस एड को हटा लिया गया था. लेकिन ये विवाद अभी तक जारी है. अब कंगना के बाद उर्वशी रौतेला (Urvashi Rautela) ने एक्ट्रेस पर एड में ब्रालेट ड्रेस पहनने पर निशाना साधा है. आइए जानते हैं कि उन्होंने इस पर क्या कहा.
'क्रिएटिविटी और परंपरा को मिलाकर खिलवाड़ नहीं कर सकते',
मीडिया संग बातचीत में उर्वशी ने कहा कि क्रिएटिविटी के नाम पर सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए. उर्वशी ने कहा, 'मेरा यह मानना है कि क्रिएटिविटी के नाम पर सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचानी चाहिए. मैं किसी को भी उसके पहनावे या कपड़ों के आधार पर जज नहीं करती हूं. मुझे लगता है कि आजादी और क्रिएटिविटी का जश्न मनाते समय हमें यह सोचना चाहिए कि चाहे यह किसी भी ब्रांड का प्रचार ही क्यों न हो, रक्षाबंधन एक बेहद संवेदनशील विषय है.
'त्योहार को लेकर जागरूक और सतर्क रहना होगा'
उर्वशी ने आगे कहा कि करोड़ों लोग रक्षा बंधन का त्योहार मनाते हैं इसलिए हमें इस बात को लेकर ज्यादा सर्तक रहना होगा. उन्होंने कहा, 'करोड़ों लोग इस पर्व को मनाते हैं. हमें अपनी परंपराओं पर गर्व है. इसलिए, हमें इस बात को लेकर जागरूक और सतर्क रहना होगा कि हम क्रिएटिविटी और रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व, जिसका भारतीय परंपरा में इतना बड़ा सांस्कृतिक महत्व है, दोनों को एक साथ मिलाकर खिलवाड़ नहीं कर सकते.' आपको बता दें कि उर्वशी ने अपने बयान में कही भी सीधे तौर पर कृति का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने इशारों-इशारों में उन पर निशाना साध दिया.
विवाद बढ़ने बाद हटा लिया गया था एड
फेमस ज्वैलरी कंपनी GIVA ने कृति सेनन को रक्षा बंधन के मौके पर स्पेशल एड में फीचर किया था. ज्वैलरी कंपनी ने विवाद बढ़ने के बाद इस एड को हटा लिया था. कंपनी ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से इसे हटाते हुए सफाई में कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति हमारे मन में सर्वोच्च सम्मान और गहरा सम्मान है. कंपनी ने अपना ऑफिशियल बयान जारी कर लिखा, 'हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं. एक ब्रांड के तौर पर, हम हमेशा पूरे परिवार के साथ खुशियों भरे पलों को मनाने में विश्वास रखते हैं और इस बार हम अपने पालतू जानवरों को भी इस प्यार और जश्न में शामिल करना चाहते थे. अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा बिल्कुल नहीं था. सम्मान के तौर पर हमने उस विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है.'
ट्रेलिंग पर कृति ने दिया था जवाब
कृति सेनन ने राखी के एड पर अपनी ट्रोलिंग होने पर जवाब दिया था. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर लिखा, 'त्योहारों का असली मक़सद सिर्फ़ अच्छे कपड़े पहनना नहीं है, बल्कि परंपराओं के प्रति आपकी भावनाएं और उनका महत्व मायने रखता है. रक्षाबंधन सुरक्षा का एक बंधन है. मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं. हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की सुरक्षा वैसे ही कर सकते हैं जैसे कोई भाई करता. हम एक-दूसरे की सेहत, खुशी और लंबी उम्र के लिए दुआ करते हैं और हमारे लिए, यह दुआ और वादा हमारे डॉग्स के लिए भी है! आख़िरकार, वे भी तो परिवार का हिस्सा हैं! और हां, हम कब महिलाओं को यह बताना बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?? समय के साथ एथनिक फ़ैशन में काफ़ी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ़ उसके कपड़ों से ही आंका जाता है!! संस्कृति और परंपराएं उसके दिल में होती हैं, उसके कपड़ों के गले की डिज़ाइन में नहीं!
ये भी पढ़ें: श्रेया कालरा को Kiss करने पर राम कपूर ने तोड़ी चुप्पी, एक्टर पर लगा था जबरन किस करने का आरोप
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation








