Responsive Scrollable Menu

कंगना रनोट के बयान पर भड़के रामदेव:बोले- ओछे लोगों पर टिप्पणी नहीं; एक्ट्रेस ने कहा था- मेरी जवानी के बारे में सपने मत देखो

हिमाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान पर शुरू हुआ विवाद अब फिर चर्चा में है। योग गुरु बाबा रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना ने पलटवार करते हुए कहा था, “बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में डे-ड्रीम मत कीजिए।” अब कंगना के इस पलटवार पर रामदेव ने जवाब दिया है। रविवार को हरिद्वार में रामदेव ने कहा कि वह इस विवाद को बढ़ावा नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा, “स्वामी रामदेव क्या है, ये देश जानता है। रामदेव का योगदान क्या है, ये भी देश जानता है। इसलिए मैं ओछे लोगों के बारे में टिप्पणी नहीं करना चाहता।” दरअसल, रामदेव ने कंगना के ‘जेनरेशन गटर’ वाले बयान पर कहा था कि जेन-Z को गटर-पटर कहना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उन्होंने कंगना की योग्यता, बचपन, जवानी और पुराने कारनामों को लेकर भी टिप्पणी की थी। इसके बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए रामदेव पर पलटवार किया था। अब समझिए आखिर ये पूरा विवाद शुरू कहां से हुआ.. दरअसल, हाल ही में कंगना ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था, "सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है। वे स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी को कमाना नहीं चाहतीं। जो महिलाएं वास्तव में स्वतंत्र होती हैं, वे विद्रोही फैसले लेती हैं, बेबाक राय रखती हैं, परंपराओं से हटकर करियर चुनती हैं और अपने हर फैसले की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं, क्योंकि वे अपने दम पर जीवन जीती हैं। वे यह सब अपने माता-पिता या परिवार की कीमत पर नहीं करतीं। यह तथाकथित पश्चिमी सोच वाली भारतीय महिलाओं की नई पीढ़ी है, जिन्हें मैं 'जनरेशन गटर' कहती हूं।" Gen-Z पर दिए बयान पर भड़के रामदेव कंगना के इस पोस्ट के बाद ही बाबा रामदेव की इस पूरे विवाद में एंट्री हुई। दरअसल एक हिंदी न्यूज चैनल के साथ बातचीत में बाबा रामदेव ने जेन Z को लेकर कंगना की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “उनका क्वालिफिकेशन क्या है? उनका बचपन कैसा रहा है? उनकी जवानी कैसी रही है? उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं? मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता। ऐसे किसी भी देश के जवान को, जेन Z को गटर-पटर बोलना, ये बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। गलत बात है। इसके ऊपर जो है, उनके पार्टी के लोगों को संज्ञान लेना चाहिए।" जब सवाल पूछा गया था कि वो आपके योग की प्रशंसक रही हैं तो बाबा रामदेव ने कहा कि “मेरी प्रशंसा करें, योग की प्रशंसा करें तो मैं उनके गुनाहों पर यहां लीपापोती कर दूं?” बाबा रामदेव ने यह भी कहा था कि युवा की कोई जाति नहीं है। युवा में सब हैं। उसमें ब्राह्मणों के भी बालक हैं, क्षत्रियों के भी, वैश्यों के भी, दलित के भी, आदिवासी-वनवासी के, SC-ST के, सबके बालक हैं। आज युवा अपने आप में एक बहुत बड़ी ताकत है, उसको कोई नकार नहीं सकता। बाबा के पलटवार के बाद चुप नहीं बैठी कंगना बाबा रामदेव कंगना को बिगड़े दिमाग की निशानी कहा तो कंगना भड़क गईं फिर उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बाबा रामदेव पर पलटवार करते हुए लिखा, “बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में डे-ड्रीम मत कीजिए। कोई सिर्फ अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही ऐसा सोच सकता है। कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे या फर्जी मेडिकल दावों को लेकर फटकार नहीं लगी। इसलिए मुझे चरित्र का पाठ मत पढ़ाइए। आपका चरित्र जैसा भी है, मेरा उससे कहीं बेहतर है। यहां कोई फ्रॉड नहीं मिला है।” अब रामदेव ने कंगना के इसी बयान का जवाब देते हुए कहा है कि देश जनता है कि रामदेव बाबा का देश के लिए क्या योगदान रहा। ------------------- ये खबर भी पढ़ें… ब्रिटेन-अमेरिका से आगे पतंजलि का हर्बल आर्ट म्यूजियम:65 हजार वनस्पति कलाकृतियां संरक्षित, 300 साल तक सुरक्षित रखने का दावा पतंजलि अनुसंधान फाउंडेशन में तैयार हुआ हर्बल आर्ट म्यूजियम भारत की आयुर्वेदिक और वनस्पति विरासत को दुनिया के सामने नई पहचान दे रहा है। यहां 65 हजार से ज्यादा वनस्पति कलाकृतियां एक ही छत के नीचे संरक्षित हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

