Gautam Adani ने Bengaluru में DK Shivakumar से मुलाकात की, BJP ने उठाए सवाल
उद्योगपति गौतम अदाणी ने रविवार को यहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार से मुलाकात की और दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुख्यमंत्री शिवकुमार के करीबी सूत्रों ने इस मुलाकात को एक “शिष्टाचार भेंट” बताया। अदाणी समूह के चेयरमैन अदाणी के साथ मुलाकात को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर “दोहरा मापदंड” अपनाने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा।
सूत्रों के अनुसार, अदाणी ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ गए थे और हवाई अड्डा लौटते समय सदाशिवनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिवकुमार से मिले। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया। यह मुलाकात हेब्बाल से सिल्क बोर्ड तक प्रस्तावित सुरंग सड़क परियोजना के बीच हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, इस परियोजना के लिए अदाणी एंटरप्राइजेज सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी के रूप में उभरी है। हालांकि, निविदा को अभी आधिकारिक रूप से अंतिम रूप नहीं दिया गया है। यह तत्काल पता नहीं चल सका कि शिवकुमार और अदाणी के बीच बातचीत में सुरंग सड़क परियोजना का मुद्दा उठा या मुलाकात केवल औपचारिक शिष्टाचार तक सीमित रही।
शिवकुमार ने बेंगलुरु में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहली बार था जब वह (अदाणी) यहां मुझसे मिलने आना चाहते थे। वे यहां कई कारोबार कर रहे हैं। वह शिष्टाचारवश मुझसे मिलने आए थे।’’ इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता आर अशोक ने इस मुलाकात की आलोचना करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शिवकुमार को अदाणी से मिलने की अनुमति दी थी।
कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अशोक ने कहा, “कांग्रेस दिल्ली में अदाणी का विरोध करती है, जबकि कर्नाटक में उसके पक्ष में है। क्या यह दोहरा मापदंड नहीं है?” उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार ने अदाणी के लिए “लाल कालीन बिछा दी” है। अशोक ने शिवकुमार से राहुल गांधी को यह बताने को कहा कि अदाणी एक कारोबारी हैं और केवल कारोबार कर रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर तंज कसते हुए अशोक ने उनसे बेंगलुरु आने और लालबाग या सैंकी टैंक में किसी पेड़ को गले लगाने को कहा जो प्रस्तावित सुरंग सड़क परियोजना से प्रभावित होंगे। भाजपा सुरंग सड़क परियोजना का विरोध कर रही है। पार्टी के सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी इस मुद्दे को लेकर कर्नाटक उच्च न्यायालय का रुख किया है।
Manish Sisodia बोले, Youth Run से साबित हुआ नशे को पीछे छोड़ आगे बढ़ रहा पंजाब
(तस्वीरों के साथ) जालंधर, 23 अगस्त आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने रविवार को कहा कि पार्टी की युवा शाखा द्वारा सरकार के ‘नशा के विरुद्ध युद्ध’ अभियान के तहत यहां आयोजित ‘यूथ रन पंजाब 2026’ से पता चलता है कि राज्य नशे को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है। यहां जारी एक बयान के अनुसार, सिसोदिया और भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन ने पांच किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाई, जिसमें हजारों युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बाद में उन्होंने विजेताओं को 11,000 रुपये तक के नकद पुरस्कार वितरित किए।
सभा को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने कहा कि यह आयोजन महज कुछ किलोमीटर की दौड़ से कहीं अधिक था। उन्होंने कहा, ‘‘यह मैराथन उस पंजाब की आवाज है, जो नशे, निराशा और हार मानने की मानसिकता को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है।’’ पार्टी के बयान में कहा गया कि मान के नेतृत्व में पंजाब अपनी पुरानी ‘उड़ता पंजाब’ की छवि को पीछे छोड़कर युवाओं के दम पर ‘खेलता-दौड़ता पंजाब’ के रूप में उभर रहा है। आप पंजाब युवा विकास बोर्ड के अध्यक्ष परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि मैराथन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पंजाब के युवाओं में ‘रंगला पंजाब’ बनाने में योगदान देने के प्रति बढ़े उत्साह को दर्शाती है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








