CM धामी ने लॉन्च किया ‘बाला गौरिया’ का टीजर, कहा- दुनिया तक पहुंचेगी लोक संस्कृति
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सरकारी आवास पर नई फिल्म ‘बाला गौरिया’ का टीजर और पोस्टर लॉन्च किया. यह फिल्म उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पुरानी कहानियों पर आधारित है, जिसका लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. 'हिमाद्रि प्रोडक्शंस' के बैनर तले बन रही यह फिल्म न्याय के देवता माने जाने वाले 'गोलज्यू' के बाल जीवन पर आधारित है. इस फिल्म के डायरेक्टर नितिन तिवारी और प्रोड्यूसर मनोज चंदोला हैं. उम्मीद है कि यह फिल्म अक्टूबर के पहले हफ्ते में रिलीज होगी.
‘बाला गौरिया’ फिल्म सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ेंगी - CM धामी
फिल्म का टीजर और पोस्टर लॉन्च करते हुए मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं, लोकगाथाएं और लोक देवताओं का इतिहास हमारी खास पहचान हैं. ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्में हमारी संस्कृति को आज की नई पीढ़ी तक पहुंचाएंगी. साथ ही, ये फिल्में पूरे देश और दुनिया के सामने उत्तराखंड की संस्कृति को शानदार तरीके से पेश करने का काम करेंगी.
फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं - CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य में फिल्मों की शूटिंग और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है. उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती, यहां की संस्कृति और अलग-अलग तरह के सुंदर नजारे फिल्मों की शूटिंग के लिए इसे एक खास जगह बनाते हैं. सरकार की कोशिश है कि देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए अच्छा माहौल, जरूरी सुविधाएं और आसान व्यवस्थाएं मिलें. उत्तराखंड की पर्यटन नीति में भी फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने, सब्सिडी या आर्थिक मदद देने, शूटिंग की मंजूरी जल्दी देने और अलग-अलग जगहों पर फिल्म सिटी बनाने के नियम शामिल किए गए हैं.
CM धामी ने पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाया बताया प्राथमिकता
CM धामी ने कहा कि उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनाने के साथ-साथ, यहां के स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही, उत्तराखंड की कला, संस्कृति, बोली-भाषा, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों को भी देश-दुनिया में नई पहचान मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोक देवताओं और लोक कहानियों में हमारी सदियों पुरानी संस्कृति, परंपराएं और जीवन के संस्कार बसे हुए हैं. इन्हें बचाकर रखना और आज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी मिलकर जिम्मेदारी है. उन्होंने फिल्म निर्माताओं से अपील की कि वे उत्तराखंड की दूसरी लोककहानियों, लोक देवताओं और सांस्कृतिक परंपराओं पर भी फिल्में बनाने के लिए आगे आएं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की संस्कृति और यहां के स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए फिल्म निर्माताओं की हर तरह से मदद करेगी. उन्होंने कहा कि ‘बाला गौरिया’ जैसी फिल्मों से उत्तराखंड की लोक विरासतों को एक बड़ा मंच मिलेगा और इससे राज्य के पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी. इस मौके पर फिल्म के प्रोड्यूसर मनोज चंदोला समेत फिल्म के अन्य कलाकार और टीम के सदस्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड को आपदा सुरक्षित बनाने के लिए वर्ल्ड बैंक का बड़ा फैसला, जारी रहेगा सहयोग
नेपाल बाढ़ के बीच यूपी सरकार अलर्ट, फंसे नागरिकों की मदद के लिए 1070 हेल्पलाइन जारी
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत एवं बचाव तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और नेपाल में मौजूद यूपी के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है.
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, यदि उत्तर प्रदेश का कोई नागरिक नेपाल में फंसा हुआ है या उसे किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है तो उसके परिजन तत्काल 1070 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. सरकार ने प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था शुरू कर दी है.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारत और नेपाल स्थित दूतावासों से भी संपर्क किया है. दोनों दूतावासों से अनुरोध किया गया है कि नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों से संबंधित कोई भी जानकारी तत्काल राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जा सके.
राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य नेपाल में फंसा है तो उसकी जानकारी बिना किसी देरी के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर उपलब्ध कराएं.
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महराजगंज और कुशीनगर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिलों के प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
सरकार ने गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं. जल संसाधन, राजस्व और राहत विभागों को समन्वय बनाकर स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई जनहानि और नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी प्रभावित लोगों के सुरक्षित रहने की कामना की है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव उपाय किए जाएंगे.
प्रदेश सरकार के अनुसार, नेपाल में जारी आपदा और उसके संभावित असर को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन को चौकन्ना रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें - नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद NDRF हाई अलर्ट, बिहार-UP में बढ़ाई गई निगरानी
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










