भास्कर अपडेट्स:AIMIM ने MLC मिर्जा रहमत बेग को पार्टी से निकाला, तुरंत इस्तीफा देने को कहा
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने तेलंगाना विधान परिषद के सदस्य (MLC) मिर्जा रहमत बेग को पार्टी से निकाल दिया है। पार्टी ने शनिवार रात यह फैसला लिया और उन्हें तत्काल प्रभाव से विधान परिषद के सभापति को अपना इस्तीफा सौंपने का निर्देश दिया। AIMIM ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। पार्टी के संयुक्त सचिव एसए हुसैन अनवर के जरिए बेग को यह निर्देश दिया गया। हालांकि, पार्टी ने अभी उनके निष्कासन की वजह नहीं बताई है। बेग ने 2023 में हैदराबाद लोकल अथॉरिटीज सीट से तेलंगाना विधान परिषद का चुनाव जीता था। आज की अन्य बड़ी खबरें… त्रिपुरा के पश्चिमी जिले में 5 सितंबर से SIR शुरू, 23 दिसंबर को फाइनल लिस्ट जारी होगी त्रिपुरा के पश्चिमी जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 5 सितंबर से शुरू होगा। जिला प्रशासन के मुताबिक, इसका मकसद मतदाता सूची को साफ, सही और अपडेट करना है। फाइनल वोटर्स लिस्ट 23 दिसंबर को जारी की जाएगी। SIR के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं को जरूरी फॉर्म देंगे और नाम के सत्यापन और नए नाम जोड़ने में मदद करेंगे। इसके बाद मतदाता सूची का मसौदा जारी होगा, जिस पर लोग दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इनकी जांच और सुनवाई के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी। पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और अन्य संबंधित लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखे जाएंगे, जबकि फर्जी, डुप्लीकेट, गलत या अपात्र नाम तय प्रक्रिया के तहत हटाए जाएंगे। राजौरी में LoC के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखे, सर्च ऑपरेशन शुरू जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, नौशेरा सेक्टर के रुमलीधारा इलाके में गुरुवार आधी रात के आसपास ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। जवानों की फायरिंग के बाद ड्रोन सीमा पार लौट गए। इसके बाद LoC के पास घुसपैठ की आशंका को देखते हुए इलाके में तलाशी ली गई। सुरक्षाबलों और अन्य एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। इससे पहले भी इस साल राजौरी और सांबा के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन की संदिग्ध गतिविधियां सामने आ चुकी हैं। महाराष्ट्र FDA ने सिप्ला की पुणे यूनिट का दवा बिक्री लाइसेंस रद्द किया महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप में सिप्ला फार्मा एंड लाइफ साइंसेज की पुणे स्थित CF यूनिट का दवा बिक्री लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह आदेश 27 अगस्त से लागू हुआ। FDA के मुताबिक, वाडकी स्थित गोदाम के निरीक्षण में दवाएं फर्श पर रखी मिलीं और एक्सपायर्ड दवाओं को संभालने की प्रक्रिया में भी कमियां मिलीं। जांच के दौरान रिएक्टिन प्लस टैबलेट्स की पैकेजिंग पर बिना अनुमति इसे ‘दर्द और बुखार की दवा’ बताए जाने का दावा मिला। FDA ने करीब 11.19 लाख रुपए का स्टॉक जब्त किया और कंपनी को बाजार से दवा वापस लेने का निर्देश दिया। बाद की जांच में स्टॉक रिकॉर्ड में गड़बड़ी और दवा वापस लेने के निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं करने की बात भी सामने आई। