Raksha Bandhan Special 2026: सलमान खान-संजय दत्त से लेकर कंगना-जेनेलिया तक, इन बॉलीवुड सेलेब्स ने मनाया रक्षा बंधन का त्योहार
Raksha Bandhan Special 2026: आज देश भर में धूम-धाम से रक्षा बंधन (Raksha Bandhan) का त्योहार मनाया जा रहा है. बॉलीवुड सेलेब्स भी इस त्योहार को अपने अंदाज में मना रहे हैं. रक्षा बंधन के मौके सलमान खान, अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और अनुपम खेर ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई है, वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत, जेनेलिया और प्रीति जिंटा तक कई सेलेब्स ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी. सभी सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर इस खास मोमेंट को शेयर किया है. वहीं, कई सेलेब्स ने रक्षा बंधन के मौके पर अपने भाई-बहनों के लिए प्यार भरा नोट लिखा है. आइए जानते हैं कि बॉलीवुड सेलेब्स ने रक्षा बंधन का त्योहार कैसे मनाया और अपने भाई-बहनों के लिए क्या लिखा.
सलमान खान ने दिखाई राखियों से सजी कलाई
रक्षाबंधन पर सलमान खान ने अपनी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री और अर्पिता खान शर्मा से राखी बंधवाई है. सोशल मीडिया सलमान का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें वह अपनी कलाई पर बंधी राखियों को दिखाते हुए नजर आए. सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो चर्चा में आ गया है. हालांकि, सलमान यह पूरी तरह साफ नहीं है कि सलमान खान ने बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री और अर्पिता खान शर्मा से राखी बंधवाई है लेकिन फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि उन्होंने ये राखियां बांधी होगीं. दरअसल, हर अलवीरा और अर्पिता अपने भाईयों को राखी बांधती हैं.
संजय दत्त की बहन ने रक्षा बंधन पर भाई पर लुटाया प्यार
वहीं, रक्षा बंधन पर संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने उन पर प्यार लुटाया है. उन्होंने अपने भाई संजय की यंग ऐज की एक फोटो शेयर करते हुए एक लंबा इमोशनल नोट लिखा. प्रिया ने लिखा, 'बचपन की यादों से लेकर जिंदगी के हर मोड़ तक, कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं. वो प्यार, वो हंसी-मजाक, वो बहस, वो कभी न खत्म होने वाली कहानियां, वो बिना कहे एक-दूसरे को समझ लेना... और यह सुकून कि जिंदगी हमें चाहे कहीं भी ले जाए, हम हमेशा एक-दूसरे के साथ रहेंगे.
रणबीर कपूर ने बहन ने शेयर की बचपन की तस्वीर
रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने रक्षा बंधन के मौके पर पुरानी यादों को शेयर किया.रिद्धिमा ने रणबीर के साथ बचपन की एक पुरानी फोटो की. उन्होंने इसके साथ लिखा, 'हैप्पी रक्षा बंधन. आई लव यू.' इस फोटो में फैंस को उनके बचपन के दिनों की झलक देखने को मिली. फैंस दोनों की बचपन की फोटो को खूब पसंद कर रहे हैं और अपना प्यार लुटा रहे हैं.
अक्षय कुमार ने बहन को दी रक्षा बंधन की शुभकामनाएं
अक्षय कुमार ने अपनी अलका भाटिया बहन के साथ रक्षाबंधन के मौके पर एक फोटो शेयर की. उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा 'रिश्ता वो, जिसमें नोक झोंक भी है और हर मुश्किल में साथ भी है.हर भाई बहन को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं.'
सुनील शेट्टी ने ऐसे मनाया रक्षा बंधन
सुनील शेट्टी ने रक्षाबंधन के मौके पर अपनी फैमिली के साथ एक पुरानी तस्वीर शेयर की है. उन्होंने इसके साथ लिखा 'कुछ रिश्ते कभी नहीं बदलते. सिर्फ तस्वीरें बदलती हैं. हमारी इस छोटी सी दुनिया से लेकर जिंदगी में हमें जो कुछ भी मिला है, वहां तक... मेरी बहनें हमेशा मेरे साथ रहने वाले 'घर' का एक हिस्सा रही हैं. रक्षाबंधन की शुभकामनाएं. तुम्हारा भाई.'
