डीपीआईआईटी की टॉय सेक्टर प्लेबुक रिपोर्ट के अनुसार 2047 तक वैश्विक खिलौना बाजार में भारत की हिस्सेदारी चार प्रतिशत हो सकती है
नयी दिल्ली, 29 जुलाई देश का खिलौना उद्योग वर्ष 2047 तक वैश्विक खिलौना बाजार में करीब चार प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। उस समय तक वैश्विक बाजार का आकार लगभग 454.3 अरब डॉलर हो जाने का अनुमान है। एक रिपोर्ट में यह कहा गया है।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की ‘टॉय सेक्टर प्लेबुक’ रिपोर्ट में कहा गया है, वर्तमान में भारत की वैश्विक खिलौना निर्यात में हिस्सेदारी केवल 0.3 प्रतिशत है। ऐसे में अमेरिका, जर्मनी और ब्रिटेन जैसे प्रमुख खिलौना आयातक देशों में निर्यात बढ़ाकर भारतीय उद्योग के पास तेज वृद्धि का बड़ा अवसर है। रिपोर्ट में देश के खिलौना उद्योग में नवोन्मेष, विनिर्माण और वैश्विक प्रतिस्पर्धी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक रूपरेखा पेश की गयी है।
इसमें कहा गया है कि घरेलू खिलौना बाजार की अनुमानित 10.1 प्रतिशत और वैश्विक खिलौना बाजार की 6.2 प्रतिशत वृद्धि दर को देखते हुए भारत का खिलौना उद्योग 2047 तक वैश्विक बाजार में लगभग चार प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। सरकार ने 2032 तक वैश्विक खिलौना बाजार में पांच प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भारतीय खिलौना उद्योग को निर्यात-आधारित विकास पर जोर देना होगा।
साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और ब्रांडिंग, पैकेजिंग और उत्पाद डिजाइन में निवेश बढ़ाना होगा। इसमें यह भी सुझाव दिया गया है कि उद्योग केवल खिलौनों के ‘असेंबली’ कार्य तक सीमित न रहे, बल्कि उपकरणों के निर्माण सहित संपूर्ण विनिर्माण परिवेश विकसित करे। इससे भारत खिलौना उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के साथ विनिर्माण क्षमता बढ़ाकर वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में भारत का घरेलू खिलौना बाजार 1.9 अरब डॉलर का था, जिसके 2032 तक 4.1 अरब डॉलर और 2047 तक 17.4 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, वैश्विक खिलौना बाजार का आकार 2024 में 113.9 अरब डॉलर था, जिसके 2032 तक 184.3 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के पुनर्गठन का लाभ भारत, वियतनाम और मेक्सिको जैसी उभरती अर्थव्यवस्थाओं को मिल रहा है, क्योंकि कई वैश्विक खिलौना कंपनियां अपने परिचालन को वैकल्पिक बाजारों की ओर स्थानांतरित कर रही हैं।
काला सागर में मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत की आशंका, कानपुर प्रशासन ने विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र
कानपुर (उप्र), 29 जुलाई काला सागर में एक मालवाहक पोत पर कथित ड्रोन हमले में कानपुर के एक मर्चेंट नेवी अधिकारी की मौत होने की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने घटना के सत्यापन के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिला मजिस्ट्रेट जितेंद्र प्रताप सिंह और अपर पुलिस आयुक्त विपिन टाडा समेत वरिष्ठ जिला अधिकारियों ने मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता के शास्त्री नगर स्थित घर जाकर उनके परिजन से मुलाकात की।
परिवार के प्रतिवेदन पर जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश सरकार के जरिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है और इस घटना के सत्यापन तथा सूचना की पुष्टि होने पर गुप्ता का शव भारत लाए जाने के सिलसिले में सहायता मांगी है। हालांकि, लाल ने कहा कि न तो विदेश मंत्रालय, न गृह मंत्रालय और न ही पोत कंपनी ने गुप्ता की मृत्यु या पोत पर किसी तरह के हमले की आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है। लाल ने कहा, “प्रशासन ने अब तक परिवार द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर कार्रवाई की है।
संबंधित अधिकारी तथ्यों का सत्यापन करेंगे।” गुप्ता की पत्नी शालू गुप्ता ने अधिकारियों को बताया कि वह मुंबई स्थित ‘एवन नैवीग8ओआरजेड मरीन्स प्राइवेट लिमिटड’ में कार्यरत थे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि गुप्ता 13 जून को कानपुर से मुंबई के लिए रवाना हुए थे और अगले दिन मुंबई पहुंचे थे जहां से वह 15 जून को इस्तांबुल की यात्रा पर गए थे। शालू ने बताया कि गुप्ता ने अंतिम बार 17 जून को परिवार से बात की थी।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को एक सहकर्मी ने उन्हें फोन पर बताया कि जहाज पर 18 जुलाई को ड्रोन से हमला हुआ और गुप्ता की मृत्यु हो गई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi