Tamil Nadu के मंत्री R Nirmal Kumar ने विधायकों को सरकारी कार देने के फैसले का बचाव किया
तमिलनाडु के मंत्री आर. निर्मल कुमार ने सभी विधायकों को सरकारी कार और उससे जुड़े भत्ते देने के राज्य सरकार के फैसले का रविवार को बचाव किया और कहा कि विपक्षी विधायक इन वाहनों को इसलिए ठुकरा रहे हैं, क्योंकि वे इसे “छोटा लक्ष्य” मानते हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में घोषणा की थी कि प्रत्येक विधायक को सरकारी कार दी जाएगी। इसके अलावा ईंधन और रखरखाव के लिए हर महीने 75,000 रुपये तथा सहायक के खर्च के लिए 25,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।
ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री कुमार ने दावा किया, “जो लोग विधायक बनने के लिए 30 या 40 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं, उनके लिए एक कार कोई बड़ी बात नहीं है। उनके लिए यह छोटा लक्ष्य है।” उन्होंने सभी 234 विधायकों को सरकारी वाहन और भत्ते देने के फैसले का बचाव किया। इससे सरकार पर करीब 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान है।
अब तक द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), पट्टाली मक्कल कच्ची (पीएमके) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के विधायकों ने राज्य पर बढ़ते कर्ज का हवाला देते हुए सरकार की ओर से दिए जाने वाले वाहन और भत्ते लेने से इनकार किया है। कुमार ने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने और लोगों की समस्याओं को सीधे समझने के लिए सरकारी वाहन जरूरी हैं। मुथंगुलम गांव में पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने सरकारी कारों का विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कई मौजूदा और पूर्व विधायकों के पास कई निजी वाहन हैं, लेकिन वे दूरदराज के गांवों में शायद ही कभी जाते हैं। उन्होंने सवाल किया, “अगर कोई निर्वाचित प्रतिनिधि पांच या दस साल तक अपने क्षेत्र के किसी गांव में कदम ही नहीं रखता, तो उसके पास 10 या 15 निजी कारें होने का क्या फायदा है?” उन्होंने विपक्ष के इस आरोप को भी खारिज किया कि राज्य सरकार विपक्षी विधायकों और पूर्व मंत्रियों से बदला ले रही है। कुमार ने कहा, “लोगों ने उन्हें वोट न देकर पहले ही उनसे बदला ले लिया है।
इसलिए उनके खिलाफ बदला लेने की कोई जरूरत नहीं है। अगर भ्रष्टाचार है या कोई गलत काम हुआ है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों और कानूनी कार्रवाई में ठोस सबूतों और अदालत के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाता है। मंत्री ने मुथंगुलम गांव के लिए नई सरकारी बस सेवा को रवाना करने के दौरान ये बातें कहीं।
यह गांव तिरुप्पुवनम विधानसभा क्षेत्र में आता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण पहले 250 से अधिक परिवारों को गांव छोड़कर जाना पड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा और आवागमन की समस्याओं के कारण कई छात्राओं ने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
कुमार ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के मदुरै के तत्काल दौरे की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र चल रहा है और मुख्यमंत्री के मदुरै दौरे का अभी कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
Gurugram में Congress कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़के नेता, सैनी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने कुछ मुद्दों को लेकर गुरुग्राम में ‘‘काले झंडे लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे’’ पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मामले दर्ज किये जाने के विरोध में हरियाणा की भाजपा सरकार पर रविवार को निशाना साधा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का काफिला शुक्रवार को गुरुग्राम के एक क्षेत्र से गुजर रहा था कि इसी दौरान पुलिस ने काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में बाधा पहुंचाने और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था। यह प्रदर्शन उस समय किया गया था, जब सैनी जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक में शामिल होने के बाद, गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित ‘‘जेन-एच स्टार्टअप समिट 2026’’ के तहत एक “चौपाल” कार्यक्रम में जा रहे थे।
कांग्रेस के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गुरुग्राम में स्थानीय और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सैनी के खिलाफ काले झंडे लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह भाजपा सरकार की तानाशाही और लोकतांत्रिक अधिकारों पर उसके हमले का एक और स्पष्ट उदाहरण है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों और विपक्ष का लोकतांत्रिक तथा संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। अपनी विफलताओं और जनता की वास्तविक चिंताओं को दूर करने के बजाय, भाजपा सरकार असहमति की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की निंदा की।
उन्होंने कहा, ‘‘यह नायब सैनी सरकार द्वारा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार पर किया गया एक घातक हमला है। एक ओर, वे प्रश्नपत्र लीक, नौकरी घोटालों, महंगी शिक्षा और सरकारी नौकरियों के पद न भरने के माध्यम से हर दिन ‘जेन-जी’ को परेशान कर रहे हैं और दूसरी ओर, हमारे युवाओं के साथ खड़े होने वाले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ क्रूर व्यवहार कर रहे हैं।’’ सुरजेवाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जनता भाजपा सरकार को माफ नहीं करेगी।” दत्त ने कहा कि युवाओं की बात सुनने और उनकी चिंताओं का समाधान करने के बजाय, “सरकार ने प्राथमिकी, गिरफ्तारियों और पुलिस दमन का रास्ता चुना है।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘गिरफ्तार किए गए युवाओं के साथ कथित तौर पर ‘थर्ड-डिग्री’ का उत्पीड़न किये जाने और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान किए जाने की खबरें बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’ गुरुग्राम की घटना का जिक्र करते हुए दत्त ने ‘एक्स’ पर एक अलग पोस्ट में मांग की कि सैनी सरकार को सभी गिरफ्तार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा करना चाहिए, उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेनी चाहिए और उनके परिवार के सदस्यों को परेशान करना बंद करना चाहिए।
दत्त ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, ‘‘हम हरियाणा के युवाओं की गरिमा, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करते रहेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