Continue reading on the app

सायरा बानो@82; शम्मी कपूर ने डांटा तो रोने लगीं:अखबार में पढ़ी पति दिलीप कुमार की दूसरी शादी की खबर, शाहरुख को बेटा माना

साल 1955 तमिलनाडु के कोयंबटूर में फिल्म 'आजाद' की शूटिंग चल रही थी। इसी दौरान फिल्म प्रोड्यूसर एसएस. वासन ने दिलीप कुमार की मुलाकात एक मशहूर ज्योतिषी से कराई। ज्योतिषी ने दिलीप कुमार का चेहरा देखा, हाथ की रेखाएं पढ़ीं और फिर उनकी कुंडली बनाई। इसके बाद उन्होंने ऐसी भविष्यवाणी की, जिसे सुनकर खुद दिलीप कुमार भी हैरान रह गए। ज्योतिषी ने कहा कि दिलीप कुमार की शादी 40 साल की उम्र के बाद होगी। उनकी दुल्हन उनसे करीब आधी उम्र की होगी। इतना ही नहीं, वह भी फिल्मों से जुड़ी होगी। भविष्यवाणी यहीं खत्म नहीं हुई। ज्योतिषी ने यह भी कहा कि उस महिला को एक गंभीर बीमारी भी होगी। यह सुनकर दिलीप कुमार ने कहा था, “मैं तो कभी फिल्म वाली लड़की से शादी ही नहीं करूंगा।” उस वक्त दिलीप कुमार ने इस भविष्यवाणी को गंभीरता से नहीं लिया था, लेकिन करीब 11 साल बाद ज्योतिषी की कही लगभग हर बात सच हो गई। 1966 में 44 साल के दिलीप कुमार ने 22 साल की एक्ट्रेस सायरा बानो से निकाह किया। आज सायरा बानो के 82वें जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिंदगी और दिलीप कुमार के साथ उनकी प्रेम कहानी के कुछ अनसुने किस्से। दिलीप कुमार के चलते उर्दू सीखनी शुरू की सायरा बानो का जन्म 1944 में मशहूर अदाकारा नसीम बानो और प्रोड्यूसर मियां एहसान-उल-हक के घर हुआ था। दिलचस्प बात ये है कि जिस साल सायरा दुनिया में आईं, उसी साल दिलीप कुमार की पहली फिल्म ज्वार भाटा (1944) रिलीज हुई थी। सायरा करीब 6 साल की थीं, जब उनको पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम भेज दिया गया। लंदन के मशहूर एलीट स्कूल क्वीन्स हाउस में उनकी पढ़ाई हुई। छुट्टियां होतीं, तो सायरा हिंदुस्तान आती थीं। ऐसी ही एक छुट्टी में 12 साल की सायरा मां के साथ घर पर फिल्म आन देख रही थीं। फिल्म महबूब खान ने बनाई थी और हीरो थे दिलीप कुमार। दिलीप साहब की अदाकारी ने सायरा के दिल पर ऐसा असर किया कि फिल्म खत्म होते ही उन्होंने मां के सामने अपनी ख्वाहिश जाहिर कर दी। सायरा ने साफ कह दिया- अगर शादी करेंगी, तो सिर्फ दिलीप कुमार से। लंदन में पढ़ाई के दौरान भी सायरा बानो के दिल में एक ही ख्वाब था- एक दिन वह मिसेज दिलीप कुमार बनेंगी। सायरा ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में यह बात बताई थी। सायरा की मां नसीम बानो उनसे कहती थीं कि अगर उन्हें दिलीप कुमार की पत्नी बनना है, तो पहले उनकी पसंद-नापसंद और शौक को समझना होगा। बस फिर क्या था, सायरा ने भी दिलीप साहब की पसंद की चीजें सीखनी शुरू कर दीं। जब उन्हें मालूम हुआ कि दिलीप कुमार को उर्दू और शायरी बेहद पसंद है, तो सायरा ने बाकायदा मौलवी साहब से उर्दू पढ़ना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, दिलीप साहब को सितार पसंद था, तो सायरा ने