प्रीति जिंटा ने अपने दोनों भाईयों के बांधी राखी
रक्षा बंधन पर प्रीति जिंटा ने भी अपने भाई मनीष और दीपांकर के साथ तस्वीरें शेयर की हैं. उन्होंने तीन तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आप सभी को रक्षाबंधन की बधाई जो आज इसे मना रहे हैं, और मेरे उन दोनों साथियों को भी, जिनके साथ मैंने शरारतें कीं, खुशियां बांटीं और जिंदगी के हर पल को जिया. आप दोनों से बहुत-बहुत प्यार.'
जेनेलिया डिसूजा ने भाई संग शेयर किया वीडियो
एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा ने इस खास मौके पर भाई निगेल डिसूजा के साथ रक्षा बंधन मनाते हुए वीडियो शेयर किया है. जिसमें वह अपने भाई को तिलक लगाती हुईं और आरती उतारती हुई नजर आईं. उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'हर साल होने वाली लड़ाई... बड़ी बहन को ही हमेशा तोहफे देने और लाड़-प्यार करने वाला होना चाहिए, उल्टा नहीं हो सकता - इसकी इजाजत नहीं है. लेकिन इस बार निगु-पिगु ने 'छोटी गैंग' की मदद ली और मैं बुरी तरह हार गई। रक्षाबंधन की बधाई, निगु-पिगु। मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ी रहूंगी.'
मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान, अब 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित होंगी, चरणबद्ध रूप से पूरे प्रदेश में सुविधा मिलेगी. महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने का मुख्यमंत्री ने ऐलान किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित किए जाने की घोषणा की है. इन टॉयलेट्स में स्वच्छता के साथ-साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर आधुनिक एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराकर महिलाओं के लिए अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा.
महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का ऐलान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में उपलब्ध मुफ्त सफर की सुविधा को महिलाओं के लिए 60 वर्ष की आयु से लागू किया जाएगा. इससे प्रदेश की अधिकाधिक बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.
10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके.
ऋण की सीमा बढ़ाकर ढाई लाख रुपये की जाएगी
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है.
चकरपुर में मुख्यमंत्री ने बहनों से बंधवाई राखी
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने मुख्यमंत्री को भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षासूत्र बांधा. मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का अभिवादन करते हुए उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
बहनों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन उनके लिए अत्यंत शुभ और भावनात्मक है. उन्होंने कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है. यही प्रेम उन्हें अधिक मेहनत और ऊर्जा के साथ प्रदेश की जनता की सेवा करने की शक्ति देता है.
संस्कारों को मजबूत करने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व भी है. जब हम एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारियों का संकल्प लेते हैं और सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं, तो रिश्ते और मजबूत होते हैं. भारतीय संस्कृति में बहन के स्नेह और भाई के संकल्प का यह रिश्ता सदियों से परिवार, समाज और संस्कारों को मजबूत करने की प्रेरणा देता आया है.
जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व हमें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है तथा मातृशक्ति के सम्मान का संदेश देता है. हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है. एक भाई अपनी बहन के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली को अपना धर्म मानता है. इसी भावना के साथ राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है.
स्वरोजगार के लिए पूंजी उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से मातृशक्ति को अपनी नीतियों और योजनाओं में सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उन्होंने नारी सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि धरातल पर योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं. प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, मुद्रा योजना के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार के लिए पूंजी उपलब्ध कराने का अवसर दिया गया.
राजनीतिक भागीदारी को भी सशक्त किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उनकी रसोई को धुएं से मुक्त करने का कार्य किया गया है. स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घर-घर शौचालय का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को भी सशक्त किया है. लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है.
आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी मातृशक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है. नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक सरकार उनका साथ दे रही है. योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर ₹11 हजार तथा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण करने पर ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के माध्यम से बच्चे के जन्म के बाद मां और शिशु की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री से युक्त किट उपलब्ध कराई जा रही है. 181 महिला हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा और सहायता का भरोसा दिया जा रहा है. राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की है. उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाली न बनें, बल्कि हर क्षेत्र में आगे बढ़कर नेतृत्व करें और रोजगार देने वाली बनें. इसी सोच के साथ राज्य में स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है, ताकि महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें. इस अवसर पर दर्जा मंत्री मोहिनी पोखरिया, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, शोभा राणा, कुलविंदर कौर, हरिकेश चंद, पूनम, ममता चुफाल, मंडल अध्यक्ष माया जोशी, भागीरथी खोलिया, अंजना अडो, पूर्व ग्राम प्रधान शोभा राणा, रेखा राणा, गीता, लक्ष्मी, चंद्रकला रौतेला, विमला, सरोज कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित सैकड़ों बहनें उपस्थित रहीं.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









