Telangana के Suryapet में ट्रक से टकराई बस, छह लोगों की मौत और 17 घायल
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक निजी इलेक्ट्रिक बस की ट्रक से टक्कर हो जाने से पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, तेलंगाना के सूर्यापेट में हुई दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडाद मंडल में हुई। हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही 44 यात्रियों वाली निजी बस आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सूर्यापेट के जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. नरसिम्हा ने संवाददाताओं को बताया कि कारखानों में इस्तेमाल होने वाले लोहे के बड़े खंभे ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकराकर उस पर रुक गया था। उन्होंने बताया कि पीछे से आ रही बस ट्रक से टकरा गई, जिससे लोहे के खंभे बस के दाहिने हिस्से में जा घुसे और आगे बैठे यात्रियों की मौत हो गई। एसपी ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मौतों पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। एक विज्ञप्ति में बताया गया कि उन्होंने मुख्य सचिव संजय जाजू को घायलों को बेहतर चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को संदेह है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक आंध्र प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे, जिनमें से दो सॉफ्टवेयर पेशेवर थे। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
Nepal Floods: CM Vishnu Deo Sai ने जताया शोक, फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं राज्य सरकार ने नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा भारत एकजुटता के साथ नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने तथा लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। प्रदेश के नागरिक अथवा उनके परिजन सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है।
फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी एवं आवश्यक सहायता के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







