स्पेन के खिलाफ कोई टीम गोल नहीं कर सकी:क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से मुकाबला; फुटबॉल वर्ल्ड कप में तीसरी बार आमने-सामने
FIFA वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में स्पेन का मुकाबला बेल्जियम से होगा। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी हैं। स्पेन के खिलाफ कोई टीम एक गोल भी नहीं कर सकी है। मुकाबला लॉस एंजिल्स स्टेडियम में आज रात 12:30 बजे से खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने होंगी। स्पेन के 18 साल के लामिन यमाल पर नजरें होंगी। वे टूर्नामेंट में 1 गोल कर चुके हैं। मैच 98- स्पेन और बेल्जियम की वर्ल्ड कप में तीसरी भिड़ंत स्पेन और बेल्जियम के बीच 22 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पेन का पलड़ा भारी रहा है। स्पेन ने 12 मैचों में जीतें हैं, जबकि बेल्जियम को 5 में जीत मिली है। वहीं 5 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। FIFA वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले 1986 के वर्ल्ड कप में बेल्जियम ने पेनाल्टी में स्पेन को 5-4 से हराया था। वहीं 1990 में स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। स्पेन ने 4 मुकाबले जीते स्पेन ने 5 मैचों में 4 जीत दर्ज की है। 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। ग्रुप स्टेज में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया। वहीं काबो वर्डे से मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ 32 में टीम का सामना ऑस्ट्रिया से हुआ। इसमें टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की। फिर राउंड ऑफ 16 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची। बेल्जियम भी अब तक कोई मैच नहीं हारी बेल्जियमभी इस वर्ल्ड कप में अब तक कोई मैच नहीं हारी है। टीम ने 5 मैचों में 3 जीत और 2 ड्रॉ दर्ज किए हैं। ग्रुप स्टेज में टीम ने न्यूजीलैंड को 5-1 से हराया। वहीं ईरान से 0-0 और मिस्र से 1-1 से ड्रॉ खेला। राउंड ऑफ 32 में बेल्जियम का सामना सेनेगल से हुआ। इसमें टीम ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके बाद राउंड ऑफ 16 में मेजबान अमेरिका को 4-1 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। यमाल का अटैक Vs बेल्जियम का मिडफील्ड स्पेन की टीम युवा स्टार विंगर लामिन यमाल से आक्रामक खेल चाहेगी। उनपर बेल्जियम के डिफेंस को तोड़ने की जिम्मेदारी होगी। वे टूर्नामेंट में अब तक उम्मीद जितना परफॉर्मेंस नहीं दे पाए हैं। दूसरी ओर बेल्जियम स्टार मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन और स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू के दम पर स्पेन के खिलाफ गोल का चांस बनाएगी। हालांकि मैच में स्पेन का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11: स्पेन: डेविड राया, डैनी कार्वहाल, रॉबिन ले नॉर्मैंड, अयामेरिक लापोर्टे, मार्क कुकुरेला, रोड्रि, फैबियन रुइज, पेड्रि, लामिन यमाल, अल्वैरो मोराटा, निको विलियम्स। बेल्जियम: कास्टील्स, फाएश, वर्तोंघेन, थीएट, कास्टाग्ने, ओनाना, मोंगाला, डोकू, डी ब्रुइन, ट्रोसार्ड, लुकाकू।
लॉर्ड्स पर 142 साल में पहला महिला टेस्ट:भारत-इंग्लैंड के बीच आज से मुकाबला; 31 साल से इंग्लिश टीम भारत को नहीं हरा पाई
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स पर पहली बार महिला टेस्ट खेला जाएगा। 21-23 जुलाई 1884 को यहां पहला मेंस टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इसके 142 साल बाद अब इस मैदान पर महिला टेस्ट मैच होगा, जिसमें भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह महिला क्रिकेट इतिहास का 153वां टेस्ट मैच होगा। इंग्लैंड महिला टीम ने 1937 से अब तक देश के 19 मैदानों पर 55 टेस्ट खेले हैं। लॉर्ड्स इस सूची में शामिल होने वाला 20वां मैदान बन जाएगा। भारत 1995 के बाद से इंग्लैंड के खिलाफ कोई टेस्ट नहीं हारी है। इंग्लैंड की धरती पर खेले गए 9 टेस्ट में भी भारत को हार नहीं मिली है। मुकाबला भारतीय समय के हिसाब से दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। महिला टेस्ट चार दिन का होता है और हर दिन कम से कम 100 ओवर फेंके जाते हैं। भारत का पलड़ा भारी भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 15 महिला टेस्ट खेले गए हैं। इनमें भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 1 मैच जीता है, जबकि 11 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। दोनों टीमों के बीच पिछला टेस्ट दिसंबर 2023 में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया था। तब भारत ने इंग्लैंड को 347 रन से हराया था। इंग्लैंड में दोनों टीमें आखिरी बार जून 2021 में ब्रिस्टल में भिड़ी थीं। वह मुकाबला ड्रॉ रहा था। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले चार टेस्ट में तीन जीते हैं। हरलीन, श्री चरणी और नंदनी पहली बार टेस्ट टीम में भारत ने हरलीन देओल, स्पिनर श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया है। हालांकि ओपनर प्रतिका रावल घुटने की चोट के कारण यह मुकाबला नहीं खेल पाएंगी। मंधाना और स्नेह राणा पर रहेंगी नजरें स्मृति मंधाना भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी उम्मीद होंगी। उन्होंने 8 टेस्ट में 48.84 की औसत से 635 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में स्नेह राणा टीम की सबसे अनुभवी स्पिनर हैं। उन्होंने 5 टेस्ट में 24 विकेट लिए हैं। टैमी ब्यूमोंट खेलेंगी करियर का आखिरी टेस्ट लॉर्ड्स टेस्ट टैमी ब्यूमोंट के करियर का आखिरी मुकाबला होगा। उन्होंने इस मैच के बाद 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने का फैसला किया है। ब्यूमोंट इंग्लैंड की इकलौती महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया है। ब्यूमोंट ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 208 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अब तक 11 टेस्ट की 18 पारियों में 34.00 की औसत से 612 रन बनाए हैं। इंग्लैंड ने भी कई नए चेहरों को मौका दिया इंग्लैंड ने एलिस कैप्सी, विकेटकीपर एली थ्रेलकेल्ड, ग्रेस पॉट्स, मैडी विलियर्स और 18 साल की स्पिनर टिली कॉर्टिन-कोलमैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया है। ऑफ स्पिनर चार्ली डीन को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। हीथर नाइट इंग्लैंड की सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में हैं। उन्होंने 14 टेस्ट में 42.17 की औसत से 970 रन बनाए हैं। वहीं बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन 9 टेस्ट में 40 विकेट लेकर टीम की सबसे सफल गेंदबाज हैं। लॉर्ड्स में 150 पुरुष टेस्ट हो चुके लॉर्ड्स में अब तक 150 पुरुष टेस्ट खेले जा चुके हैं। इंग्लैंड में सबसे ज्यादा 9 महिला टेस्ट वॉर्सेस्टर के न्यू रोड मैदान पर हुए हैं। द ओवल में 6, जबकि टॉन्टन और स्कारबोरो में 5-5 महिला टेस्ट खेले गए हैं। 2023 में टेस्ट कराने का फैसला लिया गया लॉर्ड्स में महिला टेस्ट कराने का फैसला 2023 की एक रिपोर्ट के बाद लिया गया। जून 2023 में इंडिपेंडेंट कमीशन फॉर इक्विटी इन क्रिकेट (ICEC) ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि लॉर्ड्स पर कभी महिला टेस्ट नहीं होना लैंगिक असमानता को दर्शाता है। रिपोर्ट में इसे बेहद खराब स्थिति बताया गया था। 1976 में खेला गया था पहला महिला वनडे लॉर्ड्स में पहला महिला वनडे 4 अगस्त 1976 को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इंग्लैंड ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीता था। उस समय टीम की कप्तान रेचल हेहो फ्लिंट थीं। उनके सम्मान में लॉर्ड्स के एक गेट का नाम रखा गया है। उस दौर में महिला क्रिकेटर स्कर्ट पहनकर खेलती थीं। उस मैच में इंग्लैंड की खिलाड़ी मेगन लियर ने बाद में कहा था कि लॉर्ड्स की घास पर कदम रखना महिला क्रिकेटरों के लिए चांद पर उतरने जैसा अनुभव था। दोनों टीमें भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, सायली सतघारे, प्रिया पुनिया। इंग्लैंड: नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट, सोफी एक्लेस्टोन, एमी जोन्स (विकेटकीपर), लॉरेन बेल, माइया बुशियर, एम्मा लैम्ब, एलिस कैप्सी, ग्रेस पॉट्स, लॉरेन फिलर, एली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, टिली कॉर्टिन-कोलमैन, इसी वोंग।