एशिया-प्रशांत के शीर्ष 100 स्टार्टअप्स; भारत शीर्ष पर:कैंसर इलाज से लेकर स्पेस तक, 19 भारतीय स्टार्टअप्स बदल रहे तकनीक की दुनिया
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम का वर्चस्व बढ़ रहा है। फोर्ब्स की इस साल की ‘100 टू वॉच’ लिस्ट में 19 कंपनियों के साथ भारत शीर्ष पर रहा है। इसके बाद सिंगापुर (15), चीन (10) और जापान व द. कोरिया (9-9) का नंबर आता है। सूची में शामिल सभी 100 उम्मीद जगाने वाले स्टार्टअप्स ने मिलकर 23 हजार करोड़ रुपए फंड जुटाया है, जिसमें से करीब 9,600 करोड़ रुपए अकेले 2026 में आए। यह लिस्ट एआई, स्पेस टेक, ग्रीन टेक व रोबोटिक्स जैसे सेक्टर्स में तेजी से हो रहे इनोवेशन का संकेत देती है। पढ़िए कुछ प्रमुख स्टार्टअप व उनके फाउंडर्स के बारे में... सिंपलीस्मार्ट - एआई मॉडल को चलाना सस्ता और सरल बना रहा यह स्टार्टअप कंपनियों के लिए एआई मॉडल चलाना बेहद आसान व किफायती बनाता है। सीईओ अमृतांशु जैन के विजन से विकसित यह प्लेटफॉर्म ओपन-सोर्स एआई मॉडल्स को कुछ ही क्लिक में टेस्ट व डिप्लॉय करने की सुविधा देता है। साथ ही चिप परफॉर्मेंस को ऑप्टिमाइज कर क्लाउड कंप्यूटिंग लागत 50% तक घटाता है। टाटा 1एमजी भी इसकी सेवा ले रही है। ध्रुव स्पेस - स्पेस मिशन से जुड़ा हर समाधान, 10 प्रोजेक्ट सफल ध्रुव स्पेस स्पेस मिशन के लिए वन-स्टॉप समाधान प्रदान करने वाला स्पेस-टेक स्टार्टअप है। सीईओ संजय नेक्कनाटी के दूरदर्शी नेतृत्व में कंपनी सैटेलाइट निर्माण, हार्डवेयर टेस्टिंग से लेकर ग्राउंड ऑपरेशंस तक सभी सेवाएं देती है। 10 सफल स्पेस मिशन के साथ कंपनी अगले तीन साल में 18 सैटेलाइट लॉन्च करने जा रही है। हाल ही में 60 करोड़ रुपए फंडिंग जुटाई है। एग्निट सेमीकंडक्टर्स - डिफेंस और टेलीकॉम सेक्टर में पहचान ‘एग्निट सेमीकंडक्टर्स’ देश की पहली वर्टिकली इंटीग्रेटेड गैलियम नाइट्राइड सेमीकंडक्टर कंपनी है। सीईओ हरीश चंद्रशेखरन के नेतृत्व में कंपनी ने पारंपरिक सिलिकॉन से बेहतर ऊर्जा दक्षता वाले रेडियो-फ्रीक्वेंसी और पावर चिप्स विकसित किए हैं। एग्निट ने टेलीकॉम व डिफेंस सेक्टर में मजबूत पहचान बनाते हुए 25 करोड़ रुपए फंडिंग हासिल की है। अबकॉफी - सालभर में दोगुने से ज्यादा हुए ब्रांड के आउटलेट अभिजीत आनंद ने ‘अबकॉफी’ की शुरुआत इस सोच के साथ की कि अच्छी गुणवत्ता वाली कॉफी आम लोगों तक किफायती दाम में पहुंचे। सालभर में ब्रांड के आउटलेट्स की संख्या दोगुनी होकर 100 से ज्यादा हो गई है। इन पर हर महीने 3.5 लाख से ज्यादा कप कॉफी बिकती है। हाल ही में क्लिफ वेंचर्स के नेतृत्व में 61 करोड़ रुपए की फंडिंग जुटाई है। थेरानॉटिलस - नैनो तकनीक से इलाज पर फोकस अंबरीष घोष का यह डीप-टेक स्टार्टअप सामान्य आंखों से न दिखने वाले ‘नैनोरोबोट्स’ विकसित कर रहा है। साथ ही कंपनी ऐसी नैनो-तकनीक बना रही है, जो कैंसर कोशिकाओं तक सीधे दवा पहुंचाने और दांतों की संवेदनशीलता रोकने में सक्षम है। ओरल केयर रोबोट्स का इंसानी ट्रायल जल्द शुरू होने जा रहा है।
यामाहा YZF-R2 भारत में ₹2.30 लाख में लॉन्च:204cc इंजन और 3 राइडिंग मोड्स मिलेंगे, शुरुआती कीमत 2.30 लाख रुपए
यामाहा मोटर इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई स्पोर्ट्स बाइक YZF-R2 लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹2,30,500 रखी गई है। कंपनी ने इसे 3 वैरिएंट्स और 5 कलर ऑप्शंस में पेश किया है। बाइक की डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होगी। इंजन और परफॉर्मेंस: 204cc लिक्विड-कूल मोटर और क्विकशिफ्टर नई यामाहा YZF-R2 में 204cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह पावरफुल इंजन 26.1 bhp की मैक्सिमम पावर और 19.1 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है और इसमें स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच स्टैंडर्ड तौर पर मिलता है। मिड-स्पेक (क्विक शिफ्टर) और टॉप-स्पेक M वैरिएंट में कंपनी की ओर से बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर स्टैंडर्ड दिया जा रहा है, जिससे बिना क्लच दबाए गियर शिफ्ट करना बेहद आसान हो जाता है। डिजाइन और सस्पेंशन: R15 से ज्यादा एग्रेसिव लुक डिजाइन की बात करें तो YZF-R2 को यामाहा R15 की तुलना में काफी ज्यादा एग्रेसिव और मस्कुलर लुक दिया गया है। इसमें शार्प-लुकिंग हेडलाइट सेक्शन मिलता है जो इसे सड़क पर एक अलग और आक्रामक पहचान देता है। यह बाइक डायमंड फ्रेम पर बनी है। सस्पेंशन के लिए फ्रंट में इनवर्टेड फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक सेटअप दिया गया है। बाइक के दोनों सिरों पर 17-इंच के अलॉय व्हील्स और ब्रेकिंग के लिए फ्रंट व रियर में डिस्क ब्रेक मिलते हैं। टॉप वैरिएंट YZF-R2 M में कुछ एक्स्ट्रा प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं, जिसमें एडजस्टेबल फ्रंट फोर्क, रियर शॉक एब्जॉर्बर, और एडजस्टेबल क्लच व ब्रेक लीवर्स शामिल हैं। फीचर्स और सेफ्टी: TFT कंसोल, स्मार्ट-की और राइडिंग मोड्स टेक-लवर्स के लिए बाइक में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी वाला TFT कंसोल दिया गया है। इसके अलावा टॉप-एंड M वैरिएंट में स्मार्ट की सिस्टम मिलता है, जिससे बिना चाबी के बाइक स्टार्ट की जा सकती है। सुरक्षा के लिहाज से सभी वैरिएंट्स में ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम स्टैंडर्ड दिया गया है। राइडर्स अपनी जरूरत और सड़क की स्थिति के हिसाब से 3 राइडिंग मोड्स- स्ट्रीट, स्पोर्ट और रेन चुन सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others











