Adani Energy को Maharashtra में मिला 4,700 करोड़ का Transmission Project, अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ेगा दबदबा
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) को महाराष्ट्र में 4,500 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा एवं भंडारण बिजली की निकासी के लिए 4,700 करोड़ रुपये की पारेषण परियोजना मिली है। कंपनी के बुधवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘पश्चिमी क्षेत्र में सातारा के पास पंप स्टोरेज क्षमता के लिए नेटवर्क विस्तार योजना (4,500 मेगावाट तक)-भाग-ए’’ परियोजना एईएसएल को शुल्क आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) प्रक्रिया के जरिये मिली है।
बयान के अनुसार, निजी पारेषण एवं वितरण कंपनी और वैश्विक स्तर पर विविधीकृत अदाणी समूह का हिस्सा एईएसएल ने कर्नाटक में उत्पन्न होने वाली नवीकरणीय ऊर्जा को महाराष्ट्र के प्रमुख बिजली खपत केंद्रों तक पहुंचाने के लिए यह महत्वपूर्ण पारेषण परियोजना हासिल की है। परियोजना पर अनुमानित 4,700 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय होगा। इससे सातारा, पुणे और मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में बढ़ते पंप स्टोरेज तंत्र को भी समर्थन मिलेगा।
सातारा पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड नामक विशेष इकाई (एसपीवी) के तहत आने वाली इस परियोजना को 36 महीने में पूरा किया जाना है। एईएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कंदर्प पटेल ने बयान में कहा, ‘‘सातारा पारेषण परियोजना नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी और ऊर्जा भंडारण की तैनाती, दोनों को समर्थन देने के लिए एक महत्वपूर्ण पारेषण आधार तैयार करेगी।
इससे दक्षिणी और पश्चिमी भारत के बीच बिजली के प्रवाह को मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’ परियोजना में सातारा में 765/400 केवी का उपकेंद्र स्थापित करना, कोल्हापुर-सातारा 765 केवी की दोहरी सर्किट वाली पारेषण लाइन बिछाना और कोल्हापुर पूलिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के साथ संबंधित पारेषण ढांचा तैयार करना शामिल है।
Tata Group की Air India का बड़ा दांव, Drukair के साथ करार से SAARC देशों में बढ़ेगा Connectivity Network
एयर इंडिया ने भूटान की सार्वजनिक विमानन कंपनी ड्रुकएयर-रॉयल भूटान एयरलाइंस के साथ बुधवार को ‘इंटरलाइन’ साझेदारी की। इसके तहत दोनों एयरलाइन एक-दूसरे के नेटवर्क पर यात्रियों को सुगम यात्रा की सुविधा देंगी और दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के बीच संपर्क मजबूत होगा। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने कहा कि इस साझेदारी के साथ वह अब अपने या साझेदारों के नेटवर्क के जरिये सार्क क्षेत्र के लगभग सभी देशों के लिए सुगम संपर्क उपलब्ध कराती है।
भारत और भूटान के अलावा दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) में पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, मालदीव और श्रीलंका शामिल हैं। ‘इंटरलाइन’ व्यवस्था ऐसी साझेदारी है, जिसके तहत साझेदार विमानन कंपनी द्वारा संचालित उड़ानों के लिए टिकट जारी और स्वीकार किए जाते हैं। ‘इंटरलाइन टिकट’ जारी करते समय परिचालन करने वाली एयरलाइन के उड़ान नंबर का इस्तेमाल किया जाता है।
एयर इंडिया ने कहा कि भूटान की एयरलाइन के साथ यह साझेदारी यात्रियों को एक ही टिकट पर एयर इंडिया और ड्रुकएयर की उड़ानों को जोड़कर यात्रा करने की सुविधा देती है, जिससे शुरुआत से अंत तक सुगम यात्रा सुनिश्चित होती है। एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, ‘‘ड्रुकएयर के साथ हमारी साझेदारी सार्क क्षेत्र में संपर्क मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है, जिसे हम अपना विस्तारित घरेलू बाजार मानते हैं।
भूटान इस क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हमें अपने यात्रियों के लिए भूटान तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने में खुशी है। हम ड्रुकएयर के यात्रियों का एयर इंडिया के व्यापक घरेलू एवं वैश्विक नेटवर्क पर स्वागत करने के लिए भी उत्सुक हैं।’’
इसी तरह, ड्रुकएयर के यात्रियों को दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता के रास्ते एयर इंडिया के व्यापक घरेलू नेटवर्क तक सीधी पहुंच मिलेगी। ड्रुकएयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तांडी वांगचुक ने कहा, ‘‘यह साझेदारी ड्रुकएयर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है क्योंकि हम अपने वैश्विक संपर्क को मजबूत करने और अपने यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






