Rishikesh में Jagga समेत गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, जबरन वसूली का था आरोप
उत्तराखंड पुलिस ने कथित रूप से भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप करके लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे संगठित अपराधों में शामिल एक गिरोह के सरगना और तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश निवासी जगजीत उर्फ जग्गा खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताकर लोगों में भय पैदा करता था।
पुलिस ने बताया कि जग्गा का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गौरतलब है कि जग्गा के नेतृत्व में कुछ लोगों ने नौ अगस्त को शहर में कथित अवैध वसूली में शामिल दो आरोपियों ‘रंगा-बिल्ला’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ऋषिकेश कोतवाली में विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘रंगा-बिल्ला’ का विरोध करने वाले जग्गा के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि कथित वसूली में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इससे पहले, शहर के विभिन्न स्थानों पर कुछ बैनर और पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें एआई से बनाई गई दो तस्वीरों को कथित तौर पर ‘रंगा-बिल्ला’ नाम देते हुए उन पर शहर में जारी कुछ निर्माण कार्यों में कथित वसूली के आरोप लगाए गए थे। ऋषिकेश के पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा ने बताया कि जग्गा (39), प्रणव उर्फ राघव बत्रा (20) और दीपेश कुमार (27) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके एक अन्य साथी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ ऋषिकेश थाने में गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और वे ऋषिकेश के निवासी हैं।
बोरा के मुताबिक, जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में पक्षकारों को डराने-धमकाने तथा अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर विवादों को जबरन सुलझाने का प्रयास करता था। आरोप है कि लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग की जाती थी। बोरा ने बताया कि इसके अलावा घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी गतिविधियों में भी गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता का पता चला है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरोह ने क्षेत्र में भय का ऐसा माहौल बना रखा था कि कई लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। हालांकि, उन्होंने बताया कि जग्गा और उसके साथियों का एक लंबा आपराधिक इतिहास है और 2016 से 2026 के बीच उनके खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। बोरा ने बताया कि पुलिस ने जग्गा के घर से ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड भी बरामद किया है।
BJP प्रमुख Nitin Nabin ने की बैठक, सात राज्यों के चुनाव पर बनी रणनीति
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक की। इसमें खास तौर पर उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित अगले साल सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, यहां भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारी, प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी उपस्थित थे। बैठक में जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच बढ़ाने और युवाओं से जुड़ने के उपायों पर चर्चा की गई, खासकर उन राज्यों में जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक के बाद नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज मैंने भाजपा मुख्यालय में नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश संगठन महासचिवों के साथ आयोजित बैठक में भाग लिया और विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।’’ अगले साल पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं।
इन राज्यों में से पंजाब और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर बाकी पांच राज्यों में भाजपा सत्ता में है। पंजाब में अभी आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्तारूढ़ है। इस संबंध में एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह संगठन से जुड़े कई मामलों पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक थी, जिसमें मुख्य रूप से अगले साल राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर ध्यान दिया गया।’’ यह घटनाक्रम नवीन की पार्टी के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक के एक दिन बाद हुआ है।
इसमें भाजपा की राष्ट्रीय टीम के पूर्व पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष की अध्यक्षता में शनिवार को हुई एक अन्य बैठक में पार्टी के प्रदेश इकाई अध्यक्ष और संगठन सचिव भी उपस्थित थे। शनिवार को दिन भर चली बैठक के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय का दौरा किया और पार्टी के सभी 67 नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से बातचीत की।
प्रधानमंत्री की यह बैठक पांच घंटे से अधिक समय तक चली। मोदी ने पार्टी नेताओं के साथ अपनी बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए के बारे में होती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को प्रगाढ़ करना होता है। पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।’’ सूत्रों ने बताया कि मोदी ने सभी पदाधिकारियों की बात सुनी और ‘महत्वपूर्ण सुझाव’ दिए।
एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री ने सभी की बातें बहुत ध्यान से सुनीं और साथ ही अपने सुझावों के जरिए उन्हें मार्गदर्शन भी दिया। मोदी ने नए पदाधिकारियों से लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और युवाओं से जुड़ने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने जमीन से जुड़े रहने और जमीनी स्तर पर अधिक सक्रियता दिखाने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








