सोने ने पकड़ी रफ्तार, चांदी भी हुई मजबूत; एक साल में सिल्वर ने दिया 76% से ज्यादा रिटर्न
Gold And Silver price: सोने और चांदी की शुरुआत गुरुवार को तेजी के साथ हुई. हालांकि, दोनों कीमती धातुओं का दाम एक सीमित दायरे में बना हुआ है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अक्टूबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,59,663 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 836 रुपए की तेजी के साथ 1,60,499 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला.
यह सुबह 9:45 पर 468 रुपए या 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,60,131 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था. शुरुआती कारोबार में सोने ने 1,59,954 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,60,898 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ था. चांदी में भी खरीदारी देखी जा रही है. चांदी का 4 सितंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोंजिग 2,39,638 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 3,361 रुपए की मजबूती के साथ 2,42,999 रुपए प्रति किलो पर खुला.
शुरुआती कारोबार में इसमें मुनाफावसूली देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक यह 923 रुपए या 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,40,561 रुपए प्रति किलो पर था.अब तक कारोबार में सोने ने 2,40,429 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,42,999 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था. जानकारों के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई लगातार फेड के लक्ष्य 2 प्रतिशत से ऊपर बनी हुई है. इससे फेड की ओर से ब्याज दर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। वहीं, बॉन्ड यील्ड कम हैं, जिससे सोने एक सीमित दायरे में बना रह सकता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है। सोना 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,678 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ 68.98 डॉलर प्रति औंस पर था. सोने और चांदी का प्रदर्शन बीते एक महीने में काफी अच्छा रहा है. इस दौरान सोने ने डॉलर में करीब 15 प्रतिशत और चांदी ने 17.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया है. वहीं, बीते एक साल में सोने ने 36 प्रतिशत से अधिक और चांदी ने 76 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है.
Input: IANS
पीयूष गोयल ने चिप और स्टील मैन्युफैक्चरिंग में भारत-जापान की साझेदारी बढ़ाने के लिए निवेशकों से की बातचीत
ओसाका/नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को सेमीकंडक्टर्स, इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट और स्टील मैन्युफैक्चरिंग में भारत-जापान की साझेदारी बढ़ाने के लिए निवशकों से चर्चा की।
ओसाका में आरओएचएम के प्रेसिडेंट और सीईओ कात्सुमी अजुमा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में गोयल ने कहा, भारत का बढ़ता इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम ज्यादा सहयोग और निवेश के लिए बड़े अवसर देता है।
इससे पहले, जापान यात्रा के दौरान उन्होंने नागोया में सेंट्रल जापान इकोनॉमिक फेडरेशन (चुकेइरेन) के चेयरमैन सातोरा कात्सुनो से मुलाकात की थी।
गोयल ने चुकेइरेन के सदस्यों को भारत में मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, एआई और प्रिसिजन इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, भारत-चुबू के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने और ग्लोबल एक्सपोर्ट के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने के मकसद से सेक्टर-विशिष्ट प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए आमंत्रित किया।
गोयल ने जापान के नागोया में आइची प्रिफेक्चर के गवर्नर हिदेआकी ओमुरा से मुलाकात की और व्यापार, निवेश और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इस दौरान आइची के इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम और भारतीय व्यवसायों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया गया।
आइची स्टील कॉर्पोरेशन के प्रेसिडेंट नाओहिदे गोटो के साथ बैठक में, उन्होंने भारत और जापान के बीच स्टील मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, भारत का मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम लगातार सहयोग के लिए काफी संभावनाएं प्रदान करता है।
नागोया में इंडिया-जापान नेक्स्ट जेनरेशन इकोनॉमिक पार्टनरशिप: फ्रॉम चुबू टू इंडिया कार्यक्रम में बोलते हुए, और सेंट्रल जापान इकोनॉमिक फेडरेशन तथा नागोया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में, गोयल ने सेंट्रल जापान के व्यवसायों के लिए मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्रों में भारत के साथ अपने जुड़ाव को गहरा करने की अपार संभावनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने व्यवसायों, उद्योग जगत के नेताओं और निवेशकों को भारत द्वारा पेश किए जाने वाले बड़े अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित भी किया।
--आईएएनएस
एबीएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation







