Surinder Choudhary ने ED मामले में भाई का किया बचाव, कहा चुनिंदा निशाना बनाया
जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले में अपने भाई एवं निलंबित पुलिस अधिकारी विजय चौधरी का बचाव किया और इस कार्रवाई को ‘‘चुनिंदा तरीके से निशाना बनाना’’ करार दिया। चौधरी ने कहा, ‘‘मेरे भाई ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और आतंकवादी हमलों का सामना किया है।’’ चौधरी ने कहा कि उनके भाई ने जो सेवा की है, उसके लिए उन्हें इनाम मिलना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ‘‘एक दिन फाइलें खुलेंगी और जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा’’।
उप मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वह अपने भाई के खिलाफ मामला दर्ज होने से डरेंगे नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘हर जुल्म का अंत होता है।’’ हालांकि, चौधरी ने कहा कि उनके परिवार से जुड़े किसी भी मामले का फैसला न्यायपालिका को करना चाहिए, न कि उस पर सार्वजनिक रूप से बहस की जानी चाहिए। यहां एक सरकारी अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘मैं इसे जांच एजेंसियों और अदालत पर छोड़ना पसंद करूंगा।
मुझे अपनी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।’’ ईडी ने विजय के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पहले ही उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुका है। यह मामला बेनामी लेन-देन और धन शोधन के जरिए दर्जनों संपत्तियों को प्राप्त करने के आरोपों से जुड़ा है।
Sweden School में तलवार से हमला, 17 वर्षीय छात्रा की मौत और तीन घायल
मध्य स्वीडन के एक स्कूल में हुए जानलेवा तलवार हमले में 17 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। स्टॉकहोम के उत्तर-पश्चिम में फागरस्टा के ब्रिनेल स्कूल में शुक्रवार को कक्षाएं चलने के दौरान 18 साल के एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया।
इस हमले में एक छात्रा की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच हत्या और हत्या की कोशिश के तौर पर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उन्हें ऐसा कोई कारण नहीं दिखता, जिससे लगे कि इसमें और भी लोग शामिल थे।
स्वीडन की समाचार एजेंसी टीटी की खबर के अनुसार, वास्टमानलैंड काउंटी (जहां यह शहर स्थित है) ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लड़कों की उम्र 12 और 17 साल है। अठारह साल से कम उम्र के एक तीसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आईं और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि हमलावर के मकसद के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