सितार सीखने की कोशिश भी की। काम करने को लेकर दिलीप कुमार ने सफेद बाल दिखा दिए सायरा की मां नसीम एक्ट्रेस थीं। दिलीप कुमार की उनसे मुलाकात होती रहती थी। वो सायरा के बारे में भी जानते थे। जब सायरा ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का फैसला किया और निर्माता एस. मुखर्जी ने यह बात दिलीप कुमार से कही तो उन्होंने कहा था कि सायरा को फिल्मों में करियर बनाने से रोका जाना चाहिए। 1960 के दशक की शुरुआत में फिल्म ‘दिल दिया दर्द लिया’ की कास्टिंग शुरू होने वाली थी। इसी दौरान निर्माता एस. मुखर्जी ने दिलीप कुमार से कहा था, “यूसुफ, यह लड़की आपके साथ काम करने के लिए पागल है।” जिस पर दिलीप कुमार ने अपने सफेद-काले बालों में हाथ फेरकर सायरा से कहा था, “क्या तुमने मेरे ये सफेद बाल देखे हैं? मैं तुमसे बहुत ज्यादा उम्र का हूं और मैं सुअर की तरह खाता हूं!” शम्मी कपूर की डांट सुनकर सायरा रोने लगी थीं सायरा बानो की पहली फिल्म 1961 में रिलीज हुई ‘जंगली’ थी। उन्होंने स्कूल की छुट्टियों के दौरान ‘जंगली’ की शूटिंग शुरू की। कुछ महीने शूटिंग करने के बाद वह वापस लंदन चली गईं और अपनी पढ़ाई पूरी करने लगीं। लेकिन फिल्म की शूटिंग से लेकर रिलीज तक, कुछ ऐसे वाकये हुए, जिन्होंने सायरा को रुला दिया। दरअसल, सायरा बानो ने फिल्म ‘जंगली’ साइन तो कर ली थी, लेकिन उन्हें एक्टिंग का कोई तजुर्बा नहीं था। शूटिंग के पहले दिन वह कश्मीर के शालीमार बाग पहुंचीं। वहां हजारों लोग शूटिंग देखने के लिए जमा थे। सायरा वैसे भी काफी शर्मीली थीं। उन्हें ‘कश्मीर की कली’ गाने की एक लाइन पर घूमकर लिप-सिंक करना था, लेकिन वह बार-बार गलती कर रही थीं। लिप-सिंक पर ध्यान देतीं, तो गलत दिशा में घूम जातीं। घूमने पर ध्यान देतीं, तो गाने की लाइन छूट जाती। कई रीटेक के बाद शम्मी कपूर ने उन्हें डांटते हुए कहा कि अगर काम करना है, तो ठीक से करो। यह सुनकर सायरा बहुत शर्मिंदा हुईं और रोने लगीं। उनकी बहन ने भी कहा कि अभी वक्त है, चाहो तो एक्टिंग छोड़कर वापस चल सकते हैं, लेकिन सायरा ने हार नहीं मानी। उन्होंने दोबारा वही सीन किया और इस बार बिल्कुल सही कर दिया। लेकिन रिलीज से पहले एक और वाकये ने सायरा को परेशान कर दिया। एक दिन वह अपनी मां के साथ मुंबई की एक दुकान पर गई थीं। वहां एक सेल्समैन दिलीप कुमार का बड़ा फैन था। उसने सायरा की मां से पूछा कि बेटी की फिल्म कब आ रही है? मां ने बताया कि अगले महीने। यह सुनते ही सेल्समैन बोला कि अगले महीने दिलीप कुमार की ‘गंगा जमुना’ भी रिलीज हो रही है। दोनों फिल्में साथ आईं, तो सायरा की फिल्म कौन देखेगा? यह सुनकर सायरा घबरा गईं और वहीं रोने लगीं। उन्हें लगा कि उनकी फिल्म फ्लॉप हो जाएगी। लेकिन हुआ कुछ और ही। ‘जंगली’ और ‘गंगा जमुना’ एक हफ्ते के अंतर से रिलीज हुईं और दोनों फिल्मों ने शानदार कामयाबी हासिल की। पार्टी में पहली बार दिलीप कुमार ने नोटिस किया जिस लड़की के साथ काम करने से दिलीप कुमार सालों तक बचते रहे, एक