Petrol-Diesel Prices: पेट्रोल पर 3.50 और डीजल पर 1.50 रुपए घटा टैक्स, जानें क्या असर होगा?
भारत सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर लगने वाली ड्यूटी में कटौती की है। 15 अगस्त से लागू नए आदेश के तहत पेट्रोल के निर्यात पर ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई। वहीं, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर भी शुल्क घटाया गया।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।
पेट्रोल पर ड्यूटी शून्य, डीजल भी सस्ता
सरकार के नए आदेश के मुताबिक पेट्रोल के निर्यात पर ड्यूटी 3.50 रुपए प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दी गई। डीजल पर कुल लेवी 25.50 रुपए से घटाकर 24 रुपए प्रति लीटर कर दी गई। वहीं ATF पर निर्यात शुल्क 22 रुपए से घटाकर 19.50 रुपए प्रति लीटर किया गया है।
- पेट्रोल: 3.50 रुपए से घटकर शून्य
- डीजल: 25.50 रुपए से घटकर 24 रुपए
- ATF: 22 रुपए से घटकर 19.50 रुपए
सरकार ने साफ किया है कि ये बदलाव केवल निर्यात के लिए क्लीयर किए जाने वाले पेट्रोलियम उत्पादों पर लागू हैं। घरेलू बाजार में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी की दरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
3 अगस्त की बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा वापस
यह कटौती 3 अगस्त को बढ़ाई गई ड्यूटी के करीब दो हफ्ते बाद हुई। उस समय पेट्रोल की निर्यात ड्यूटी 2.50 से बढ़ाकर 3.50 रुपए, डीजल की 15.50 से बढ़ाकर 25.50 रुपए और ATF की 14.50 से बढ़ाकर 22 रुपए प्रति लीटर की गई थी।
सरकार हर पखवाड़े इन दरों की समीक्षा करती है। दरें तय करते समय पिछले रिव्यू के बाद कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और ATF की औसत अंतरराष्ट्रीय कीमतों को आधार बनाया जाता है।
मार्च में एटीएफ पर निर्यात शुल्क लगाया था
भारत ने मार्च 2026 में पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ने के बाद डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क दोबारा लगाया था। सरकार का कहना था कि ऊंची वैश्विक कीमतों के कारण रिफाइनरियों के लिए विदेशों में उत्पाद बेचना ज्यादा फायदेमंद हो गया था। ऐसे में घरेलू बाजार में डीजल और ATF की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए शुल्क लगाया गया।
पेट्रोल को इस व्यवस्था में 16 मई 2026 को शामिल किया गया था। इससे पहले जुलाई 2022 में भारत ने पहली बार विंडफॉल टैक्स लागू किया था। दिसंबर 2024 में इसे खत्म कर दिया गया था, लेकिन मार्च 2026 में डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क फिर से लागू किया गया।
घरेलू पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर क्या असर?
निर्यात शुल्क में बदलाव का सीधा असर घरेलू पेट्रोल-डीजल की एक्साइज ड्यूटी पर नहीं पड़ेगा। इसलिए इस फैसले से घरेलू ईंधन की कीमतों में तत्काल बदलाव की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। इसका मुख्य असर पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात और रिफाइनरियों की कमाई पर पड़ेगा।
(प्रियंका कुमारी)
AIBE 22 Registration 2026: आज से शुरू AIBE XXII का रजिस्ट्रेशन, जानें योग्यता, फीस और आवेदन का तरीका
AIBE 22 Registration 2026: वकालत के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे लॉ ग्रेजुएट्स के लिए जरूरी खबर है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की ओर से ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) 22 के लिए आवेदन प्रक्रिया आज यानी 19 अगस्त 2026 से शुरू की जा रही है। परीक्षा में शामिल होकर सफल होने वाले उम्मीदवारों को प्रैक्टिस के लिए Certificate of Practice (CoP) प्राप्त करने का मौका मिलेगा। इच्छुक उम्मीदवार 27 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
AIBE 22 के लिए आज से आवेदन
बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित AIBE 22 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन उम्मीदवारों ने मान्यता प्राप्त संस्थान से कानून की पढ़ाई पूरी कर ली है और वकालत के लिए Certificate of Practice हासिल करना चाहते हैं, वे निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकते हैं।
AIBE का उद्देश्य कानून की पढ़ाई पूरी कर चुके उम्मीदवारों की पेशेवर योग्यता का आकलन करना है। परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को वकालत के अभ्यास के लिए आवश्यक प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
AIBE 22 के लिए क्या है योग्यता?
AIBE 22 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से 3 वर्षीय या 5 वर्षीय LLB डिग्री होना जरूरी है।
दिए गए मानदंड के अनुसार सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए लॉ ग्रेजुएशन में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक, जबकि SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। खास बात यह है कि AIBE में शामिल होने के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
AIBE 22 Application Fee कितनी है?
AIBE 22 के लिए आवेदन शुल्क उम्मीदवार की कैटेगरी के अनुसार निर्धारित किया गया है।
General/EWS/OBC: 3,560 रुपये
SC/ST: 2,560 रुपये
आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। शुल्क जमा किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
AIBE 22 Registration कैसे करें?
- सबसे पहले AIBE की आधिकारिक वेबसाइट allindiabarexamination.com पर जाएं।
- होम पेज पर Registration विकल्प पर क्लिक करें।
- मांगी गई जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
- रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म में बाकी जानकारी भरें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें।
साल में दो बार आयोजित होती है AIBE
बार काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से AIBE का आयोजन आम तौर पर साल में दो बार किया जाता है। परीक्षा में सफल होने के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 45 प्रतिशत, जबकि SC, ST और PwD वर्ग के उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi







