Flex Fuel: होंडा के 2 नए स्कूटर मॉडल लॉन्च एडीवी 160 और रेबल 300 की कीमतों से उठा पर्दा
Flex Fuel: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने अपने दो नए प्रोडक्ट्स होंडा एडीवी 160 और होंडा रेबल 300 की कीमतों का खुलासा कर दिया है। दोनों मॉडल कंपनी की जुलाई 2026 में पेश की गई 10 नए प्रोडक्ट्स की योजना का हिस्सा हैं। इन दोनों की बुकिंग देशभर में शुरू हो गई है, जबकि डिलीवरी अक्टूबर 2026 के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है।
होंडा एडीवी 160 की कीमत ₹1.70 लाख
होंडा एडीवी 160 को भारत में ₹1,70,000 एक्स-शोरूम की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इसे Honda RedWing और BigWing डीलरशिप के माध्यम से बेचा जाएगा। खास बात यह है कि यह भारत में कंपनी का पहला फ्लेक्स-फ्यूल स्कूटर है, जो E85 तक के फ्यूल ब्लेंड पर चल सकता है।
स्कूटर में 156.93 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। इसमें 27 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। फीचर्स की बात करें तो ADV160 में TFT डिस्प्ले, Honda RoadSync, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और Honda Selectable Torque Control (HSTC) शामिल हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ 1-चैनल ABS दिया गया है।
होंडा रेबल 300 की कीमत
होंडा रेबल 300 को भारत में दो वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट की कीमत ₹2,22,000, जबकि E-Clutch वेरिएंट की कीमत ₹2,62,000 एक्स-शोरूम, बेंगलुरु रखी गई है। यह बाइक केवल Honda BigWing डीलरशिप के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
रेबल 300 में 286 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है। इसका डिजाइन लो-स्लंग बॉबर स्टाइल में तैयार किया गया है। बाइक में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, TFT डिस्प्ले, Honda RoadSync और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ 2-चैनल ABS मिलता है।
₹5,000 में बुक कर सकते हैं दोनों मॉडल
होंडा एडीवी 160 और रेबल 300 की बुकिंग ₹5,000 में शुरू कर दी गई है। ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी अधिकृत डीलरशिप पर जाकर इन दोनों मॉडलों को बुक कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, दोनों मॉडल भारत में उसके 10 नए प्रोडक्ट्स की बड़ी योजना की शुरुआत हैं।
एडीवी 160 के साथ कंपनी एडवेंचर स्कूटर सेगमेंट में नया विकल्प पेश कर रही है, जबकि होंडा रेबल 300 के जरिए क्रूजर बाइक पसंद करने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश की गई है। दोनों मॉडलों की घोषित कीमतें 25 अगस्त 2026 से प्रभावी हैं और सभी कीमतें एक्स-शोरूम आधार पर हैं।
(मंजू कुमारी)
Electric Scooter: टीवीएस आईक्यूब का नया मिलियन आर एडिशन लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स
Electric Scooter: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए वाहन निर्माता कंपनियां अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में नए मॉडल और एडिशन शामिल कर रही हैं। इसी कड़ी में टीवीएस मोटर ने अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर आईक्यूब का नया मिलियनआर एडिशन भारतीय बाजार में लॉन्च किया है। इसमें खास डिजाइन और कई अपडेटेड फीचर्स दिए गए हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.40 लाख रखी गई है।
टीवीएस आईक्यूब मिलियनआर एडिशन हुआ लॉन्च
टीवीएस ने आईक्यूब मिलियनआर एडिशन को भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। यह नया एडिशन अपने खास कॉस्मेटिक अपडेट और अतिरिक्त फीचर्स के चलते स्टैंडर्ड आईक्यूब से अलग नजर आता है।
ऑरोरा ग्रीन कलर में आएगा स्कूटर
मिलियनआर एडिशन में ऑरोरा ग्रीन कलर का विकल्प दिया गया है। इसके अलावा स्कूटर में प्रीमियम सीट, मिलियनआर बैजिंग और नए ग्राफिक्स मिलते हैं। इन अपडेट्स के जरिए कंपनी ने स्कूटर को ज्यादा प्रीमियम लुक देने की कोशिश की है।
145 किलोमीटर तक की रेंज
टीवीएस आईक्यूब मिलियनआर एडिशन में 3.5 kWh क्षमता की बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 145 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इससे रोजाना शहर में आने-जाने वाले ग्राहकों के लिए यह एक उपयोगी विकल्प बन सकता है।
35.5 लीटर का स्टोरेज स्पेस
फीचर्स की बात करें तो नए एडिशन में Type-C चार्जिंग पोर्ट और फ्रंट स्टोरेज स्पेस दिया गया है। स्टोरेज क्षमता को भी बढ़ाया गया है। अब स्कूटर में कुल 35.5 लीटर का स्टोरेज स्पेस मिलता है, जो पहले 32 लीटर था।
इसके अलावा आईक्यूब मिलियनआर एडिशन में 118 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं, जो स्कूटर को टेक्नोलॉजी के मामले में और बेहतर बनाते हैं।
₹1.40 लाख है कीमत
टीवीएस आईक्यूब मिलियनआर एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत ₹1.40 लाख रखी गई है। इस कीमत पर यह इलेक्ट्रिक स्कूटर उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो बेहतर रेंज के साथ प्रीमियम डिजाइन और कनेक्टेड फीचर्स चाहते हैं।
इन इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से मुकाबला
भारतीय बाजार टीवीएस आईक्यूब का मुकाबला कई लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से है। मिलियनआर एडिशन का मुकाबला Hero Vida VX2, Ola S1 और Bajaj Chetak जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से होगा। नए फीचर्स, बेहतर स्टोरेज और 145 किलोमीटर की रेंज के साथ TVS इस सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
(मंजू कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