शाम उसी लड़की को देखकर उनका नजरिया हमेशा के लिए बदल गया। दिन आज का था यानी 23 अगस्त, लेकिन साल था 1966। सायरा बानो के जन्मदिन का मौका था और उनकी मां नसीम बानो ने अपने नए बंगले की हाउस वार्मिंग पार्टी भी रखी थी। उस वक्त सायरा फिल्म ‘प्यार मोहब्बत’ की शूटिंग कर रही थीं। शूटिंग खत्म करके जब वह पार्टी में पहुंचीं, तो वहां फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे मौजूद थे। इसी बीच सायरा की नजर दिलीप कुमार पर पड़ी। नसीम बानो ने उन्हें खास तौर पर पार्टी में बुलाया था। दिलीप साहब सायरा के जन्मदिन में शामिल होने के लिए मद्रास से फ्लाइट लेकर मुंबई पहुंचे थे। दिलीप कुमार ने अपनी ऑटोबायोग्राफी में इस शाम का जिक्र किया है। उन्होंने बताया था कि सायरा उस दिन साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्हें देखकर पहली बार दिलीप साहब को महसूस हुआ कि जिसे वह अब तक एक छोटी लड़की समझते रहे, वह अब एक खूबसूरत और आत्मविश्वासी युवती बन चुकी है। दोनों ने हाथ मिलाया। यही वह पल था, जब दिलीप कुमार के दिल में सायरा को लेकर एक नया एहसास पैदा हुआ। पार्टी खत्म हुई और दिलीप साहब मद्रास लौट गए, लेकिन अब सायरा उनके जेहन से निकल नहीं रही थीं। इस तरह दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। आठ दिन तक चला रोमांस, फिर सीधे मां से मांगा हाथ सायरा बानो के लिए यह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। जिस दिलीप कुमार को वह बचपन से चाहती थीं, वही अब उनकी जिंदगी में करीब आ चुके थे। दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में सायरा ने बताया था कि दिलीप कुमार मद्रास से मुंबई आते थे। वह सायरा के घर डिनर करते और फिर अपनी शूटिंग के लिए निकल जाते। दोनों के बीच मुलाकातों का यह सिलसिला करीब आठ दिन तक चला। फिर एक दिन दिलीप कुमार ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी सायरा ने शायद कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने उनकी मां और दादी से जाकर कहा कि वह सायरा से शादी करना चाहते हैं। 44 साल के दिलीप कुमार घोड़ी पर सवार होकर पहुंचे थे निकाह के दिन दिलीप कुमार फूलों से सजी कार में सायरा बानो के घर जाना चाहते थे, लेकिन उनके भाइयों और बड़ी बहन सकीना ने उन्हें घोड़ी पर सवार होकर बारात ले जाने के लिए मना लिया। आमतौर पर दिलीप के घर से सायरा के घर तक पहुंचने में सिर्फ दो मिनट लगते थे, लेकिन उस दिन रास्ते में हजारों फैंस की भीड़ जमा थी। इसी वजह से दो मिनट का सफर करीब एक घंटे में पूरा हुआ। दिलीप कुमार घोड़ी पर सवार थे और आगे पृथ्वीराज कपूर, शशि कपूर और नासिर (दिलीप कुमार के छोटे भाई) घोड़ी को संभाल रहे थे। राज कपूर ने शादी में निभाया पुराना वादा दिलीप कुमार और राज कपूर के बीच गहरी दोस्ती थी। राज कपूर ने कभी मजाक में कहा था कि जिस दिन दिलीप कुमार शादी करेंगे, वह उनके घर घुटनों के बल चलकर आएंगे। 