केरल के मिमिक्री कलाकार महेश कुंजुमोन ने मुख्यमंत्री का नाम लेने पर साइबर उत्पीड़न का आरोप लगाया
कोच्चि, 28 जुलाई केरल के एक मिमिक्री कलाकार ने आरोप लगाया है कि उनके विदेश में दिए गए एक मंचीय कार्यक्रम की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उन्हें ऑनलाइन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है और कुछ लोगों ने उन पर मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का ‘अनादर’ करने का आरोप लगाया है। मिमिक्री कलाकार महेश कुंजुमोन ने कहा कि यह विवाद आयरलैंड में हाल में हुए उनके एक कार्यक्रम से शुरू हुआ, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री की आवाज की नकल की थी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘वी. डी. सतीशन’ का जिक्र किया और एलईडी वॉल संचालक को नेता की तस्वीर प्रदर्शित करने को कहा।
कुंजुमोन ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट किया कि उन्होंने तकनीकी उद्देश्य से केवल फाइल का नाम लिया था। उनका मुख्यमंत्री के नाम के आगे ‘मुख्यमंत्री’ या ‘सर’ न लगाकर किसी तरह का अनादर या अपमान करने का उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि वीडियो का केवल एक हिस्सा सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिससे यह धारणा बनी कि उन्होंने जानबूझकर सतीशन का नाम बिना सम्मान के लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर मेरी किसी बात या कार्य से किसी को ठेस पहुंची है या कोई आहत हुआ है तो मैं ईमानदारी से माफी मांगता हूं। मेरा कभी भी किसी का अपमान करने या किसी को चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं सभी का समान रूप से सम्मान करता हूं।’’ कुंजुमोन ने लोगों से मतभेदों को सभ्य तरीके से व्यक्त करने की अपील की और कहा कि अपमानजनक तथा गाली-गलौज वाले संदेश गंभीर मानसिक तनाव पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित रूप से मिले कुछ आपत्तिजनक संदेशों के स्क्रीनशॉट भी साझा किए।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में खाई में गिरा वाहन, एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत
शिमला, 28 जुलाई हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात भरमौर-पठानकोट राज्य राजमार्ग पर लाहड़ के पास एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने तीन माह के बीमार बच्चे के इलाज के लिए पठानकोट जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान बीमार बच्चे, उसके दादा वचन सिंह (60), उसके पिता रिपुन सिंह (30) व माता रिंपी देवी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पांचवें व्यक्ति की पहचान कीर्ति (23) के रूप में हुई है। ये सभी चंबा के गेहरा गांव के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
शुरुआती सूचना से संकेत मिलता है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण कार 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया, ‘‘शवों को खाई से निकालकर डलहौजी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’’ घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।
दुर्गम इलाके और रात का समय होने के कारण बचावकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दलों की मदद की।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi