Bihar में डूबने से 6 बच्चों की मौत, Katihar और Patna में दर्दनाक हादसे
बिहार के कटिहार और पटना जिलों में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से कम से कम छह बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पहली घटना कटिहार जिले में फलका थाना क्षेत्र की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन महीने के तीसरे सोमवार के अवसर पर पांच बच्चे अपने परिवार के सदस्यों के साथ कमला घाट पर स्नान करने गए थे तभी तीन बच्चे गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को बचा लिया, जबकि तीन अन्य की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमन कुमार (12), प्रिंस कुमार (10) और सत्यम कुमार (13) के रूप में हुई है।
कटिहार के कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा पदाधिकारी पूजा कुमारी ने संवाददाताओं से कहा, “जब तीन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।” इसी तरह की एक अन्य घटना में पटना जिले के बख्तियारपुर प्रखंड में सोमवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए और एक अन्य बच्चा लापता हो गया। बख्तियारपुर थाना प्रभारी देवानंद शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘संबंधित कर्मियों ने तीन शव बरामद कर लिए हैं और एक बच्चा अब भी लापता है। लापता बच्चे की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
Delhi के मेडिकल कॉलेजों में 300 नई MBBS और 103 PG सीटें जोड़ने का प्रस्ताव
दिल्ली सरकार ने चिकित्सा शिक्षा की क्षमता बढ़ाने के लिए चरणबद्ध विस्तार योजना के तहत अपने संस्थानों में स्नातक स्तर की 300 मेडिकल सीटें, 103 स्नातकोत्तर और ‘डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (डीएनबी)’ सीटें तथा पांच फेलोशिप सीटें जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और दंत चिकित्सकों की कमी को दूर करना तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यबल को मजबूत करना है।
प्रस्तावित विस्तार के तहत द्वारका में निर्माणाधीन इंदिरा गांधी अस्पताल और गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल से संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में 150-150 एमबीबीएस सीटें शुरू करने की योजना है। सरकार ने डॉ. बी. एस. आंबेडकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 125 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, मौलाना आजाद दंत चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एमएआईडीएस) में बीडीएस सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 70 करने का प्रस्ताव है।
मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) में स्नातकोत्तर सीटों की संख्या 260 से बढ़ाकर 295 करने का प्रस्ताव है, जबकि एमएआईडीएस में पीजी सीटें 22 से बढ़ाकर 42 करने की योजना है। इसके अलावा, बाबा साहेब आंबेडकर (बीएसए) मेडिकल कॉलेज में 24 सीटों वाला पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का भी प्रस्ताव है। प्रस्तावित 103 अतिरिक्त पीजी और डीएनबी सीटों में बीएसए मेडिकल कॉलेज में 24 एमडी/एमएस सीटें, एमएएमसी में 35 एमडी/एमएस सीटें और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में 18 डीएनबी सीटें शामिल हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








.jpg)