11 अक्टूबर को जब राज कपूर, दिलीप कुमार की शादी में पहुंचे तो परिवार ने उन्हें उनका पुराना वादा याद दिलाया। बस फिर क्या था, राज कपूर ने बिना देर किए घुटनों के बल बैठकर चलना शुरू कर दिया। यह देखकर वहां मौजूद मेहमानों के बीच हंसी और खुशी का माहौल बन गया। सायरा बानो ने अपनी 59वीं शादी की सालगिरह पर बताया था कि शादी की तैयारी बहुत कम वक्त में हुई थी। उनका शादी का जोड़ा किसी बड़े डिजाइनर ने नहीं, बल्कि एक लोकल दर्जी ने सिला था। यहां तक कि शादी के कार्ड भी नहीं छपे थे। शादी में मेहमानों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि खाना तक कम पड़ गया। हालात ऐसे हुए कि कुछ लोग शादी की छोटी-छोटी चीजें भी याद के तौर पर साथ ले गए। कोई चम्मच उठा रहा था, तो कोई कांटा अपनी जेब में रख रहा था। अखबार में दिलीप की दूसरी शादी की खबर पढ़ी दिलीप कुमार और सायरा बानो की शादी को 16 साल हो चुके थे। तभी 1982 में उनकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आया, जिसने इस रिश्ते की बुनियाद हिला दी। सायरा ने एक समाचार पत्र (टैबलॉयड ) में पढ़ा कि दिलीप कुमार ने हैदराबाद की अस्मा रहमान से दूसरी शादी कर ली है। अस्मा दिलीप कुमार की बहनों की दोस्त थीं। जब दिलीप कुमार उनसे मिले थे, तब वह तीन बच्चों की मां थीं। यह खबर सायरा के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। दिलीप कुमार ने बाद में अपनी आत्मकथा में इस रिश्ते को अपनी जिंदगी की ‘गंभीर गलती’ बताया। उन्होंने लिखा कि सायरा को पहुंची तकलीफ और उनके टूटे भरोसे के लिए वह खुद को कभी माफ नहीं कर सकते। इसके बावजूद सायरा ने रिश्ता खत्म करने का फैसला नहीं लिया। दिलीप कुमार ने गलती मानी और सायरा से कुछ वक्त मांगा। उन्होंने कहा कि वह अस्मा से कानूनी तौर पर रिश्ता खत्म करना चाहते हैं। 1983 की शुरुआत में अस्मा और दिलीप कुमार का रिश्ता खत्म हो गया। दिलीप कुमार ने अपनी आत्मकथा में सायरा बानो की प्रेग्नेंसी को लेकर भी एक अहम बात बताई थी। उन्होंने लिखा कि उस दौर में यह गलत बात फैलाई गई कि सायरा मां नहीं बन सकती थीं। जबकि सच्चाई कुछ और थी। गर्भवती सायरा बानो बाथरूम में गिर गई थीं दिलीप कुमार के मुताबिक, 1972 में सायरा प्रेग्नेंट हुई थीं, लेकिन जब वो आठ महीने की गर्भवती थीं, तब हाई ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण बाथरूम में गिर गई थीं। डॉक्टर समय पर ऑपरेशन नहीं कर सके। इसी दौरान गर्भनाल में फंसने की वजह से बच्चे को बचाया नहीं जा सका। बाद में उन्हें पता चला कि उनका होने वाला बच्चा बेटा था। यह हादसा दोनों के लिए बेहद दर्दनाक था। इसके बाद सायरा ने दोबारा बच्चे की कोशिश नहीं की। उन्होंने इसे ऊपर वाले की मर्जी मानकर स्वीकार कर लिया। बकिंघम पैलेस ले जाकर सायरा को दिया सरप्राइज लंदन में एक दिन सायरा ने दिलीप कुमार से कहा कि काश वे बकिंघम पैलेस जाकर महारानी से मिल पातीं। संयोग से उसी सप्ताह दिलीप कुमार को महारानी की तरफ से एक टी पार्टी का न्योता मिला था। उन्होंने सायरा को कुछ नहीं बताया और उन्हें तैयार करके रोल्स रॉयस से बकिंघम पैलेस ले गए। जब गाड़ी महल के गेट के अंदर पहुंची, तो सायरा को पता चला कि वह सच में क्वीन एलिजाबेथ से मिलने जा रही हैं। दिलीप कुमार सायरा को डराने के लिए पत्थर मारते थे दिलीप कुमार गंभीर और शांत स्वभाव के लिए जाने जाते थे, लेकिन सायरा के साथ वे खूब शरारत करते थे। 