रवि किशन ने ‘खोसला का घोसला 2’ की टीम को सिखाया अपना वायरल डांस, 'चक दे फट्टे' पर थिरके स्टार्स
Ravi Kishan Anupam Kher Boman Irani Dance: बीजेपी सांसद और जाने-माने एक्टर रवि किशन अपनी फिल्मों और विवादित बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं. लेकिन पिछले कुछ दिनों से एक्टर अपने मीम्स की वजह से छाए हुए हैं. वहीं, अब एक्टर की फिल्म 'खोसला का घोसला' के सीक्वल (Khosla Ka Ghosla 2) में एंट्री हो गई है. फिल्म के सेट से एक्टर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो बोमन ईरानी और अनुपम खेर को अपना वायरल डांस स्टेप सिखाते नजर आएं.
रवि किशन ने सिखाया वायरल डांस स्टेप्स
'खोसला का घोसला' के सीक्वल की लंबे समय से शूटिंग चल रही है. वहीं, अब इस फिल्म में रवि किशन की एंट्री हो गई है. खास बात ये है कि फिल्म में उनकी एंट्री की अनाउंसमेंट काफी मजेदार अंदाज में हुई. अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें फिल्म की स्टार कास्ट एक साथ डांस करती नजर आई. वीडियो में देखा जा सकता है कि रवि किशन 'खोसला का घोसला 2' की कास्ट को अपने फेमस डांस स्टेप्स सिखाते नजर आ रहे हैं.
अनुपम खेर ने लिखा मजेदार कैप्शन
इस वीडियो को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने मजेदार कैप्शन लिखा- 'एक लेफ्ट फुट है... एक राइट फुट है... और ये है चल फुट. कोऑर्डिनेशन किंग्स वापस आ गए हैं. हम अपने भाई रवि किशन का 'खोसला का घोसला 2' की कास्ट में स्वागत करते हैं.' वहीं, बता दें कि वीडियो में रवि किशन के साथ अनुपम खेर (Anupam Kher), बोमन ईरानी (Boman Irani) और परवीन डबास (Praveen Dabas) नजर आ रहे हैं. ये चारों 'खोसला का घोसला' के गाने 'चक दे फट्टे' पर रवि किशन के वायरल डांस स्टेप्स कर रहे हैं. वहीं, अब ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें- Explainer: इन दिनों क्यों सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं रवि किशन? डांस, मिम्स से लेकर बयानबाजी तक जानिए पूरी डिटेल
मीम्स को लेकर चर्चा में रवि किशन
बता दें इन दिनों रवि किशन को लेकर कई मीम्स बन रहे हैं और उनकी रील्स सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही हैं. कभी 'जल्दी द लेट' और 'मनी फॉलोज माय ब्रदर' से लेकर 'हम्मम, बेटर डू इट' तक, रवि किशन अचानक इंटरनेट के नए मीम सेंसेशन बन गए हैं. वहीं, इस पर एक्टर ने रिएक्ट करते हुए कहा था कि वो इसके लिए GenZ को धन्यवाद देते हैं. उन्होंने कहा- 'मैं उन्हें प्रणाम करता हूं. खुशी से निशब्द हूं, पता नहीं उन्होंने मुझमें क्या देखा. शायद उन्हें मेरा अल्लहड़पना पसंद आया होगा. GenZ अपने तरह के लोगों को ढूंढते हैं, जो बेबाक हो, कोई मुखौटा ना पहना हो. वो जिस तरह से मेरी वीडियो बना रहे है, मैं तो उन्हें क्रिएटिव जीनियस कहता हूं.'
'खोसला का घोसला' के बारे में
अब 'खोसला का घोसला' के बारे में बात करे तो ये फिल्म साल 2006 में रिलीज हुई थी. फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, परवीन डबास, विनय पाठक, रणवीर शौरी और तारा शर्मा जैसे कलाकार नजर आए थे. दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लोगों ने खूब पसंद किया था और ये कल्ट कॉमेडी फिल्मों में शामिल हो गई थी. फिल्म की कहानी दिल्ली की एक मिडिल क्लास फैमिली के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जमीन एक चालाक प्रॉपर्टी डीलर से वापस लेने की कोशिश करती है.
'खोसला का घोसला 2' की कास्ट
वहीं, अब 20 साल बाद फिल्म का सीक्वल आ रहा है और इसका निर्देशन प्रशांत भागिया कर रहे हैं. फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमठ और राज हिरेमठ प्रोड्यूस कर रहे हैं. खास बात ये है कि फिल्म के पहले पार्ट की पूरी ओरिजिनल कास्ट अपने पुराने किरदारों में वापसी करने वाली है. वहीं, अब फिल्म में रवि किशन भी शामिल हो गए है. बता दें, रवि किशन जल्द ही मिर्जापुर द मूवी में भी नजर आने वाले हैं.
ये भी पढे़ं- 'मैं रसीला और खतरनाक...', 'मिर्जापुर: द मूवी' में विलेन बनने पर रवि किशन ने कही ये बात, वायरल मीम्स पर भी किया रिएक्ट
नेपाल में आई बाढ़ के चलते बिहार में गंडक नदी से सटे कई जिले अलर्ट पर, सरकार ने दिए सख्त निर्देश
Bihar Flood Alert: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित संकल्प' सभागार में नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने बिहार के संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया.
संवेदनशील जिलों पर लगातार नजर रखने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में विकसित हो रही स्थिति को देखते हुए बिहार में संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए. विशेषकर गंडक नदी से जुड़े पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली सहित अन्य संवेदनशील जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ के कारण आने वाले पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा संभावित प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए.
तटबंधों और बांधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी तटबंधों एवं बांधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी लगातार निगरानी की जाए. तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी कमजोर हिस्से पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने बांधों एवं तटबंधों पर रात में भी विशेष नाइट पेट्रोलिंग कराने का निर्देश दिया.
लाउडस्पीकर से लोगों को दी जाए चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर/माइक के माध्यम से लोगों को लगातार आवश्यक सूचना एवं संभावित खतरे की चेतावनी दी जाए ताकि समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एन०डी०आर०एफ० एवं एस०डी०आर०एफ० की टीमें तैनात रखें. संबंधित जिला प्रशासन इन टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें.
राहत-बचाव में लापरवाही नहीं होनी चाहिए
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थिति पर सतत् निगरानी रखी जाए तथा प्रशासनिक एवं तकनीकी टीमें पूरी तरह सक्रिय रहें. किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: Explainer: तिब्बत से आई तबाही, अब भारत पर खतरा? नेपाल बाढ़ के बाद हिमालय से लेकर दिल्ली तक अलर्ट...
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation








