UP Weather: पूर्वी उत्तर प्रदेश में Heavy Rain, अगले 24 घंटे भी भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर मंगलवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न इलाकों में व्यापक वर्षा होने के बावजूद प्रदेश में अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य से 13 प्रतिशत कम है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक आजमगढ़ में सबसे अधिक 180 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में वाराणसी के राजघाट में 128 मिमी, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 120 मिमी और बस्ती में 117 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा, अंबेडकर नगर के जलालपुर में 114.4 मिमी, सोनभद्र के चोपन में 112.2 मिमी, सुल्तानपुर में 107.8 मिमी, आजमगढ़ वेधशाला में 93.4 मिमी, चंदौली में 91 मिमी, मिर्जापुर तहसील में 85 मिमी और श्रावस्ती के भिनगा में 79 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 589.6 मिमी के मुकाबले 473.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 20 प्रतिशत कम है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 509.4 मिमी के मुकाबले 498.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो दो प्रतिशत कम है। कुल मिलाकर, राज्य में सामान्य 556.2 मिमी के मुकाबले 483.7 मिमी बारिश हुई है, जो 13 प्रतिशत की कमी दर्शाती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के जिलों में मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई जबकि सात जिलों चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, बिजनौर, एटा, फिरोजाबाद और हमीरपुर में 20 से 59 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 29 जिलों में सामान्य बारिश हुई जबकि 27 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही। मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है और इसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूरे प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
Mumbai में Ganesh शोभायात्रा पर अंडे फेंकने का आरोपी दानिश गिरफ्तार
दक्षिण मुंबई के मझगांव में गणेश प्रतिमा लाने के दौरान शोभायात्रा पर अंडे फेंकने के आरोप में 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी शोभायात्रा के दौरान एक आवासीय सोसाइटी के बाहर पटाखे फोड़े जाने से भड़क गया था, क्योंकि इससे उत्पन्न धुएं से उसकी आंखों में जलन होने लगी थी और वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयंत मीणा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश शेर खान के रूप में की गई है, जो ऑनलाइन ऑर्डर के आधार पर घरों में अंडों की आपूर्ति करता है। उन्होंने बताया कि दानिश रविवार रात मझगांव के कॉन्टिनेंटल हाइट्स अपार्टमेंट में अंडे पहुंचाने गया था, लेकिन पटाखों से निकले धुएं की चपेट में आने के कारण उसकी आंखों में जलन होने लगी और गुस्से में आकर उसने ‘मजगांवचा मोरया गणेशोत्सव मंडल’ की शोभायात्रा पर कथित तौर पर अंडे फेंक दिए। मीणा के अनुसार, घटना के सिलसिले में सोमवार को बायकुला पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि कॉन्टिनेंटल हाइट्स अपार्टमेंट की एक ऊपरी मंजिल से कथित तौर पर अंडे फेंके गए, जिसके बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया और इमारत के बाहर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में दखल दिया और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए पांच विशेष टीम बनाई गईं, जिन्होंने तकनीकी सबूतों की मदद से दानिश की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीणा ने बताया कि दानिश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करना) और 196 (अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के खिलाफ काम करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








