Jaipur Police ने Fake Currency गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ा, 4.30 लाख रुपये बरामद
राजस्थान के जयपुर में पुलिस ने 4.30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली नोट बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बजाज नगर थाना पुलिस और आयुक्तालय की विशेष अपराध शाखा (सीएसटी) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि टीम ने शुक्रवार देर रात नकली नोट चलाने वाले कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4,30,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो ‘एसयूवी’ वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशुल, साहिल चौधरी, प्रियांशु और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि साहिल चौधरी सीकर जिले का रहने वाला है जबकि अन्य तीन आरोपी हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना रोहतक निवासी अमन राणा है, जो बांग्लादेश से गिरोह चला रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी इन नकली नोटों को राज्य में आगामी नगर निकाय चुनाव के दौरान खपाने के लिए लाए थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
Kolkata Hotel Fire मामले में फरार मालिक Bireshwar Mitra बेहाला से गिरफ्तार
कोलकाता में एक होटल के मालिक को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जहां आग लगने से सात बांग्लादेशी नागरिकों समेत नौ लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान बीरेश्वर मित्रा के रूप में हुई है जो मंगलवार को हुई घटना के बाद रात के समय कुछ समय घटनास्थल पर रहा था और फिर झारखंड के धनबाद फरार हो गया था।
अधिकारी ने कहा कि बीते कुछ दिन से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। मित्रा न्यू मार्केट इलाके में स्थित शिखा इन और उसके सामने मौजूद जापॉन नामक एक अन्य होटल का मालिक है। अधिकारी ने बताया कि कर्मचारियों ने उसे आग लगने की जानकारी दी थी, लेकिन वह घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, मित्रा अपनी कार से कोलकाता से चला गया और धनबाद में जाकर छिप गया, जहां उसके कुछ कर्मचारियों के घर हैं। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को वह बेहाला में डायमंड हार्बर रोड पर स्थित अपने घर लौटा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं को संदेह है कि घटना के बाद दो बैंक खातों से लेनदेन पर रोक लगने के कारण पैसों की कमी होने की वजह से मित्रा वापस आया होगा।
पुलिस मित्रा से यह पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है कि वह क्यों भागा और बाद में वापस क्यों आया। आरोप है कि होटल में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मित्रा की तलाश शुरू कर दी थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








