USCIRF ने Mohan Bhagwat का वीजा रद्द करने की मांग की, भारत ने किया खारिज
सागर कुलकर्णी वाशिंगटन, 27 अगस्त धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी कांग्रेस की एक सलाहकार समिति ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को जारी वीजा रद्द करने की मांग की है। भागवत तीन देशों की यात्रा के तहत न्यूयॉर्क में हैं। न्यूयॉर्क में, भागवत 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के इन्फोसिस थिएटर में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ (सर्व-एकत्व समारोह) को संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम को अलग-अलग धर्मों के लोगों के मिलन के तौर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आरएसएस प्रमुख विभिन्न संस्कृतियों और धर्मों के लोगों से बातचीत करेंगे। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ) ने एक बयान में कहा, ‘‘अमेरिका में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के दौरे को लेकर संगठन बेहद चिंतित है।’’ यूएससीआईआरएफ ने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े संगठनों के सदस्यों ने ‘‘धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसक हमले किए हैं।’’ यूएससीआईआरएफ के अध्यक्ष आसिफ महमूद ने कहा कि आयोग ने अमेरिकी सरकार से धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन में शामिल लोगों के खिलाफ ‘‘लक्षित प्रतिबंध’’ लगाने पर विचार करने का आग्रह किया है। इसमें भागवत को जारी वीजा रद्द करना भी शामिल है।
भारत ने यूएससीआईआरएफ के दावों को खारिज करते हुए उसे एक पक्षपाती संगठन बताया जिसकी कोई विश्वसनीयता नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हाल में कहा, ‘‘यह एक पक्षपाती संगठन है। मेरा कहना है कि हमें ऐसे संगठनों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि उनका अपना एजेंडा है और उनमें कोई विश्वसनीयता नहीं है...हमें उम्मीद नहीं है कि यूएससीआईआरएफ भारत के बहुलतावादी ढांचे की वास्तविकता को समझेगा या इसके विविध समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण सह-अस्तित्व को स्वीकार करेगा।’’ इस बीच, न्यूयॉर्क में भागवत के कार्यक्रम की मेजबानी करने वाले संगठन का ‘एक्स’ हैंडल बुधवार को उपयोगकर्ताओं के लिए ‘‘अनुपलब्ध’’ हो गया।
Hyundai की बड़ी तैयारी! 2027 तक लॉन्च होगी Next-Gen Creta और i10, कार बाजार में मचेगा धमाल
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









.jpg)