Nepal Floods में फंसे तमिलनाडु के पर्यटकों को बचाने की Dayanidhi Maran ने विदेश मंत्री से अपील की
लोकसभा सदस्य दयानिधि मारन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बुधवार को नेपाल में आई भीषण बाढ़ में फंसे या लापता तमिलनाडु के करीब 50 लोग सहित भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित निकालने और स्वदेश वापस लाने की अपील की। नेपाल के तिब्बत से सटे दो मध्यवर्ती जिलों में बुधवार तड़के अचानक आई भीषण बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई। बाढ़ से नदी किनारे बसी बस्तियों में बड़े पैमाने पर तबाही हुई और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी के रास्ते अचानक आई बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया। इससे तिब्बत से सटे रसुवा और धादिंग जिलों के साथ-साथ काठमांडू के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नुवाकोट जिला भी प्रभावित हुआ। मारन ने एक औपचारिक पत्र में पड़ोसी देश में उत्पन्न हुई “गंभीर स्थिति” की ओर ध्यान आकर्षित किया।
मारन ने पत्र में कहा, “खबरों के अनुसार, कई लोगों की जान चली गई है और तमिलनाडु के करीब 50 पर्यटकों समेत कई अन्य लोग अब भी लापता हैं। दुर्गम इलाकों और लगातार जारी बाढ़ के कारण बचाव अभियान बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।” उन्होंने कहा, “इस प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। सड़कें, पुल और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे बह गए हैं, जिससे संचार और परिवहन नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।” मारन ने विदेश मंत्रालय से तत्काल हस्तक्षेप करने का अनुरोध करते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री जयशंकर से प्रभावित लोगों का पता लगाने, उन्हें सुरक्षित निकालने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाने की अपील की।
उन्होंने भारतीय दूतावास और बचाव दलों को आवश्यक निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया, ताकि नेपाल में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया जा सके। पीएमके अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास ने नेपाल के उत्तरी रसुवा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के कारण 400 से अधिक भारतीयों के फंसे होने की खबर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इनमें कुंभकोणम क्षेत्र के 57 लोग शामिल हैं।
रामदास ने एक बयान में बताया कि प्रभावित पर्यटक तंजावुर, तिरुवरूर और मयिलादुथुरई जिलों के रहने वाले हैं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “बताया जा रहा है कि इनमें से 22 लोगों को बचा लिया गया है जबकि बाकी लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।” रामदास ने केंद्र और राज्य सरकारों से नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित वापस लाने का आग्रह किया।
Dewas में जलभराव के बीच School Van निकालने वाला चालक अरेस्ट, 7 बच्चों की जान जोखिम में डाली थी
मध्यप्रदेश के देवास शहर में एक रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भरा होने के बावजूद एक निजी विद्यालय की वैन निकालने की कोशिश करके उसमें सवार एक शिक्षक और सात विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरकारी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय के संचालक के खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बीच यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर की गई है। यादव ने एक बयान में कहा,‘‘विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 25 अगस्त (मंगलवार) को देवास के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भर गया था और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने इसके दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आवागमन बंद कर दिया था। अधिकारी के मुताबिक इन इंतजामों के बावजूद एक निजी विद्यालय के विद्यार्थियों को ले जा रहे वैन चालक ने दुस्साहस करते हुए बैरिकेड हटाए और वह वाहन को अंडरपास में ले गया।
उन्होंने बताया कि पानी अधिक होने के कारण वैन बंद होकर फंस गई और चालक स्कूली बच्चों को वाहन में ही छोड़कर मौके से रवाना हो गया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय नागरिकों और पुलिस कर्मियों ने रस्सियों की सहायता से स्कूल वैन में सवार एक शिक्षक और सात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि स्कूल वैन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मानकों और चालक के चरित्र सत्यापन संबंधी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






