China PMI: जुलाई में विनिर्माण गतिविधियां अप्रत्याशित रूप से घटीं, आंकड़ा 49.2 पर आया
चीन की विनिर्माण गतिविधियां जुलाई में अप्रत्याशित रूप से सुस्त पड़ गईं और पांच महीने में पहली बार संकुचन के दायरे में पहुंच गईं। इससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की व्यापक वृद्धि दर पर दबाव बढ़ने की आशंका है। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि आधिकारिक विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) जून के 50.3 से जुलाई में 49.2 पर आ गया।
यह अर्थशास्त्रियों के अनुमान से कमजोर रहा। नए ऑर्डर का उप-सूचकांक जून के 51.2 से जुलाई में 48.5 पर आ गया जो 2023 के बाद का सबसे निचला स्तर है। वहीं, उत्पादन का उप-सूचकांक 51.4 से घटकर 49.9 पर पहुंच गया।
कारखाना प्रबंधकों के सर्वेक्षण पर आधारित पीएमआई को शून्य से 100 के पैमाने पर मापा जाता है। 50 से ऊपर का स्तर गतिविधियों में विस्तार और 50 से नीचे का स्तर संकुचन का संकेत देता है। आईएनजी बैंक में ग्रेटर चाइना के मुख्य अर्थशास्त्री लिन सॉन्ग ने कहा, ‘‘ पीएमआई का ताजा आंकड़ा साल की दूसरी छमाही के शुरुआती आर्थिक आंकड़ों के लिहाज से उत्साहजनक नहीं है।’’ चीन की अर्थव्यवस्था लंबे समय से घरेलू खर्च और निवेश में सुस्ती के दबाव में है।
अप्रैल-जून तिमाही में चीन की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर घटकर 4.3 प्रतिशत रह गई, जो तीन वर्ष से अधिक समय में सबसे धीमी वार्षिक वृद्धि है। यह चीन के समूचे वर्ष के 4.5 से पांच प्रतिशत वृद्धि लक्ष्य से भी कम है।
Avaada Group ने गुजरात और महाराष्ट्र में Renewable Energy प्रोजेक्ट्स हेतु 1.3 अरब डॉलर जुटाए
आवाडा समूह ने गुजरात और महाराष्ट्र में 2,150 मेगावाट की अपनी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.3 अरब डॉलर की वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित कर ली है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आरईसी लिमिटेड और केनरा बैंक सहित भारतीय वित्तीय संस्थानों ने चार विशेष प्रयोजन इकाइयों (एसपीवी) के माध्यम से इस वित्तपोषण को मंजूरी दी है। इसमें 1.35 गीगावाट (1,350 मेगावाट) की हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं और 800 मेगावाट की यूटिलिटी स्तर की सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।
इनका विकास महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) और गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जीयूवीएनएल) जैसी प्रमुख राज्य बिजली वितरण कंपनियों के लिए किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के तहत गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर 3,000 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा क्षमता और 450 मेगावाट पवन ऊर्जा क्षमता विकसित की जाएगी। कंपनी ने कहा कि इस स्तर का वित्तपोषण और देश के प्रमुख वित्तीय संस्थानों की भागीदारी आवाडा समूह के कामकाज, अनुशासित परियोजना क्रियान्वयन, परिसंपत्तियों की मजबूत गुणवत्ता और दीर्घकालिक वृद्धि रणनीति पर वित्तीय संस्थानों के भरोसे को दर्शाती है।
आवाडा समूह के चेयरमैन विनीत मित्तल ने कहा, ‘‘ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.3 अरब डॉलर से अधिक की वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित होना आवाडा समूह के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारी हाइब्रिड परियोजनाओं को बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और ग्रिड की स्थिरता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है जबकि हमारी सौर परियोजनाएं महाराष्ट्र और गुजरात को दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौतों के तहत किफायती स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराएंगी।

prabhasakshi