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने कहा कि दवाओं की सुरक्षा और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग कोई ढिलाई नहीं बरतेगा। नियम तोड़ने वाली कंपनियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिप्ला ने FDA के आदेश को चुनौती दी है। कंपनी ने कहा कि मामला अदालत में विचाराधीन है। UGC-NET का रिजल्ट जारी, 4 हजार से ज्यादा उम्मीदवार JRF के लिए क्वालिफाई नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 84 विषयों के UGC-NET के नतीजे जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल 6.07 लाख उम्मीदवारों में से 97 हजार से ज्यादा ने PhD में एडमिशन के लिए क्वालिफाई किया, जबकि 4 हजार से ज्यादा उम्मीदवार JRF के लिए चुने गए। NTA ने जून में हुई परीक्षा के दौरान अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी गलतियां मिलने के बाद इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया था। इनकी री-एग्जाम 9 और 10 सितंबर को होगी और इसके लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। UGC-NET के जरिए भारतीय विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए उम्मीदवारों की पात्रता तय की जाती है।
मुंबई में दूध ₹100 के पार, थोक भाव ₹9 बढ़े:दही-पनीर के दाम भी बढ़ सकते हैं; चारा और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने का असर
त्योहारी सीजन से पहले मुंबई के लोगों को महंगाई का झटका लगा है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BMPA) ने थोक दूध की कीमत में ₹9 प्रति लीटर बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमत 1 सितंबर से लागू होगी। इसके बाद मुंबई और आसपास के मेट्रोपॉलिटन इलाकों में थोक दूध का भाव ₹93 से बढ़कर ₹102 प्रति लीटर हो जाएगा। यह नई कीमत अगले 6 महीने यानी 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। एसोसिएशन के मुताबिक, यह हाल के वर्षों में दूध की कीमत में हुई सबसे बड़ी एकमुश्त बढ़ोतरी में से एक है। चारा, ट्रांसपोर्ट और पशुओं की देखभाल का खर्च बढ़ा दूध की कीमत बढ़ाने के पीछे डेयरी किसानों और तबेला संचालकों ने बढ़ती उत्पादन लागत को मुख्य वजह बताया है। पिछले एक साल में पशुओं के लिए जरूरी हरा चारा, चुनी और खली जैसी चीजों की कीमत लगातार बढ़ी है। इसके अलावा दूध की ढुलाई, पशुओं की देखभाल और तबेले के संचालन का खर्च भी बढ़ गया है। बढ़ती लागत के कारण दूध उत्पादकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। खुदरा दूध से लेकर मिठाइयों तक पड़ेगा असर थोक दूध महंगा होने का सीधा असर मुंबई के आम ग्राहकों पर पड़ने की आशंका है। स्थानीय दूध विक्रेता, डेयरी और घर तक दूध पहुंचाने वाले सप्लायर 1 सितंबर से बढ़ी हुई कीमत ग्राहकों से वसूल सकते हैं। कुछ जगहों पर खुदरा कीमत में थोक बढ़ोतरी से थोड़ा ज्यादा इजाफा भी हो सकता है। इसका असर सिर्फ दूध तक सीमित नहीं रहेगा। दूध महंगा होने से दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। त्योहारी सीजन में दूध की बड़ी खपत होने के कारण मिठाई की दुकानों, बेकरी और खाने-पीने की दुकानों पर भी लागत बढ़ेगी। ऐसे में त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दूसरे दूध से बने उत्पादों के दाम बढ़ने की संभावना है। ------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… चीनी ₹70 प्रति किलो, खड़गे बोले- ये कैसा आत्मनिर्भर भारत:3 महीने में 40% महंगी हुई; सरकार का बयान- एथेनॉल बनाने से नहीं बढ़े दाम देश के कई शहरों में चीनी की कीमत 70 रुपए किलो तक पहुंच गई है। पिछले 3 महीने में इसके दाम करीब 40% यानी ₹19 प्रति किलो तक बढ़े हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीनी की बढ़ती कीमतों और स्टॉक पर सरकार से सवाल किए। उन्होंने पूछा कि ये कैसा आत्मनिर्भर भारत है, जहां विदेश से चीनी आयात की जा रही है और दूसरी तरफ गन्ने को पेट्रोल में मिलाने के लिए एथेनॉल में झोंका जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others