1967 में फिल्म पन्हाला में शूटिंग के दौरान रात में बिजली चली जाती थी। ऐसे में दिलीप कुमार चुपचाप बाहर निकल जाते और खिड़की पर छोटे-छोटे पत्थर मारते। सुनसान माहौल में पत्थरों की आवाज सुनकर सायरा और उनका स्टाफ डर से चीखने लगता था। सायरा के लिए मनोज कुमार फिल्म बंद करने के लिए तैयार थे फिल्म ‘पूरब और पश्चिम’ की शूटिंग के दौरान सायरा बानो की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें अल्सरेटिव कोलाइटिस की समस्या हुई थी और इलाज के लिए लंदन जाना पड़ा। इस दौरान फिल्म के डायरेक्टर और एक्टर मनोज कुमार ने सायरा की जगह किसी दूसरी एक्ट्रेस को लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह सायरा के ठीक होने का इंतजार करेंगे। जरूरत पड़ी तो फिल्म को बंद कर देंगे। मनोज कुमार के इस व्यवहार से दिलीप कुमार काफी प्रभावित हुए। सालों बाद जब मनोज कुमार ने ‘क्रांति’ में दिलीप कुमार को काम करने का ऑफर दिया, तो उन्होंने पूरा स्क्रीनप्ले पढ़े बिना ही फिल्म के लिए हां कर दी। दिलीप कुमार ने इसे मनोज कुमार के पुराने एहसान का सम्मान बताया था। सायरा कहती हैं- बेटा होता तो शाहरुख जैसा होता दिलीप कुमार का निधन 7 जुलाई 2021 को हुआ। लेकिन सायरा के लिए दिलीप साहब आज भी उनकी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा हैं। सायरा बानो अक्सर सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और उनसे जुड़ी यादें शेयर करती रहती हैं। सायरा बानो और एक्टर शाहरुख खान का रिश्ता बेहद खास है। सायरा और दिलीप कुमार, शाहरुख को हमेशा अपने मुंह-बोले बेटे की तरह मानते थे। सायरा ने कई मौकों पर कहा कि शाहरुख को पहली बार देखने पर उन्हें उनमें दिलीप कुमार की झलक नजर आई थी। वह अक्सर कहती रही हैं कि अगर उनका और दिलीप साहब का बेटा होता, तो वह शाहरुख जैसा होता। दिलीप कुमार के निधन के बाद शाहरुख तुरंत सायरा बानो से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी थी। ………….. यह खबर भी पढ़ें… अमजद खान की पुण्यतिथि:डिलीवरी के बाद बीवी को घर लाने के पैसे नहीं थे; ₹1.27 करोड़ की फीस अटकी, परिवार ने अंडरवर्ल्ड की मदद ठुकराई ‘मैं वो आदमी था, जो रोज 4–5 घंटे कसरत करता था। बैडमिंटन खेलता था, फ्री-हैंड एक्सरसाइज करता था, वेट उठाता था... लेकिन फिर एक एक्सीडेंट हुआ और मैं तीन महीने तक बिस्तर पर पड़ा रहा।’ एक पुराने इंटरव्यू में दिवंगत एक्टर अमजद खान ने अपनी जिंदगी का सबसे दर्दनाक दौर याद करते हुए यह बात कही थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Continue reading on the app

