Car Care Tips: गाड़ी में PPF लगवाने का है प्लान? सही ब्रांड चुनने से पहले जानें जरूरी बातें
Car Care Tips: नई कार खरीदने के बाद हर मालिक चाहता है कि उसकी गाड़ी लंबे समय तक बिल्कुल नई जैसी दिखे। कार के पेंट को सुरक्षित रखने के लिए आजकल पेंट प्रोटेक्शन फिल्म (PPF) सबसे लोकप्रिय विकल्प बन चुकी है। यह एक पारदर्शी और मजबूत फिल्म होती है, जिसे कार की बाहरी बॉडी पर लगाया जाता है। PPF कार के ओरिजिनल पेंट को हल्की खरोंच, सड़क पर उड़ने वाले छोटे पत्थरों, कीड़े-मकोड़ों के निशान, पक्षियों की बीट और रोजमर्रा की कई छोटी-मोटी क्षति से बचाने में मदद करती है।
हालांकि, बाजार में अब कई PPF ब्रांड और कार डिटेलिंग स्टूडियो मौजूद हैं। ऐसे में सही फिल्म और भरोसेमंद इंस्टॉलेशन सेंटर चुनना बेहद जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सबसे पहले तय करें अपना बजट
PPF की कीमत उसकी क्वालिटी, इस्तेमाल किए गए मटेरियल और आपकी कार के आकार पर निर्भर करती है।
सामान्य तौर पर PPF लगवाने का खर्च करीब ₹40,000 से शुरू होकर ₹2.5 लाख तक जा सकता है।
प्रीमियम और लग्जरी कारों के लिए इसकी कीमत ₹50,000 से ₹1.5 लाख या उससे अधिक हो सकती है।
अगर आप लंबे समय तक बेहतर सुरक्षा चाहते हैं, तो सिर्फ कीमत नहीं बल्कि फिल्म की गुणवत्ता और वारंटी पर भी ध्यान दें।
भरोसेमंद PPF ब्रांड्स का करें चुनाव
सिर्फ कम कीमत देखकर लोकल या बिना ब्रांड वाली फिल्म लगवाना भविष्य में नुकसान का कारण बन सकता है। हमेशा ऐसे ब्रांड का चुनाव करें जिसकी गुणवत्ता और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट अच्छा हो। भारतीय बाजार में कुछ लोकप्रिय PPF ब्रांड्स हैं:
3M PPF – अमेरिका का सबसे भरोसेमंद और लोकप्रिय ब्रांड।
Saint-Gobain PPF – प्रीमियम क्वालिटी के लिए जाना जाता है।
Rodim PPF – जर्मन कंपनी BASF के TPU मटेरियल पर आधारित प्रोडक्ट।
Garware PPF – भारतीय ब्रांड, जो अच्छी क्वालिटी और प्रतिस्पर्धी कीमत के लिए लोकप्रिय है।
Paint Guard PPF – सीमित बजट वाले ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प।
Nippon PPF और Cosmo PPF – तेजी से लोकप्रिय हो रहे भारतीय बाजार के अन्य विकल्प।
सही डिटेलिंग स्टूडियो कैसे चुनें?
PPF की गुणवत्ता जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी उसका सही इंस्टॉलेशन भी है। इसलिए स्टूडियो चुनते समय इन बातों पर जरूर ध्यान दें।
ऑथराइज्ड इंस्टॉलर चुनें: हमेशा उसी स्टूडियो में जाएं जो संबंधित ब्रांड का अधिकृत इंस्टॉलर हो।
मल्टी-ब्रांड स्टूडियो को प्राथमिकता दें: जहां कई ब्रांड उपलब्ध हों, वहां कीमत और गुणवत्ता की बेहतर तुलना की जा सकती है।
ऑनलाइन रिव्यू जरूर देखें: गूगल रेटिंग, ग्राहक अनुभव और पुराने काम की तस्वीरें देखने के बाद ही फैसला लें।
पारदर्शी प्राइसिंग वाले स्टूडियो चुनें: जिनकी तय रेट लिस्ट हो या वेबसाइट पर कीमतें उपलब्ध हों, वे अधिक भरोसेमंद माने जाते हैं।
फ्री गिफ्ट्स के लालच में न आएं: अत्यधिक ऑफर देने वाले स्टूडियो कई बार कम गुणवत्ता वाली फिल्म इस्तेमाल कर सकते हैं।
अनुभव की जानकारी लें: स्टूडियो कितने वर्षों से काम कर रहा है और उसके टेक्नीशियन कितने प्रशिक्षित हैं, यह जरूर पूछें।
असली PPF की पहचान कैसे करें?
PPF लगवाने से पहले हमेशा फिल्म के रोल नंबर या बैच नंबर की जानकारी लें। इसे संबंधित ब्रांड की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर के जरिए वेरिफाई किया जा सकता है। इसके अलावा कोशिश करें कि इंस्टॉलेशन का पूरा काम आपकी मौजूदगी में किया जाए, ताकि किसी दूसरी या कम गुणवत्ता वाली फिल्म का इस्तेमाल न किया जा सके।
अगर आप इन बातों का ध्यान रखते हैं, तो न सिर्फ नकली या घटिया PPF से बच सकते हैं, बल्कि अपनी नई कार के पेंट को भी लंबे समय तक सुरक्षित और चमकदार बनाए रख सकते हैं।
(मंजू कुमारी)
SBI SCO BMO Vacancy 2026: एसबीआई बैंक मेडिकल ऑफिसर भर्ती की डेट बढ़ी, मिलेगी ₹93,000 तक सैलरी
SBI SCO BMO Recruitment 2026: एसबीआई ने बैंक मेडिकल ऑफिसर (BMO) भर्ती 2026 के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। योग्य उम्मीदवार 93960 रुपये प्रति माह तक की सैलरी वाली इस नौकरी के लिए जल्द अप्लाई करें।

Haribhoomi
Hindustan