Chandrababu Naidu ने दिए निर्देश, लापता 8 मछुआरों की तलाश तेज करने के दिए आदेश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को अधिकारियों को तीन अगस्त से लापता आठ मछुआरों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए। तलाश अभियान भारतीय तटरक्षक बल, राज्य मत्स्य विभाग और बी. आर. आंबेडकर कोनसीमा जिला प्रशासन के समन्वय से चलाया जा रहा है। बी. आर. आंबेडकर कोनसीमा जिले के ओडलारेवु, डुम्मलापेटा और वासलाथिप्पा गांवों के आठ मछुआरे तीन अगस्त को सुबह करीब 10 बजे ‘ओडलारेवु फिश लैंडिंग सेंटर’ के पास जेटी से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकले थे।
मछुआरों के रवाना होने वाले दिन करीब 11 बजे उनके परिवारों का चालक दल से संपर्क टूट गया। नाव के 12 अगस्त तक वापस लौटने की उम्मीद थी, लेकिन वह नहीं लौटी, जिसके बाद अधिकारियों ने तलाश अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मछुआरों का पता लगाने के लिए सभी उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक लापता नाव और मछुआरों का पता नहीं चल जाता, तब तक तटरक्षक बल, मत्स्य विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय से तलाश अभियान जारी रखना चाहिए। नायडू ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “तीन अगस्त को ओडलारेवु जेटी से मछली पकड़ने वाली नाव के रवाना होने के बाद से लापता आठ मछुआरों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान तेज किया जाना चाहिए और उन्हें सुरक्षित ढूंढने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाने चाहिए।” नाव में अति उच्च आवृत्ति वाला रेडियो यंत्र लगा हुआ है और मछुआरों के पास मोबाइल फोन भी हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि नाव उसी दिन शाम करीब छह बजे मछली पकड़ने वाले क्षेत्र में पहुंची होगी।
तटरक्षक बल के कमांडेंट ने आसपास गश्त कर रहे जहाजों को सतर्क कर दिया है और तलाश अभियान जारी है। जानकारी जुटाने में मदद के लिए काकीनाडा, भैरवपालम, विशाखापत्तनम और पारादीप से समुद्र में मछली पकड़ने वाली नावों को भी सतर्क किया गया है। नायडू ने अधिकारियों को लापता मछुआरों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और तलाश अभियान की नियमित जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
18 August History: England ने West Indies को 2 दिन में हराया था, ISRO का मिशन भी दर्ज
क्रिकेट को समझने वाले इस बात से वाकिफ हैं कि इस खेल के तीनों प्रारूपों में टेस्ट मैच की अवधि सबसे अधिक पांच दिन होती है। सीमित ओवर का मैच एक दिन में खेला जाता है और फटाफट क्रिकेट में 20-20 ओवर की पारी होती है। ऐसे में किसी टेस्ट मैच का दो दिन में खत्म होना इतिहास में जगह बनाने के लिए काफी है।
दरअसल, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 2000 में 17 अगस्त से लार्ड्स में शुरू हुआ मैच 18 अगस्त को ही खत्म हो गया। पांच दिन के टेस्ट मैच का दो दिन में खत्म होना दुर्लभ तो है, लेकिन अपनी तरह का अकेला उदाहरण नहीं है। यह सिलसिला 1882 से चल रहा है, जब इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच ओवल में खेला गया टेस्ट मैच दो ही दिन में खत्म हो गया था।
वैसे कुल मिलाकर 21 मौकों पर ऐसा हो चुका है कि पांच दिन के टेस्ट मैच की तैयारी करके मैदान में उतरी टीमें दो ही दिन में मैच निपटा बैठीं। इतिहास में 18 अगस्त की तारीख में दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1800 : लार्ड वेल्जली ने कलकत्ता में फोर्ट विलियम कॉलेज की स्थापना की। 1868 : फ्रांस के खगोलविद पियरे जेनसीन ने हीलियम की खोज की।
1891 : कैरेबियाई द्वीप मार्टिनीक्यु में चक्रवाती तूफान से 700 लोगों की मौत। 1900 : विजयलक्ष्मी पंडित का जन्म। 1924 : फ्रांस ने जर्मनी से अपनी सेनाएं वापस बुलानी शुरु कीं।
1940 : पहली बार मौसम मानचित्र का टेलीविजन पर प्रसारण हुआ। 1945 : ऐसी खबर आई कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ताइवान के एक हवाई अड्डे पर हुई विमान दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए। यह भी कहा गया कि एक निकटवर्ती जापानी अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
हालांकि इस खबर को लेकर लंबे समय तक रहस्य बना रहा। 1949 : हंगरी में संविधान लागू हुआ। 1951 : पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना।
1973 : अमेरिका के बोस्टन में पहले एफ एम रेडियो स्टेशन के निर्माण को मंजूरी। 1999 : तुर्की में भूकंप से लगभग 45,000 लोगों की मौत। 2000 : इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर दो दिन में टेस्ट मैच जीतने का इतिहास रचा।
2008 : पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने महाभियोग की आशंका के बीच इस्तीफा दिया। 2010 : उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सुमगढ़ (कपकोट) गांव में बादल फटने और भूस्खलन से सरस्वती शिशु मंदिर के पांच से दस साल की उम्र के 18 स्कूली बच्चों की मलबे में दबकर मौत। 2015 : इंडोनेशिया में खोज दल ने पापुआ के पहाड़ी इलाके में त्रिगाना एयर सर्विस के उस विमान का मलबा और उसमें सवार सभी 54 लोगों के शव बरामद किए जो 16 अगस्त 2015 को दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
2019 : दुबई के सिटी वेडिंग हॉल में एक विवाह समारोह में हुए आत्मघाती बम धमाके में 63 लोगों की मौत और 180 से अधिक घायल। 2023 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 मिशन के तहत चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर मॉड्यूल को चंद्रमा के करीब ले जाने वाली पहली डिबूस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी की गई, जिससे वह चंद्रमा की निचली कक्षा में प्रवेश कर गया। 2024 : सूडान में अर्धसैनिक समूह के लड़ाकों ने एक गांव में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी के बाद महिलाओं एवं बच्चों समेत 85 लोगों की हत्या की।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









