CM Bhupendra Patel ने New York में निवेशकों से की मुलाकात, व्यापार बढ़ाने पर हुई चर्चा
योषिता सिंह न्यूयॉर्क, 23 अगस्त गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने न्यूयॉर्क में उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों और प्रवासी भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान गुजरात तथा अमेरिका के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई। बुधवार को वॉशिंगटन से न्यूयॉर्क पहुंचे पटेल ने न्यूजर्सी में उद्योग प्रतिनिधियों, कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि उसने न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी के रत्न एवं आभूषण क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ पटेल की बैठक आयोजित की। दूतावास ने कहा कि सौराष्ट्र डायमंड एसोसिएशन समेत अन्य प्रतिभागियों ने “व्यापार और निवेश के विस्तार के अवसरों के साथ-साथ क्षेत्र के विकास और भारत-अमेरिका के बीच मजबूत कारोबारी संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।” न्यूजर्सी में युवा उद्यमियों और कारोबारी जगत की हस्तियों के साथ भी एक बैठक हुई। इसमें एडिसन के मेयर सैम जोशी और पार्सिपनी-ट्रॉय हिल्स के मेयर पुलकित देसाई ने पटेल से मुलाकात की।
दूतावास ने कहा, “गुजरात और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश और उद्यमिता संबंधों को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा कारोबारियों ने भाग लिया।” भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में संस्थागत निवेशकों, वित्तीय संस्थानों और विनिर्माण क्षेत्र के दिग्गजों के साथ पटेल की एक विशेष बैठक की आयोजित की।
Revanth Reddy के US दौरे को केंद्र ने नहीं दी मंजूरी, IOC ने जताई निराशा
योषिता सिंह न्यूयॉर्क, 23 अगस्त इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) की अमेरिका स्थित तेलंगाना इकाई ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार की ओर से राजनीतिक मंजूरी नहीं दिए जाने पर गहरी निराशा जताई है। रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं और 23 अगस्त को ब्रिटेन का दौरा पूरा करने के बाद वह अमेरिका जाने वाले थे। आईओसी की अमेरिका स्थित तेलंगाना इकाई ने शनिवार को एक बयान में रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं देने के केंद्र सरकार के फैसले पर ‘‘गहरी निराशा और चिंता’’ व्यक्त की।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्यमंत्रियों और अन्य गणमान्य लोगों की विदेश यात्राओं के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से पहले मंत्रालय आकलन करता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि प्रस्तावित कार्यक्रम संबंधित पद और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए, लेकिन इस मामले में अमेरिका दौरे का कार्यक्रम उपयुक्त नहीं था। उन्होंने कहा कि रेड्डी की ब्रिटेन यात्रा को मंजूरी दी गई है।
ईओसी अमेरिका की तेलंगाना इकाई ने कहा कि रेड्डी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे में न्यूयॉर्क में एक बड़े स्वागत समारोह के साथ-साथ प्रमुख अमेरिकी शैक्षणिक संस्थानों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें शामिल थीं। आईओसी ने बयान में कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री की अमेरिका यात्रा हैदराबाद को शिक्षा, नवाचार, कौशल और शोध के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनाए जाने के प्रयासों से जुड़ी थी, इसके लिए दुनिया के प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ साझेदारी की योजना थी।’’ रेड्डी ने विदेश मंत्रालय के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अमेरिका जाने का उनका एकमात्र उद्देश्य केंद्र की नयी शिक्षा नीति के तहत दुनिया के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों को भारत, तेलंगाना और हैदराबाद लाना था। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को दुनिया के शीर्ष विश्वविद्यालयों से शिक्षा, कौशल और प्रशिक्षण हासिल करने के अवसर मिलते।
आईओसी-यूएसए के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, निवेश और युवाओं के लिए अवसरों को बढ़ावा देने के प्रयासों को दलगत राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री को अमेरिका यात्रा की अनुमति दिए जाने के बावजूद तेलंगाना के मुख्यमंत्री को मंजूरी नहीं मिलने पर सवाल उठाया और इसे परेशान करने वाला स्पष्ट दोहरा मापदंड बताया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