  Sports

Shubman Gill का Colombo Test पर बयान: 250 ओवर Fielding की, हमने सब किया!

कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ मैच ड्रॉ होने के बाद, भारत के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि उनकी टीम इससे ज़्यादा कुछ नहीं कर सकती थी। सोनल दिनुशा की नाबाद 133 रनों की पारी ने भारत को निराश किया; गुरुवार को सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में मैच के पांचवें दिन मेज़बान टीम के पारी घोषित करने के बाद भारत को ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा। मैच के बाद गिल ने कहा कि सच कहूँ तो, कुछ नहीं। मतलब, हमने लगातार तीन दिनों तक लगभग 250 ओवर फ़ील्डिंग की और हमने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। मुझे लगता है कि बल्लेबाज़ों ने बहुत अच्छा खेला; उनके पास काफ़ी हुनर ​​था और थोड़ी किस्मत भी उनके साथ थी। इसलिए मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे।
 

इसे भी पढ़ें: Indian bowlers हुए बेअसर, Dinusha के शतक ने 2-0 का सपना तोड़ा, फिर भी Series भारत के नाम


इस नतीजे का मतलब था कि भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ 1-0 से जीती, क्योंकि उसने पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था। लगातार दूसरी जीत न मिल पाने के बावजूद, गिल ने श्रीलंका के कड़े मुक़ाबले को अपनी टीम के लिए एक अहम सबक के तौर पर देखा। उन्होंने आगे कहा हमारे लिए बहुत सी अच्छी बातें रहीं, यहाँ तक कि विरोधी टीम से भी सीखने को मिला। मुझे लगता है कि वे जिस मुश्किल स्थिति और भारी दबाव में थे, और जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह देखना ज़बरदस्त था। इससे हमें यह पता चलता है—और हम लंच और टी-ब्रेक के समय भी यही बात कर रहे थे—कि मुझे नहीं लगता कि हम कुछ अलग कर सकते थे।

गिल ने सीरीज़ के दौरान कुछ खास व्यक्तिगत प्रदर्शनों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल, मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ़ की और साथ ही टेस्ट मैच में तेज़ गेंदबाज़ों की मेहनत को भी सराहा। गिल ने कहा कि लेकिन इस सीरीज़ में हमारे लिए कई अच्छी बातें रहीं। पडिक्कल शानदार थे, केएल का खेल बहुत अच्छा रहा, मानव ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की और प्रसिद्ध ने दोनों पारियों में ज़बरदस्त मेहनत की; दोनों तेज़ गेंदबाज़ों ने ऐसा किया। इसलिए मुझे लगता है कि हमने अपनी तरफ़ से पूरी कोशिश की।
 

इसे भी पढ़ें: Sonal Dinusha की जुझारू पारी से Sri Lanka मजबूत, दूसरा टेस्ट ड्रॉ की ओर


सीरीज़ जीतने के बाद, गिल ने कहा कि अब टीम का अगला फ़ोकस उन स्टैंडर्ड्स को बनाए रखने पर होगा जो टीम ने तय किए हैं। उन्होंने तैयारी, प्रदर्शन और व्यवहार में निरंतरता को टीम के लिए प्राथमिकता बताया। गिल ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि बहुत उत्साहित हूँ। मुझे लगता है कि यह हमारे लिए बहुत रोमांचक समय है। हमारे लिए यह बहुत ज़रूरी है कि हम मैदान के अंदर और बाहर, अपनी तैयारी और प्रदर्शन के साथ-साथ अपने काम करने के तरीक़े में भी निरंतरता बनाए रखें। और मुझे लगता है कि अब तक हमारे लिए कई अच्छी बातें रही हैं।
 
For more updates and in-depth coverage on cricket, visit Cricket News in Hindi at Prabhasakshi.
Thu, 27 Aug 2026 19:21:00 +0530

  Videos
See all

Mahakal Mandir में कांवड़ियों का हंगामा, दानपेटियों पर चढ़े! | #viralvideo #viralnews #shorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-27T14:15:15+00:00

Kishore Ajwani Podcast :आखिर Nepal में इतना भयंकर सैलाब कैसे आया? | Flash Flood | Cloudburst| Nepal #tmktech #vivo #v29pro
2026-08-27T14:15:01+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers