ED ने Kerala में 8 जगहों पर फिर की छापेमारी, CMRL मामले में कार्रवाई तेज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को केरल में कई जगहों पर नए सिरे से तलाशी ली। यह कार्रवाई सीएमआरएल मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत की गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना से पूछताछ की गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत राज्य में आठ जगहों पर कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी इस आरोप की जांच कर रही है कि ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीमएमआरएल) ने ‘आईटी कंसल्टेंसी’ सर्विस’ के नाम पर वीना की अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस’ को 2.78 करोड़ रुपये का धोखाधड़ी वाला भुगतान किया। केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीना के यहाँ छापा मारा था, जो तिरुवनंतपुरम में किराए के मकान में विजयन के साथ रह रही थीं।
इसके बाद उनसे पूछताछ की गई थी।
Rajasthan में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 26 IAS और 53 RAS अफसरों के तबादले
राजस्थान सरकार ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 26 और राजस्थान प्रशासन सेवा (आरएएस) के 53 अधिकारियों का तबादला किया है। कार्मिक विभाग ने सोमवार देर रात इस बारे में अलग अलग आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, कई विकास प्राधिकरणों, शहरी निकायों और जिला स्तरीय पदों पर तैनात कई अधिकारियों का तबादला/पदस्थापन किया गया है।
भारतीय प्रशासनिका सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादला आदेश के अनुसार अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के. को ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसी तरह जोधपुर में सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार शिल्पा सिंह को आयोजना विभाग में संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी का तबादला आपदा प्रबंधन और सहायता विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर किया गया है। श्रीगंगानगर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के तौर पर काम कर रहे आईएएस गिरधर को खैरथल-तिजारा में भिवाड़ी एकीकृत विकास प्राधिकार (बीडा) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आईएएस प्रतिभा वर्मा को चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर ज़िला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह गौरव बुडानिया को अजमेर नगर निगम का आयुक्त और जैसलमेर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर काम कर रहीं रश्मि रानी को अजमेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार ने एक अलग आदेश में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 53 अधिकारियों का भी तबादला किया।
उल्लेखनीय है कि यह तबादले राज्य में शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से पहले हुए हैं। इससे पहले भी राज्य सरकार ने हाल में कई अधिकारियों के तबादले/पदस्थापन किए थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







